Pages

Wednesday, 26 August 2015

HIBERNATION



Review- हाइबरनेशन (2015)
62 Pages/209 Panels (Avg. 3 ½ Panels per page).
Genre-Action, Sci-Fi,Suspence-Thriller  
Main character(s)-  इंस्पेक्टर स्टील,श्वेता,अनीस,नताशा,रोबो,ध्रुव,ब्लैक कैट!

Short Synopsis-

राजनगर रक्षक का आनंद ले चुके पाठको को अब उसका दूसरा भाग हाइबरनेशन मिल गया है! "राजनगर रक्षक" एक ऐसी कहानी थी जिसमे क्या हो रहा है..कौन क्या कर रहा है..इसका अंदाजा लगना नामुमकिन हो गया था! इसलिए हमें उम्मीद थी कि शायद दूसरे भाग में कम से कम हाइबरनेशन के बारे में लेखिका कुछ अहम् खुलासे कर सकती हैं! (आखिर नाम हाइबरनेशन जो रखा हुआ है!) परन्तु इस भाग में भी कहानी ज्यादा कुछ खुलती प्रतीत नहीं होती है! यानी हम पाठको से यही कह सकते हैं कि भाइयों अभी दिल्ली दूर है!
अगला पड़ाव राजनगर रीबूट नाम से आने वाला है...और हमारी यही उम्मीद है कि उसके बाद भी पार्ट्स हो सकते हैं! मतलब कहानी अभी काफी सफ़र तय करने वाली है...जो अगले साल के उत्तरार्ध तक चलने की पूरी सम्भावना है!

अब तक 120 पेज की कहानी हो चुकी है! और इतने पेजों में मुख्य बातें जो खुली हैं वो इस प्रकार हैं-
@राजनगर तबाह होकर हाइबरनेशन बन गया है! (क्यूँ,कैसें,कब,कहाँ जैसे सवाल अनुत्तरित ही हैं!)
@स्टील हीरो से विलेन बन गया है और ध्रुव उसके चंगुल में आ गया है!
@रोबो और दूसरे विलेन अपनी-अपनी महत्वकांशाओ में डूबे हुए हैं!
बाकी जो बातें हैं..वो साइड-स्टोरी की तरह चल रही हैं! उनमे कुछ खोला या जोड़ा नहीं जा रहा!
कहानी वहीँ से शुरू होती है जहाँ रुकी थी...मैकेनिक और स्टील के बीच द्वन्द पूरा होता है! फिर ध्रुव और श्वेता पर एक हमला...फिर कहानी कुछ नए और काफी सारे पुराने अलग-अलग किस्सों को दिखाते हुए आगे बढती जाती है...कभी आप Past में होते हैं कभी Present में...एक-एक बात को तो यहाँ पर नहीं बताया जा सकता...मोटे तौर पर यह कह सकते हैं कि कहानी का सारा सस्पेंस “अमर जवान ज्योति” की तरह शान से धधक रहा है!

किरदारों पर नज़र-

ध्रुव- हाइबरनेशन में ध्रुव का रोल बहुत कम है...10-12 पेजों में वो नज़र आता है! यहाँ भी वो एक्शन और confusion से भरा हुआ दिख रहा है!
अनीस रजा- अनीस का रोल अहम् है..लेकिन उतना ही है जितना कहानी में जरूरतों को पूरा कर सके! मैकेनिक को हराने के अलावा वो फिलहाल अपहृत हो चुका है!
श्वेता/चंडिका- श्वेता का रोल अनीस रजा के बराबर ही है...बाकी अंत में चंडिका के रूप में थोड़ी कूदफांद कर लेती है!
रोबो- कुर्सी पर बैठे रोबो का रोल इतना है कि वो इशारों में बता जाते हैं कि भाइयों मुझसे लेखको को अति प्रेम है..मेरे बिना कोई कहानी बन ही नहीं सकती! बोलो जय माता दी! मतलब आपको पिछली कई सीरीज की तरह से इस सीरीज में भी रोबो को देखना ही पड़ेगा!
नताशा- लेखिका ने गदगद कर दिया हमें...जब हम नताशा को इस कॉमिक्स में देखते हैं! शानदार और जबरदस्त रोल है नताशा का! मैं तेरी दुश्मन..दुश्मन तू मेरा..मैं नागिन तू सपेरा! हम आगे भी नताशा को ऐसे ही देखने के बड़े उत्सुक हैं! (y)
सलमा खान- सलमा का रोल फिलहाल मुहं दिखाई तक ही रहा है...ज्यादा नहीं है..पर उसको वापस देखना अच्छा लगता है!
स्टील- हाइबरनेशन पूरी तरह से स्टील के कंधो पर टिकी हुई है...और हमें लगता है कि उसके कंधे काफी मजबूत हैं..जो इस कहानी को उठा सकने में सक्षम हैं! स्टील एक्शन,इमोशन,नेगेटिव,पॉजिटिव, फ़र्ज़ की मशीन,कानून का दुश्मन हर तरह के सतरंगी रंग दिखा रहा है! उसको देखना अद्भुत लग रहा है!

कहानी के मजबूत पक्ष-

शुरुआत के 35 पेज भूल जाइए....36 नंबर के पेज से कहानी असल मुद्दे पर वापस आती है... वही से कहानी को मजबूती मिलनी शुरू होती है! इंस्पेक्टर स्टील यहाँ पर 2 शख्सियत से जूझ रहा है! कभी वो शांत नज़र आता है..कभी उग्र हो जाता है! यहाँ पर रोबो और वंडर वुमन के बीच अच्छे पन्ने हैं..और अंत में octopussy vs Steel के बीच जो दिखाया जाता है..वो शानदार मनोरंजन करता है! यह सिर्फ स्टील के fans को महसूस होने वाली बातें हैं! जो पाठक स्टील को नहीं जानते उनके बारे में हम यही कहेंगे कि स्टील को भी जानने की कोशिश करें..तभी इस कहानी का आनंद मिल पायेगा!
हाइबरनेशन में वो सब है जो राजनगर रक्षक में नहीं था...साथ ही इसमें वो सब नहीं भी है..जो राजनगर रक्षक में था! जैसे वो परग्रही एलियन इस भाग में गायब है! ऐसे में कहा जा सकता है कि आगे का इंतज़ार करने के लिए कहानी का एक विस्तृत आधार बन चुका है!

कॉमिक्स क्यूँ पढ़ें-
1-स्टील और मैकेनिक सालों बाद नज़र आते हैं...हाँ उनके बीच की लड़ाई वैसी नहीं हो पाई जैसी उम्मीद करी जाती है..पर ठीक ठाक थी!
2- श्वेता का ध्रुव से बहस करना और उसके लिए अपना प्रेम दिखाना द्रवित कर देता है! भाई-बहन के बीच ऐसे पल आते रहने चाहिए जहाँ वो अपने दिल की बातें जुबान पर ले आते हैं!
3- लेखिका बधाई की पात्र हैं कि उन्होंने पाठकों को नताशा और ध्रुव के बीच जो असल सच्चाई है..उसको दिखाने का साहस किया है! अनुपम जी ऐसी बातों को हमेशा टालते रहे हैं..लेकिन नए लेखक इसपर विचार देते जा रहे हैं! पेज-21 इस कॉमिक्स में एक नगीने की तरह चमक लाया है! जिससे कई अपराधी प्रवृति के व्यक्तियों के समर्थक पाठको को निराशा होने वाली है!
4- पेज-26 से लेकर 33 तक काफी अच्छे और उत्साहित करने वाले पन्ने हैं...नताशा को एक बार फिर से उसके असली रूप से लेखिका ने परिचित करवाया है! जो उसकी पहचान और किस्मत है! इन पन्नो से अति आनंद मिलता है!
1-     पेज 36-41 पहली बार स्टील के अन्दर छुपे जज्बातों को बाहर लाने का काम करते हैं! ऐसी नयी बातें दिखाई जाती रहे तो कहानी अच्छी लगती है!
2-     अंत के पन्ने एक्शन और इमोशन के बीच लिखे गए हैं! इसलिए उनका काफी महत्व रहता है!

तो आपके पास यह 7 वजहें हैं जो हाइबरनेशन को अच्छा बनाती हैं!

कहानी के कमजोर पक्ष-

कहानी वैसे उस स्टेज में नहीं है कि बहुत ज्यादा तार्किक और अतार्किक देखा जा सके! कुछ छोटी बातें जरूर नज़र आती हैं..जिन्हें दूर किया जाता तो कहानी बेहतर हो जाती! यह 2 भाग का आधार 120 पन्नो की जगह कुछ कांट-छांट करके कम भी किया जा सकता था...यहाँ पर एडिटिंग का पक्ष कॉमिक्स की एक बड़ी टेक्निकल रूप से कमजोर कड़ी है!

1-     पेज 3 पर मैकेनिक स्टील के ऊपर कुछ डिवाइस फेंकता है..जिनको स्टील अपने शरीर में प्रवाहित होते 440V के करंट से नष्ट कर देता है...लेकिन तुरंत ही मैकेनिक अपना दूसरा Accelerator Device उसी 440V current के होते हुए स्टील के बाजू पर चिपका देता है..जिसको स्टील हटा नहीं पाता!
यहाँ पर 2 बातें आती हैं- पहली - Accelerator Device करंट द्वारा नष्ट हो जाना चाहिए था क्यूंकि मैकेनिक को पहले से नहीं पता था कि स्टील की बॉडी में ऐसा 440V का कोई फंक्शन है..जिसको ध्यान में रखकर वो अपने device को इतना हाई वोल्टेज झेलने लायक बनाकर आता!
पर चलिए हो सकता है संयोग से उसका Device करंट झेल गया...लेकिन जो Accelerator Device निर्जीव ट्रक और कार को अनियंत्रित कर देता है..क्यूंकि इन सबके अन्दर मैकेनिकल/इलेक्टिकल पॉवर होती हैं....वही चीज़ स्टील के सभी अंगों को कैसे अनियंत्रित कर गई...जबकि स्टील का हर बॉडी पार्ट कंप्यूटराइज्ड है..उसमे दिमाग द्वारा कमांड्स और इंस्ट्रक्शन देने पर ही वो चलते हैं! कुछ ही देर बाद अनीस रजा स्टील के ऊपर ड्रोन द्वारा ड्रिलिंग करके उसके कंप्यूटराइज्ड सिस्टम को रिबूट कर देता है! अगर आप यह दिखाते कि किसी नए Device के कारण स्टील का दिमाग अनियंत्रित हो गया..जिसकी वज़ह से उसके हाथ-पैरों पर से कण्ट्रोल हट गया..वो ज्यादा सहमती लायक होता..बजाय यह दिखाने के कि दिमाग नियंत्रित है...लेकिन शरीर नहीं! अनीस रजा ने जहाँ तक हमारी जानकारी है....स्टील को इस तरह से बनाया था कि अमर का दिमाग स्टील का हर बॉडी पार्ट को कण्ट्रोल करता है! राजनगर रक्षक में भी आपने दिखाया था कि स्टील अपना एक हाथ शरीर से अलग करके गुंडों पर गोलीबारी करता है! यानी कमांड देना दिमाग से जुडी चीज़ है! अगर मैकेनिक एक डिवाइस से स्टील के पूरे शरीर को नचा सकता तो यह काम वो पहले सदियों पहले कर चुका होता या तब जब उसको स्टील के अन्दर के पूरे कंप्यूटराइज्ड सिस्टम के कोड्स का पता होता जो नामुमकिन है!
एक्शन सीन में जीत-हार दिखाने वाले पहलु पर थोडा और अधिक ध्यान दें!

2-     यह पॉइंट सुशांत जी के लिए है! पेज 5 पर रजनी मेहरा को अत्यधिक दुबली-पतली बनाया गया है! यह कहानी क्यूंकि 5 साल आगे की है..इसलिए रजनी मेहरा बालचरित से भी ज्यादा बुढिया हो जायेंगी..पर आप उन्हें बढती उम्र के साथ जवान करते जा रहे हैं! कृपया उन्हें उसी तरह बनाएं..जैसी अनुपम जी ने उन्हें बनाया है! चेहरे पर झुर्रियां और बालों में कुछ सफेदी दिखने से रजनी मेहरा आपके ऊपर केस नहीं ठोक देंगी!

3-     पेज 6 पर कमिश्नर राजन मेहरा जो पुलिस के उच्च अधिकारी है...उनके घर में मेटालिका द्वारा भयंकर उत्पात,तोड़-फोड़ करने के बाद भी वहां पुलिस का एक हवलदार तक नहीं दिखाया गया...यह तो बहुत ही संगीन त्रुटी है! बालचरित में जहाँ अनुपम जी दिखाते हैं कि कमिश्नर राजन मेहरा का करोडो का बंगला किसी अभेद्य दुर्ग जैसा है...5 साल आगे की कहानी में आप दिखाते हैं कि नहीं...वो बंगला तो सुनसान जगह पर मौजूद है...विलेन आराम से घुस जाता है! आधे घंटे लड़ाई चलती है..पर बाहरी दुनिया से कोई तांकझाक प्रेमी  पडोसी तक अपना सुपर हीरो जिंदा है कि लुढ़क गया..देखने तक नहीं आता! अब इसको क्या कहें?

4-     बहुत दुखद था यह देखना कि Women Empowerment के नाम पर आपने महान खलनायक फरसा को नताशा जैसी एक लड़की के हाथो सिर्फ 3-4 लातें खाकर बेहोश दिखा दिया! लातें तो उसको स्टील ने भी किसी ज़माने में 50 भारी-भरकम मारी थी..मगर वो तब तो बेहोश नहीं हुआ? हमें यह बात समझ नहीं आती कि 2 लोगों के लड़ने के बीच हार-जीत आप किस तरह से दिखाना चाहते हैं! इसी पेज पर हैमर भी आता है..और अपने बड़े हथौड़े से नताशा की पीठ पर इतना जोरदार वार करता है कि उसकी पीठ की पसलियाँ और रीढ़ की हड्डी में दरार आ जानी चाहिए थी...मगर वो लगभग तुरंत ही अपने पैरो पर खड़ी दिखाई दे जाती है!
मतलब ???
फरसा इतना कमजोर है कि नताशा के 4 वार में ज़मीन सूंघ जाए और नताशा इतनी हट्टी-कट्टी है कि हैमर को झेल जाए!
आपको यह बात सोचनी चाहिए कि आपके दिखाए जा रहे एक्शन सीन बहुत ज्यादा कमजोर हैं और इन बातों पर ध्यान देना लेखिका के साथ संपादको का भी दायित्व है!

5-     पेज 57 में आपने एक बड़ी गलत चीज़ दिखाई है कि ब्लैक कैट को टॉप मोस्ट क्रिमिनल्स में से एक बताया है! अब आप अनुपम सिन्हा जी की कॉमिक्स के तथ्य बदलना शुरू कर रहे हैं! “हत्यारा कौन” कॉमिक्स के अन्दर साफ़-साफ़ बताया गया है कि अपने पुराने गुनाहों के लिए ब्लैक कैट को जेल भेजा जा चुका था...और उसके बाद वो सर्कस कॉमिक्स में वापस आकर एक नई जिंदगी शुरू कर चुकी है! आपने इस कॉमिक्स में भी साफ़-साफ़ बताया है कि सभी ड्रोन अगर  क्रिमिनल पर अटैक करते हैं...वो उसके DNA को मैच करते हैं...ऐसे में अगर ब्लैक कैट का DNA उनके पास है..तो वो आसानी से उसके तार ऋचा से जोड़ सकते हैं! यानी ऋचा की identity को खतरा उत्पन्न हो जाता है! कुल मिलाकर आपने अपनी ही बातों को काट दिया है...अगर आप यह दिखा रहा हैं कि ब्लैक कैट क्रिमिनल है..तो आपको यह दिखाना चाहिए कि ऋचा का ब्लैक कैट वाला राज़ भी सबके ऊपर खुला हुआ है! असल में आपने ब्लैक कैट को क्रिमिनल लिस्ट में बताकर ही गलती कर दी है! इसको अगर हो सके तो किसी तरह अगले भागो में सुधारने की कोशिश करें! कोई ऐसा justification देकर जो अनुपम जी की कॉमिक्स से मिलता हुआ लगे! अपनी theories को पुरानी कहानियों पर मत लादिये!

संवाद-

कॉमिक्स डायलॉग्स के मामले में बहुत उन्नत है! भर-भर के पेनल्स में संवाद डाले गए हैं...पढने में मज़ा आ जाता है जब इतना सारा material मिलता है! स्टील के लड़ाई वाले भागों में कुछ भारी-भरकम एक्शन दृश्य लिखे गए हैं...लेकिन बाकी कहानी सपाट और संतुलित नज़र आती है! संवादों की कुशलता इस कॉमिक्स का एक उल्लेखनीय पहलु है!

कॉमिक्स का एक अन्य कमजोर पक्ष भी है तो वो इसका आर्टवर्क है! राजनगर रक्षक में जहाँ सुशांत जी का अकेला चित्रांकन था...इसमें रवि आनंद के अलावा कई inkers को जोड़ा गया है..परिणाम यह निकला कि कुछ पन्ने अच्छे बन गए...और ज्यादातर पन्ने औसत से भी निम्न दर्जे के नज़र आते हैं!
पेज 1-4 ठीक ठाक!
पेज 5-8 अति निम्न!
पेज 9-13 औसत!
पेज 14-30 अति निम्न!
पेज 31 ठीक ठाक!
पेज 32-34 औसत!
पेज 35-41 ठीक ठाक!
पेज 42-46 अति निम्न!
पेज 47-53 ठीक ठाक!
पेज 54-62 अति निम्न!

हमें नहीं पता कि कौन से पेज में किस इंकर ने अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरा है! सिर्फ विनोद कुमार जी की इंकिंग हम पहचान सकते हैं...और ठीक ठाक लगने वाला आर्टवर्क उन्ही में है! बाकी inkers को तो बहुत ज्यादा मेहनत करने की जरूरत है...क्यूंकि अगर सुपर कमांडो ध्रुव की सीरीज में इतना खराब आर्टवर्क वो बना रहे हैं..तो हम यही कहेंगे कि राज कॉमिक्स में काम का स्तर दिनों दिन गिरता जा रहा है!
रंग संयोजन का पक्ष भी औसत दर्जे का है! कोई कमाल का इफ़ेक्ट या रंगों रोंगन नज़र नहीं आता...जिसको यहाँ लिखा जा सके!

हाइबरनेशन निसंदेह इस सेट की सबसे अग्रणी कॉमिक्स है! लेकिन इसमें भी पूर्ण मनोरंजन मिल नहीं पाता! कहानी में सबकुछ अबूझ पहेली बना हुआ है..और आर्टवर्क माशाअल्लाह है! हमारा यही कहना है कि सीरीज का एक पार्ट होने के अलावा फिलहाल यह ज्यादा प्रासंगिक नहीं दिखती! बेशक आपको यह लेनी चाहिए क्यूंकि स्टील की कॉमिक्स सालों में एक बार नसीब होती है! बाकी बातें अगले भाग में!


Ratings :
Story...★★★★★★☆☆☆☆
Art......★★★★☆☆☆☆☆☆
Entertainment……★★★★★☆☆☆☆☆

#SushantPanda,#Nitinmishra,#Hibernation,#Rajcomics,#scd,#InsSteel,#Stutimishra



PARKAALO KI DHARTI


Review- परकालों की धरती (2015)
25 Pages/65 Panels (Approx. 2 ½ Panels per page).
Genre-Sci-Fi,Action-Adventure
Main character(s)- ध्रुव,परमाणु.भेड़िया,शक्ति,डोगा,इंस्पेक्टर स्टील!

Short Synopsis-
आखिरी सीरीज का दूसरा भाग आपके हाथो में है! कहानी का सार यह है कि किसी अज्ञात घटना की वज़ह से पूरे ब्रह्माण्ड के हर ग्रह से प्राणियों का ट्रान्सफर यहाँ से वहां हो रहा है! अब हमारे जो सुपर हीरो कहीं और पहुँच गए हैं..वो वहां के एलियंस से लड़ रहे हैं और जो एलियंस धरती पर आ गए हैं..उनसे पिछले भाग में ध्रुव और परमाणु लड़ चुके ही हैं! इतनी सी काम की बात अब तक दिखाई गई है! बाकी सिर्फ एक्शन चल रहा है!
कहानी की रफ़्तार बहुत सुस्त है...पहला पेज पूर्वसार लिखने के लिए अर्पित किया गया है! दूसरे पेज से 9वे पेज तक भेड़िया-शक्ति कहीं किसी ग्रह पर एक्शन में लिप्त हैं! उसके बाद परमाणु-ध्रुव यहीं एक्शन से त्रस्त हैं! और अंत के 4 पन्नो में डोगा-स्टील एक्शन में व्यस्त हैं! कहानी में सभी हीरो कहीं न कहीं अस्त-व्यस्त हैं!
1-    आपने अगर पहले कभी भेड़िया को गदा घुमाते ना देखा हो!
2-    अगर आपने पहले कभी परमाणु को उल्कायें गिरने से रोकते ना देखा हो!
3-    आपने पहले स्टील और डोगा को गोलीबारी करते ना देखा हो!
तो यह कॉमिक्स आपके लिए ही बनाई गई है!

कहानी कैसी है?
इसमें कोई कहानी है भी फिलहाल अभी नज़र नहीं आ रहा! अगर एक्शन सीन को कहानी कहते हैं तो हाँ इसमें बहुत सारी कहानी है! एक्शन में कहानी खोजना अभी मुमकिन नहीं दिख रहा! तो लेखक जब कहानी के दर्शन करवाएंगे तो कुछ कहना ठीक होगा! तब तक शुद्ध हिंसा का आनंद प्राप्त करें और दूसरो को भी दें!

हिंसा से अलग वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर एक  अद्भुत नज़ारा इस कॉमिक्स में दिखाया गया है! परमाणु जिसकी सभी शक्तियां amplify हो चुकी हैं! (कितनी?.. यह मत पूछना)  वो उल्काओं को लेकर सूर्य के पास पहुंचकर भी वापस धरती पर बिना तंदूरी चिकन बने लौट आता है....लेकिन बेचारा सिर्फ बेहोश हुआ है! अद्भुत पराक्रम था यह! हमने यही पढ़ा था कि उसकी एस्बेस्टस की पोशाक आम हालातों में लगने वाली आग से उसका बचाव कर सकती है...लेकिन लेखक ने यहाँ एक तरफ लिखा है कि परमाणु को 100 सूर्य के बराबर गर्मी लग रही थी..लेकिन दूसरी तरफ उसकी पोशाक उसको बचाए हुई भी है! अब हम यह प्रश्न करेंगे कि AMPLIFY तो सिर्फ उसकी परमाणु शक्तियां हुई हैं....लेकिन एस्बेस्टस की पोशाक तो उसकी परमाणु शक्ति के अंडर नहीं आती...तो क्या उसकी पोशाक भी 100 सूर्यों की गर्मी झेलने लायक हो गई है? वो पोशाक उसकी आँखें,नाक और मुहं की आम खाल की रक्षा नहीं कर सकती थी...पर उसका तो लगता है एक रोयां तक नहीं उखड़ा! लेखक की कल्पना रुपी कलम से हुई विज्ञान के कागज़ की इस हत्या को सलाम!

आर्टवर्क-

धीरज जी ने जैसा आर्ट पिछले भाग में दिया था..वही यहाँ भी जारी है! फर्क सिर्फ इतना है कि यहाँ उनका पसंदीदा हीरो भेड़िया दिखाया गया है इसलिए उसके जो शुरू के 8 पेज हैं...वो अच्छे बने हैं! अच्छे से मतलब बहुत अच्छे भी नहीं लेकिन पुराने भेड़िया जैसे बना दिए हैं! इंकिंग नहीं है इसलिए परफेक्ट नहीं हैं! कवर बहुत शानदार बना है! उसपर कलरिंग अच्छी है! भेड़िया का एंट्री वाला फुल पेज बढ़िया है! शक्ति जब Backpose में एंट्री करती है...वो पेज भी अच्छा है! पेज 10 से वापस परमाणु-ध्रुव आ जाते हैं तो काम ढुलक जाता है! मतलब आप परमाणु की पीली ड्रेस पर देखिये...कितने काले रंग से पेंसिल मार्क्स मारे गए हैं..कि लगता है कि ड्रेस ही चिर्र्र्रर्र्र होकर कटी-फटी है! चलिए भेड़िया तो आधा नंगा घूमता है...और बालों से उसपर फर्क नहीं पड़ता..लेकिन ध्रुव और परमाणु पर ऐसे स्ट्रोक्स बहुत बुरे लगते हैं! अंत में पेज 22-25 के 4 पेज में डोगा(जिसको धीरज जी ने कभी अच्छा नहीं बनाया) और स्टील के चेहरे दिखाकर कहानी अल्पविराम हो जाती है! भक्त रंजन जी ने थोड़ी कोशिश करी है..रंगों से आर्ट में जान डालने की...खासकर सूर्य और उल्काओं वाले सीन! ओवरआल आर्टवर्क एवरेज है!

एक चीज़ और कि इस बार कॉमिक्स में पेनल संख्या और कम हो गई है...पिछले भाग में जहाँ 87 पेनल थे..इस भाग में सिर्फ 65 रह गए हैं! 25 में से 4 फुल पेज और कई 2 पेनल पेज इसका कारण रहे हैं! कुल मिलाकर एक छोटी कहानी जो पढने में 12-15 मिनट लेती है!

टिप्पणी- अब आपके पास इस कहानी के 50 पन्ने हो चुके हैं! कहानी में अभी प्रस्तावना ही चल रही है! इधर के इंसान दूसरे ग्रहों पर और वहां के एलियन धरती पर आ गए हैं! इतनी सी बात बताने के लिए 2 जनरल कॉमिक्स निकाल दी गई! अब वक़्त है कि लेखक कहानी को रफ़्तार दें! आगे के 25 पन्नो का इंतज़ार करिए जिसमे डोगा और स्टील मारधाड़ करते दिखेंगे!

Ratings :
Story...★★★☆☆☆☆☆☆☆
Art......★★★★★☆☆☆☆☆
Entertainment……★★★★☆☆☆☆☆☆

#Dheerajverma,#Nitinmishra,#Parkalokidharti,#Rajcomics,#scd,#parmanu,#Doga,
#Steel,#Shakti


DOGA BEKABU






Review- डोगा बेकाबू (2015)
25 Pages/94 Panels (Approx. 4 Panels per page).
Genre-Drama,Action
Main character(s)- डोगा/सूरज,मोनिका/लोमड़ी,युसूफ खान,निर्मूलक!

Short Synopsis -

डोगा निर्मूलक के पिछले भाग से यह 25 पेज का दूसरा भाग आगे बढ़ता है! यहाँ मुख्य बातें कहानी में सिर्फ 3 हैं-
1- पिया बसंती हो चली लोमड़ी का बेकाबू हो जाना!
2- डोगा का बेकाबू होकर कत्लेमान मचाना!
3- युसूफ और निर्मूलक के बीच डोगा की मौत की डील होना!

इस बार कहानी को पढने में आपको 15 मिनट लगेंगे! वज़ह है कि पिछले भाग की तुलना में कहानी में कुछ अधिक डायलॉग नज़र आते हैं!
कहानी का पहला सिंगल पेज पिछले भाग की कहानी को याद दिलाने में शहीद हो जाता है! वैसे उसपर डोगा का आर्ट बढ़िया है..जो कम से कम इस भाग की कहानी में आगे नज़र नहीं आता! पुलिस ने डोगा को घेर रखा है....यदि यह पेज ना भी होता तो कहानी की सेहत पर फर्क नहीं पड़ता!
बेकाबू लोमड़ी को दिए गए शुरू के 7 पन्ने हमारी नज़र में सिर्फ दिलदीप जी का लोमड़ी पर बनाया गया सुंदर आर्ट देखने के लिए आप पढ़ सकते हैं! उनमे ऐसा कुछ ख़ास नहीं हुआ जो पहले देखा ना गया हो!
कहानी का मुख्य हिस्सा बीच के पेज 8-17 तक का है...जहाँ डोगा की ड्रेस पहने एक शख्सियत दिखाई गई है! क्यूंकि 200 लोग एक साथ मारे जाते हैं इसलिए हमें इस भाग पर टिप्पणी करने की जरूरत नहीं लगती! वहां क्या हुआ है यह समझने के लिए पाठक खुद काबिल हैं!

पेज 18-23 के 5 पन्ने सूरज-मोनिका को समर्पित हैं! लेखकों ने यहाँ पर एक काम बहुत अच्छा किया कि पिछले भाग वाले जन्मदिन वाली Old is Gold वाली बात को जगह देकर कम से कम उसका एक घूमता-फिरता सा जवाब दे दिया! संतुष्टि की जहाँ तक बात है वो तो मोनिका को भी नहीं हुई! लेकिन कम से कम यह बात दब जरूर गई! लेखक इस त्वरित कार्यवाही के लिए बधाई के हकदार हैं!

संवाद- डायलॉग्स सीधे और सरल हैं...डोगा को बोलने का जितना मौका मिलता है वो अपने असली वाले अंदाज़ से अलग नज़र आता है! युसूफ साहब का दिमाग क्यूंकि इस वक़्त एक तरफ ढुलक चुका है इसलिए वो आगे भी जिस अंदाज़ में दिखेंगे..पूर्वानुमान लग जाता है! निर्मूलक साधारण रहा है! बची मोनिका..जो शेरनी की तरह सूरज को रगड़ रही है! पढ़कर मज़ा आता है!

आर्टवर्क-

असल में जब 50 पन्ने आ जाने के बाद भी कहानी कुछ नज़र ना आये तो आपको अपना गम गलत करने के लिए आर्टिस्ट के कंधो का सहारा ही बचता है कि चलो दिमाग ना सही आँखों को ही थोडा सुकून मिल जाए..वही बड़ी बात होगी! तो यहाँ हम दिलदीप जी और विनोद जी की जोड़ी के काम को लेखन से ज्यादा बेहतर आंकते हैं!
पहला पेज उम्दा है...लेकिन जब आप आगे बढ़ेंगे और लोमड़ी के पेजों में छोटे पैनल का काम देखंगे तो वो average लगेगा...इसके उलट बड़े पेनल्स में बहुत अच्छा आर्टवर्क मिलेगा! इस द्विस्तरीय काम की वज़ह हमें नज़र नहीं आती! खैर जब पार्टी वाले पेज शुरू होते हैं..वहां से काम निखर जाता है! डोगा का खिड़की से एंट्री सीन जबरदस्त बनाया गया है! अंत में मोनिका पर तो सूरज के साथ पाठको का भी दिल आ जाए ऐसे पूरी कोशिश आर्टिस्ट की लग रही है! अंत के 2 पन्ने डायलॉग्स के मामले में कंगाल लेकिन आर्टवर्क में मालामाल हैं! आर्टवर्क कुल मिलाकर बढ़िया हुआ है! यहाँ पर हम शादाब जी के रंग संयोजन को भी आर्टवर्क की बेहतरी में जोड़ेंगे...जिन्होंने काफी चमकदार और हार्ड कलर्स का इस्तेमाल किया है! आपको कई पन्नो पर खिड़की से छनकर आती रौशनी पीछे की दीवारों पर देखने को मिलेगी..जो आर्ट में रियलिटी इफ़ेक्ट लाती है!

टिप्पणी-
क्यूंकि आप डोगा निर्मूलक श्रृंखला पढना शुरू कर चुके हैं..इसलिए आपको यह भाग भी लेना पड़ेगा! इसलिए जरूर खरीदें! कहानी अभी भी कुछ ख़ास आगे नहीं बढ़ पाई है...जो आगे कब तक रफ़्तार पकड़ पाएगी..फिलहाल कहना मुमकिन नहीं है! आर्ट काफी अच्छा है! तो अभी आप इस कॉमिक्स का आनंद लीजिये और “डोगा न्याय” की प्रतीक्षा करें!

Ratings :
Story...★★★★☆☆☆☆☆☆
Art......★★★★★★★★☆☆
Entertainment……★★★★★★☆☆☆☆

‪#‎Rajcomics‬,‪#‎Doga‬,‪#‎Sudeepmenon‬,‪#‎mandaargangele‬,‪#‎Dogabekabu‬,‪#‎dds‬

KSHATIPOORTI



Review- क्षतिपूर्ति (2015)
Containing Spoilers (जिनको रिव्यु देखना नहीं पसंद हैं..वो कृपया अपना समय इसको पढ़कर नष्ट ना करें!)
90 Pages/303  Panels (Avg.  3 ½ Panels per page).
Genre-Journey-Drama,Action
Main character(s)- मसाया,नागदंत,थोडांगा,विसर्पी,शांगो!

Short Synopsis -

लेखक द्वारा क्षतिपूर्ति की शुरुआत करी गई है पिछले साल 16 दिसंबर 2014 को पाकिस्तान के पेशावर में हुए असल आतंकवादी हमले से ली हुई प्रेरणा से! इस प्रेरणा के फलस्वरूप नागू को नागराज के रूप में दिखाया जाता है! यहाँ पर नागू के साथ लेखक द्वारा बड़ा ही भयानक मजाक कर दिया जाता है! जिसमे उसकी महाशक्तियों की प्रतीक मणि को एक अदना सा आतंकी हाथ से उखाड़ लेता है! लेखक द्वारा इस घनघोर बेईज्ज़ती से सदमे में आये नागू की जान जाते जाते बचती है! थोड़े मेलोड्रामा के बाद सब मान जाते हैं कि वीरगति में नागराज को मारना गलत था! अब आतंकवाद  के खिलाफ जंग के झंडाबरदार होंगे नागराज के शरीर में रहने वाले भांति-भांति के सांप!

Chapter 00 : The Quest begins (अर्थात खोज की शुरुआत)
एक किशोर किसी अनजान आवाज़ के दिशा-निर्देशों से एक यात्रा पर चल पड़ा है..पहला पड़ाव कोलकाता से शुरू होता है!

Chapter 01 : The Celebration
जापान में मिस किलर,नागमणि और एक नए विलेन सुप्रीम हेड को दिखाया जाता है! नागराज की मौत का जश्न मनाये जाने की खबर आती है! पेज 20 तक यह पता चल जाता है कि दुनिया भर में आतंकी संगठन दोबारा सिर उठा रहे हैं...और इन्हें रोकने की मुहीम बड़े देशों द्वारा करी जा रही है!
आगे की कहानी में....मसाया बग़दाद में नागदंत से द्वन्द जीत कर तंजानिया में थोडांगा के पास पहुँच चुका है! वही अमेरिका में एक आतंकी हमले को दिखाकर कहानी अल्पविराम ले चुकी है!

किरदारों पर नज़र-

मसाया- एक 15 साल का किशोर जिसका चेहरा नागराज के समान है...कान में कुंडल हैं..गले में नागनाथ-नागानंद भी हैं....शर्ट-पैंट पहने हुए कोलकाता डॉक्स से पानी के यात्री जहाज़ पर चढ़ता है! कहानी में इसको मसाया नाम दिया गया है! पूरी कहानी में यही छाया हुआ है!

नागदंत- नए रूप में वापसी हुई है..नागदंत की! यहाँ पर उसको “फिर आया नागदंत” कॉमिक्स के बाद पहली बार दिखाया जा रहा है! उसके पास कई नई शक्तियां भी आ गई हैं! जिसके कारण अब वो पहले से ज्यादा खतरनाक बन चुका है!

थोडांगा- इसका रोल थोडा हंसी मजाक वाला दिखाया गया है..जो धरती पर डेढ शताब्दी का मेहमान रह गया है! जानवार मारते और उनका भक्षण करने के सीन हंसी ले आते हैं! बाकी आगे के भाग में दिखाया जाएगा!

नागू,सौडांगी और शीतनागकुमार के रोल शुरुआत में छोटे से हैं...बाकी कुछ नए-पुराने चेहरे नज़र आते हैं जो कभी नागराज की पुरानी कहानियों से लिए गए हैं! उनका रोल भी आये-गए वाला है! उम्मीद है आगे शायद बढ़ोतरी हो जाए!

कॉमिक्स के मजबूत पक्ष-

वीरगति से जुड़े होने के कारण हमें उम्मीद थी कि कहानी शायद वहीँ से शुरू हो..जहाँ रुकी थी...यानी नागराज की जलती हुई चिता...पर कहानी उस घटना से कई महीने आगे बढ़कर शुरू हुई है! ऐसे में मुख्य सस्पेंस सीरीज के अंत तक रहने वाला है!

1- इस कॉमिक्स में शुरू के 12 पन्ने अच्छे हैं.. जिनमे लेखक ने कुछ रुलाने लायक संवाद लिखे हैं! नागराज की आतंक हर्ता सीरीज में एक साथ इतने बच्चे मारे जाना पहले कभी नहीं हुआ..इसलिए यह एक नया और अलग अनुभव था! जो दिमाग को सन्न कर गया! यह बात भी बिल्कुल ठीक है कि वहां पर लेखक झकझोर कर रख देते हैं!
2- बीच में नागदंत और मसाया का एक्शन पैक्ड द्वन्द बढ़िया है!
3- कालदूत के आने से पहले विसर्पी और नागराज के बीच के पन्ने अच्छे हैं!
4- थोडांगा गुदगुदाता हुआ बढ़िया लगा!
5- आर्टवर्क का front work ठीक ठाक है! एक्शन दृश्य अच्छे बने हैं! चेहरे विभिन्नताओं के साथ भाव प्रदर्शन भी कर रहे हैं! 

कॉमिक्स के कमजोर पक्ष-

1-    पेज-21 पर बताया जाता है कि जिस जहाज़ पर मसाया चढ़ा है..वो अरब सागर में है! PRESENT TIME ही चल रहा है! यानी जिस वक़्त मसाया चढ़ा उसके कुछ समय बाद का ही सीन है! यहीं से कहानी की मटकाती,इठलाती चाल पर लेखक पहली चुटकी काट लेते हैं...जहाज़ चला था कोलकाता से...और कोलकाता भारत के पूर्वी हिस्से पर है... इस प्रकार कोलकाता से चलने वाला किसी  भी जहाज़ को बंगाल की खाड़ी से लेकर हिन्द महासागर को पार करने के लिए पूरे तमिलनाडु  तक का चक्कर काटना पड़ेगा...जो की उल्टा और लम्बा पड़ता है! इसलिए अगर किसी को West Asia की तरफ जाना होगा..तो वो पानी का जहाज़ मुंबई,गोवा,केरल या गुजरात से पकड़ेगा! यानी कि मसाया के दिमाग में आती आवाज़ उसको अरब सागर की तरफ जाने को कहेगी तो वो भारत के पूर्वी हिस्से से नहीं बल्कि पश्चिमी हिस्से से जहाज़ पकड़ेगा! यह एक बहुत बड़ी गलती है! जब हमने इसको देखा तो सोच में पड़ गए कि लेखक ने आखिर कोलकाता को जहाज़ की शुरुआत के लिए क्यूँ चुना... इसकी वज़ह थी पेज 13-14 पर दिखाए गए दृश्य..कोलकाता वामपंथ विचारधारा का गढ़ है....लेकिन कहानी में कोलकाता में अतिवादियों द्वारा seculars(गंगा-जमुनी सभ्यता) की नरम सोच पर कुछ आपत्तिजनक संवाद दिखाए गए हैं (पाकिस्तान और गाजा पट्टी)! ऐसे संवाद वो गुजरात या महाराष्ट्र में कहानी को रखकर नहीं दिखा सकते थे! क्यूंकि वहां पर जो विचारधारा चलती है...उसका लेखक की सोच के साथ जुड़ाव नहीं हो पाता! ऐसे में उन्होंने कोलकाता वासियों पर निशाना लगाया है! वैसे वहां पर मसाया ने जो कुछ कहा...हमें काफी अच्छा लगा..लेकिन आपने इस सफ़र की शुरुआत के लिए कोलकाता का गलत चुनाव किया है...कुल-मिलाकर लेखक व्यक्तिगत सोच को कहानी पर हावी कर गए! खैर मुख्य बात यह है कि इसकी वज़ह से कहानी का जो भूगोल बदल गया है....उसकी क्षतिपूर्ति अब संभव नहीं हो सकती!

2-    कोलकाता से किसी भी साधारण पानी के जहाज़ को अरब सागर के बीच में अगर जाना भी हो...तो उसमे 7 दिन लगते हैं...और 2500 किलोमीटर से भी लम्बी दूरी तय करनी होती है! लेकिन इस तथ्य की पूरी तरह से अनदेखी करते हुए...कहानी में 7 दिनों वाली बात को गायब करके यह दिखाया गया है कि इधर जहाज़ चला और उधर अरब सागर में जा पहुंचा! ना तो मसाया ने 7 दिन तक कपड़े बदले..ना उस जहाज़ पर कोई हलचल-चहल पहल दिखाई गई...ना वो जहाज़ किसी बीच के पोर्ट पर रुका! यह वही बात हो गई जैसे इधर टाइटैनिक की यात्रा शुरू हो..और 5 मिनट बाद उससे iceberg टकरा जाए! फिर बीच में लियोनार्डो और केट विंसलेट के रोमांस की क्या जरूरत?? लेखक  को यहाँ पर मौका मिला था कि वो कुछ अपने पास से नया लिखकर इन 7 दिनों को यादगार बना देते..लेकिन वो इतनी जल्दबाजी में हैं कि पानी के जहाज़ को राकेट की स्पीड से तैरते हुए दिखा चुके हैं! ऐसी भी क्या जल्दी सर...वैसे भी कौन सा आपको छोटी कहानियां लिखने की आदत है!

3-    पेज 24 पर एक संवाद आता है कि खूबसूरत औरतों और बच्चो को गुलाम बना लो...लेकिन आर्टवर्क में उस जगह पर ना कोई औरत थी और ना बच्चा! उसके आगे के सभी पन्नो में भी कहीं कुछ मौजूद नहीं था... बैकग्राउंड में यह तक नहीं लग रहा था कि वो सब शिप के ऊपर लड़ रहे हैं...यानी कि कहानी और आर्ट का तालमेल गड़बड़ा गया! अगर महिलाएं और बच्चे ऊपर मौजूद ही नहीं थे..तो कोई ऐसा कहेगा क्यूँ? अरे आप भीड़-भाड दिखाते...बच्चे और औरतें भागते हुए नज़र आयें...पर हेमंत जी तो इस बार कसम खाकर काम कर रहे हैं कि जितना हो सकेगा पीछे खड़े लोगों को बनायेंगे ही नहीं!

4-    पेज 30 पर कुछ बच्चे दिखाए जाते हैं जो कि खुद को यजीदी समुदाय का बताते हैं! अब यहाँ पर लेखक कृपया यह बताएं कि जो दस्यु जहाज़ नार्दांग अरब सागर में लेकर घूम रहा था ...उसपर यजीदी समुदाय के बच्चे कौन से राहत शिविरों से उन्होंने बैठा दिए थे??....जहाज़ कोलकाता से चला था...उसपर भारतीय बच्चे थे....जिनका अपहरण करके दस्यु जहाज़ पर बंदी बनाया गया...लेकिन यजीदी समुदाय इराक और सीरिया में अल्पसंख्यक है..वहीँ उनको बर्बाद किया जा रहा है! क्या आपका कहना यह है कि नार्दांग ने बच्चो को इराक के ही आस-पास के कैंपो के राहत शिविरों से उठाया था..फिर उनको कई देशो में घुमाने के बाद वापस इराक में बेचने ले जा रहा था? आप अगर यजीदी समुदाय के बच्चे ना भी लिखते तो क्या कहानी में कुछ फर्क आ जाता...लेकिन आपने लिखा और उसमे तथ्यों को भुला दिया!

5-    आगे पढने से पहले दोस्तों आपके हाथो में विश्व मानचित्र होना चाहिए! अब उसमे उस हिस्से को देखिये जहाँ भारत के अरब सागर से लेकर इराक को दिखाया गया है! लेखक पेज 31 पैनल 4 और 32 के Panel 1 में दिखाते हैं कि नार्दांग का पानी का जहाज़ “बग़दाद बन्दरगाह” में उतर चुका है! उससे बच्चे उतारे गए और नार्दांग के रथ में जोत दिए गए! पहली बात यह कि बग़दाद में कोई समुद्र ही नहीं है...तो बंदरगाह कहाँ से आएगा?? आपकी जानकारी के लिए ....बग़दाद tigris नदी के किनारे पर बसा हुआ शहर है!
वैसे पूरा इराक एक ऐसा देश है...जो चारो तरफ से ज़मीन से घिरा हुआ है...उसका 99% हिस्सा जमीन है..और सिर्फ 1% हिस्सा समुद्र से लगा हुआ है और वहां से भी पानी के ऐसे कार्गो जहाज़ बग़दाद तक नहीं जाते! बग़दाद इराक के बीच में है....जो मुख्यतः रेतीला इलाका है...tigris नदी वहां जरूर बहती है...लेकिन उसके 1000 मिलीमीटर लम्बे बहाव में पानी के जहाज़ नहीं चलते..क्यूंकि इतनी बड़ी नदी की चौड़ाई और गहराई ऐसी नहीं होती कि हर जगह समान हो! हमें आश्चर्य है लेखक बग़दाद को समुद्र किनारे का शहर बताकर उसमें पानी के जहाज़ चला रहे हैं? हमें एक बार लगा कि शायद एक बार गलती से वो नदी की जगह mistake कर गए हो...मगर पेज 48 में उन्होंने दिखा दिया कि नागदंत विस्फोट से उड़ता हुआ...”समुद्र” में जा गिरा..लेखक साहब किंचित ही आप महान हो...RC की शान हो.... कि आपने बग़दाद में समुद्र खोदकर दिखा दिया! वो भी छोटा सा नहीं.....पानी के जहाज़ चलने लायक समुद्र!
लेखक को इससे पहले कई कहानियों में विज्ञान,इतिहास का मखौल उड़ाते देखा गया था...इस बार उन्होंने विषय बदल लिया और भूगोल के साथ 2 बार चमत्कार कर डाला! आप अपने नन्हे पाठको को क्या यही ज्ञान देंगे? जो बच्चे इस कॉमिक्स को पढेंगे वो अपने स्कूल में यही बताएँगे कि इराक में ऐसा-ऐसा होता है...उन्हें उनके अध्यापक जो पिटाई लगायेंगे....उसका दोष आपके सिर पर है! एक वक़्त था जब कॉमिक्स से बच्चे मनोरंजन के साथ ज्ञान भी पाते थे...आज के समय में मनोरंजन तो वैसे भी लुप्त होता जा रहा है..और ज्ञान लेने लायक कॉमिक्स बची नहीं..हाँ अगर पाठकों को अपना और अपनी संतानों का ज्ञान बिगाड़ना हो तो ऐसे chapters जरूर पढ़ें!

6-    पेज 45 पर देव कालजयी का जिक्र हुआ है...जहाँ तक हमारी जानकारी है...नागराज की आतंकहर्ता सीरीज में अब तक नागराज का origin नहीं दिखाया गया है...ऐसे में देव कालजयी क्यूंकि विश्वरक्षक और नरक नाशक दोनों ही सीरीज में नागराज के आराध्य बनाये जा चुके हैं तो आप उन्हें इसमें भी आराध्य दिखाएँगे?? हमें एक बात समझ नहीं आती कि आप इस आयामों के चक्कर में देवताओं के साथ क्यूँ मजाक कर रहे हैं...देवता भी क्या हर आयाम में अलग-अलग हो जाते हैं? कल को आप दिखायेंगे कि हर आयाम में भगवान् भी अलग-अलग हैं...A,B,C,D तरह के भगवान्! इस चीज़ को रोकिये! आपको इंसानों को 10 आयामों में अलग-अलग दिखाना है..तो जरूर दिखायें! ईश्वरीय बातों के साथ गैर जरूरी छेड़छाड़ बंद करें! देव कालजयी वाली चीज़ अनुपम जी ने विश्व रक्षक नागराज के लिए बनाई थी..आप विसर्पी की शादी के बाद से कहानी दिखा रहे हैं..तो नया origin लिखिए...एक ओरिजिन आपने NNN में वैसे भी Copy/Paste किया हुआ है! उसी को दोबारा उठाकर मत रखिये!

बग़दाद वाला पूरा चैप्टर क्यूंकि खजूर के पेड़ के पत्तो की तरह चिरा हुआ है...इसलिए आगे बढ़ते हैं-

Chapter 2 Wild Instinct
7-    इस भाग में Nitro force नामक टीम को दिखाया जाता है जो आतंकी कैंपो में घुसपैठ करके उसको बर्बाद कर रहे हैं! ठीक ठाक है यह! एक्शन और कुछ उच्च कोटि की डायलॉग्स का मिश्रण इसमें दिखता है! वैसे संजय गुप्ता जी ने एक बार कहा था कि वो कोशिश करेंगे कि आतंक हर्ता नागराज की सीरीज में कम से कम जादू-टोना,तांत्रिक,मान्त्रिक, उल जलूल सुपर पावर्स वाले नौटंकी विलेन ना आयें...पर शायद उनकी इच्छा पर लेखक चलना नहीं चाहते! बगदादी नाम का आम इंसान भागता हुआ जाने कौन से लोक में पहुँच जाता है..जहाँ एक पेड़ का ठूंठ दिखाया जाता है..जिसके ऊपर कोई हरे बालों वाला Paradox नाम का parasite बैठा हुआ है...फूंक मारी...आदमी पगलेट नागमानव बन जाता है! बाल नोचने  का मन कर रहा है..शायद नागमणि से ज्यादा बड़ा वैज्ञानिक यही paradox है!

Years Ago Nagdweep
अगर तुम मिल जाओ...ज़माना छोड़ देंगे हम....नागराज और विसर्पी कुछ प्रेम रस से भरे संवादों से दिल गुदगुदा देते हैं! भूगोल के चमत्कार को झेलने के बाद कहानी में बस आनंद आने ही लगा था कि महात्मा कालदूत की एंट्री हो जाती है..और वो अपने युगों पुराने उबाऊ,घिसेपिटे,पकाऊ संवादों से बना बनाया समां बर्बाद कर डालते हैं!

8-    लेखक जरा आगे किसी महान रचना में यह बताने का कष्ट करेंगे कि उन्होंने जो 2 साल पहले World War कॉमिक्स के पेज 58 पर लिखा था कि कालदूत किसी घोर तपस्या में लीन हो गए हैं...आखिर उस तपस्या से किसी को क्या मिला..या किस लिए वो तपस्या हुई थी???? अब आपने कालदूत को एंट्री करवा दी यानी तपस्या पूरी हो गई...तो तपस्या से मिला फल कौन बताएगा? या सिर्फ वहां ऐसे ही संवाद लिख दिए थे..कि पढने वाले तो गधे हैं...2-3 साल बाद कहाँ याद रख पायेंगे..जो मन चाहे दिखाओ!
इस कॉमिक्स के पेज 70 पर आपने दोबारा दिखाया है कि कालदूत का एक नया वक़्त फिर से आ गया है...राजधर्म निभाने का! एक और नया शिगूफा! जब पाठक कहते हैं कि कालदूत अब हंसी का पात्र बनता जा रहा है तो पात्रो की बर्बादी की असल वज़ह ऐसा बादाम खाने योग्य लेखन ही है! कालदूत को इस तरह बिना मतलब बीच में ठूँसने से अच्छा था कि विसर्पी का सपना जारी रखा जाता!

African Rain Forest- Present Time
9-    पिछले चैप्टर में बग़दाद में यजीदी बच्चो को छोड़ने के बाद मसाया अपनी यात्रा शिप से करना नहीं चाहता...क्यूंकि उसपर भारतीय बच्चे थे.. इसलिए शिप भारत की तरफ भेजकर वो  एक समुद्र में कूदता है और बाहर आता है इस भाग में तंजानिया के घने जंगलों में! क्यूंकि लेखक दिखा चुके हैं कि बग़दाद में “समुद्र” मौजूद है..इसलिए हम समझ नहीं पाए कि मसाया कौन से समुद्र में कूदा था...वो जो लेखक ने अपनी कल्पनाओ से बनाया है..या वो जो असलियत में मौजूद है! चलिए यहाँ हम मान लेते हैं कि मसाया Persian Gulf में कूदा...तैरना चालू किया...कुवैती समुद्री सरहद के रडार सिस्टम पर लानत मारकर...तैरता रहा...बहरीन,क़तर,दोहा के समुद्रों पर भी “आकथू”...शारजाह और दुबई वाले भी उसकी जेब में...ओमान वालों की आँखें भी धृतराष्ट्र की वंशजों में से हैं...तैरना ज़ारी है...ओमान की खाड़ी भी पार कर डाली....तैरे जा रिया है....मस्कट वाले भी अल-हबीबी....भूख मसाया को लगती नहीं...पानी में मछलियाँ बहुत हैं....तैरते हुए ही चबा डाली....तैरना ज़ारी है...अगर वो किसी जहाज़ से जाता तो भी 8 दिन लग जाते...पर तैरने में तो महीनो बाद पहुँच ही गया है! अंततः  वो किसी तरह से हिन्द महासागर के दक्षिण-पश्चिम भाग से होता हुआ तंजानिया के किनारे पर पहुंचा..वहां से फेरी लेकर अन्दर घुस आया! वैसे ऐसे तटों पर Coast Guards और उनके रडार सिस्टम का पूरा इंतज़ाम होता है..जो किसी भी अवैध और अनजान व्यक्ति को रोक सकते हैं..पर क्यूंकि लेखक जरूरी homework करना पसंद नहीं करते..इसलिए हम मान लेते हैं कि एक याददाश्त भूला हुआ लड़का..मीलों समुद्र में तैरकर बिना थके किसी अनजान देश में बिना लड़ाई लड़े भी घुसपैठ कर सकता है! यह सारा अजूबा तब हो रहा है..जब विश्वभर में आतंकियों के सिर उठाने की वज़ह से सभी देश HIGH ALERT पर चल रहे हैं! अब यह नागराज तो है नहीं जिसके पास सभी तरह के Legal Documents मौजूद होंगे..कि सभी जगह से वो बिना किसी परेशानी के बचकर घूमता जा रहा है! पर आप यही दिखाएँगे कि जैसे नागराज collar ऊपर करके हर तरह के देश में आया-जाया करता था..मसाया का भी वही जलवा कायम है!
यहाँ पर एक गज़ब संयोग होता है जब कंटाली और मंटाली को दोबारा दिखाया जाता है! नागराज और बुगाकु कॉमिक्स के कई सारे पुराने पन्ने नए डायलॉग्स और नए आर्टवर्क के साथ दोबारा से पेश कर दिए गए हैं! इसको कहते हैं अपने ही हीरो से inspiration लेना...पाठक कहते थे ना कि अब कहानियों में पुरानी जैसा मज़ा नहीं मिल रहा...लीजिये आपको पुरानी कहानी ही वापस मिल गई! आनंद लें! आगे और मिलेगी!

10-  कमाल की खोज हुई है...थोडांगा 4 हज़ार साल का है और अब बस 150 साल ज़िन्दगी बची है! लेखक यह बताने का कष्ट करेंगे कि “थोडांगा की मौत” कॉमिक्स के बाद वो जिंदा कब और कैसे हुआ?? कृपया यहाँ पर विश्वरक्षक या थोडांगा का प्रेत कॉमिक्स में दिखाए जा चुके तर्क ना दें! कुछ तो अपने दिमाग से सोचकर नया लिखिए...अनुपम जी जो दिखा चुके..उसमे से कब तक बचा-खुचा परोसते रहेंगे? दूसरी चीज़ आर्टवर्क की मिस्टेक है कि जो थोडांगा दिखाया गया है..वो पूरी तरह से बिना किसी चीरे के निशान लिए बनाया है...जबकि नागराज के हाथो काटे जाने के बाद अगर वो जुड़ा भी है तो निशान तो मौजूद होता! जैसा पहले हमेशा हर कॉमिक्स में होता था! हेमंत जी द्वारा इस कॉमिक्स में detailing निराशाजनक है!

The Home Coming
11-  यह छोटा सा अंतिम भाग है..जिसमे अमेरिका में एक पत्रकार के दफ्तर पर आतंकी हमला हो जाता है! क्यूंकि यह अमेरिका है..इसलिए 5 मिनट में NYPD वाले मौके पर पहुँच जाते हैं...लेकिन उसी वक़्त तुरंत ही सौडांगी का घटनास्थल पर पहुँच जाना खटकता है! हमले के होने की जानकारी मिलने में और उसके बाद वहां पर आने में और ज्यादा समय नहीं लगना चाहिए था? आपने तुरंत ही उसको वहां दिखा दिया!

12-  Cover आर्ट बहुत आकर्षक है...Normal कॉमिक्स का भी और CE वाला तो अद्भुत है! लेकिन दोनों ही कवर का क्षतिपूर्ति के अन्दर के 90 पेज के साथ जो लिंक दिखना चाहिए था...वैसा उभर नहीं सका है!
पहला कवर जिसमे आपको नागराज किसी cliff के ऊपर खड़ा अपनी चिता से निकलकर नीचे जलते शहर को देख रहा है! अन्दर की कहानी में चिता,cliff यहाँ तक की खुद असली नागराज भी कहीं नज़र नहीं आ रहा! फिर कवर और कहानी के बीच क्या तालमेल बैठाया जाए! इस कहानी का कवर अगर कहानी के अनुरूप होता..जिसमे नागदंत और थोडांगा को पर्याप्त जगह दी जाती..तो शायद ज्यादा विशेष बात लगती!
दूसरा CE वाला कवर जिसमे नागराज और विसर्पी को दिखाया गया है...हमें कॉमिक प्रमोशन के समय लगता था कि कहानी के अन्दर प्रेम और रोमांस के काफी सारे पन्ने मौजूद होंगे...जिनमे विसर्पी का नागराज की मौत के बाद विछोह की ज्वाला में पर्याप्त भावनात्मक चित्रण किया जाएगा..जिससे पढने वाले उद्धेलित हो जायेंगे! मगर कहानी में सिर्फ 3 पन्ने(वो भी स्वप्न बताकर) जो दिखाए गये हैं..वो पाठको की भावनाओं पर पानी फेरने जैसा प्रतीत होता है!
दोनों कवर अन्दर की कहानी का पर्याप्त रूपरेखा प्रस्तुत करने में विफल साबित हुए हैं! 90 पेज में कहानी कुछ और है लेकिन मुख पृष्ठ कुछ और ही दर्शाता है!

आर्टवर्क-

हेमंत कुमार और ईश्वर आर्ट्स द्वारा बनाया गया चित्रांकन आप लोगों ने नरक नाशक सीरीज में देखा हुआ है...यहाँ सबकुछ वैसे का वैसा ही है....आज भी ना तो हेमंत जी को अलग-अलग तरह से लड़के-लड़कियों की शक्लें बदलने में कोई रूचि जागी है...और ना वो उस महारथ को हासिल कर पाएं हैं जहाँ किरदार को उसके कपड़ो से ना पहचानना पड़े! बैकग्राउंड वर्क बहुत बेकार है...या कहें बहुत कम है! अनगिनत पन्नो में बैकग्राउंड के सूनेपन को शादाब जी ने अपने इफेक्ट्स से ढकने की कोशिश करी हैं...खिड़की से आती सूरज की रौशनी..या कोई बहुत बड़ी चमक दिखाना! आखिर सूनी दीवारें कौन सी जगह होती हैं? नागू वाले शुरू के पन्ने गवाह हैं इस कमी के....पहला पेज ही गौर से देखिये एक ही कमरे में पहली दीवार नारंगी है...दूसरी दीवार हरे रंग से पुती है...और तीसरी दीवार पर लाल रंग किया गया है! क्या किसी के घर में एक कमरे की 4 दीवारें अलग-अलग रंगों से पोती जाती हैं?? हमारे यहाँ तो ऐसा नहीं होता...RC वालो के यहाँ होता होगा..तभी ऐसी कलाकारी दिखाई जा रही है! उसी कमरे में आगे के पन्नो में हर पैनल में रंग बदलते जाते हैं...यहाँ तक की एक ही फर्श पर भी कभी हरा, कभी पीला, कभी लाल रंग नज़र आता है! पेज-9 पर तो सभी दीवारें गुलाबी रंग में हो जाती हैं!
पेज 11 देखिये...नागू एक ही जगह खड़ा है..पर हर पैनल में उसके पीछे का रंग बदल जाता है! ऐसी दिमाग खराब कर देने वाली कलाकारी पूरी कॉमिक्स में भरी हुई है!
RC...क्या दिखा रहे हैं आप??? स्कूल का कमरा है कि डिस्कोथेक का स्टेज...हर पल रंग बदल रहे हैं!
शिप के ऊपर मसाया के एक्शन सीन के आगे पीछे के पन्ने देखिये...बग़दाद में लोग लड़ रहे हैं...किक और हाथ पैर चल रहे हैं..लेकिन पीछे कुछ नज़र नहीं आता...ना कोई मकान,ना झाड, ना ताड़! ऐसा कुछ पन्नो में होता तो हम संख्या बताते..लेकिन पूरी की पूरी कॉमिक्स में है..इसलिए आप लोगों को आसानी से नज़र आ जाएगा कि आर्टवर्क में हेमंत जी ने मेहनत करने में कोताही करी है! ना तो बग़दाद उभर कर नज़र आता है...ना सीरिया बॉर्डर! पैराडॉक्स वाले पन्ने देखने से तो लगता है...यह कहानी दूसरे लोक में पहुँच गई है! तंजानिया के जंगल वाले पन्ने अच्छे बने थे..उसमे बैकग्राउंड ठीक चल रहा था..लेकिन पेज 80 देखिये...दूसरे पैनल में मसाया के पीछे कई जंगली खड़े हैं...लेकिन 4th पैनल में उसी मसाया के पीछे बैंगनी रंग की दीवार दिखाई जाती है! मेहनत से भागना यही है!

हेमंत जी को इन कमियों को सुधारना चाहिए! वैसे अब हर कॉमिक्स के साथ उन्हें कहना कि सुधार करें,सुधार करें, फिजूल लगता है...उन्हें 7-8 साल हो चुके हैं कॉमिक्स बनाते और वो अच्छे से जानते हैं कि पाठक क्या चाहते हैं...लेकिन अगर वो इस जिद में हैं कि जैसा पहले बनाते आये हैं वही आगे भी देंगे तो suggestion देने का कोई मतलब नहीं बनता है! आर्टिस्ट के अन्दर खुद यह भूख होती है कि वो खुद को बेहतर करता जाए...अगर आर्टिस्ट खुद नहीं बेहतर होना चाहेगा तो किसी के कहने से वो बदलाव आ भी नहीं सकता!

निष्कर्ष-

RC अब कुल-मिलाकर क्षतिपूर्ति के हालात आपके सामने मौजूद हैं! यह नागराज की 200वी कॉमिक्स है... 200वी कॉमिक्स को पहले तो सिंगल पार्ट होना चाहिए था! या फिर अनुपम सिन्हा जी द्वारा बनाया जाना चाहिए था...लेकिन आपने जिन लेखक/आर्टिस्ट पर भरोसा दिखाया है..वो इस कॉमिक्स में दरक सा गया है! इतने तथ्यों को नज़र अंदाज़ करा जाना, देश दुनिया में होने वाली घटनाओं को ही कॉमिक्स की शक्ल में उतार देना...जो जगह बची..उसमे पुरानी कहानियों की धूल झाड़कर फिट कर देना...शायद लेखक की नियति बन चुकी है..लेकिन इसका हर्जाना पूरे नागराज पाठकों को उठाना पड़ रहा है! अब आप जानें कि नागराज की असल पहचान वापस लाना ज्यादा महत्वपूर्ण है या लेखकों की बार-बार होने वाली गलतियाँ नज़रंदाज़ करना!
वीरगति के बाद इससे उम्मीदें बढ़ गई थी..200वी कॉमिक्स के टैग ने उन उम्मीदों को और ऊपर पहुंचा दिया था! लेकिन क्षतिपूर्ति एक साधारण से भी निम्न दर्जे की कॉमिक्स साबित हुई है...इतनी कमजोर कहानी में ना कोई नई बात है,जिसपर वाह-वाह करी जा सके और ना आर्टवर्क में कोई प्रयोग देखने को मिलता है जिसके कसीदे पढ़े जाएँ! CE का कवर आकर्षक जरूर है..लेकिन सबके पास मौजूद नहीं होगा!

बाल-बच्चेदार पाठकों को हमारी यही सलाह है कि इस कॉमिक्स को किसी गुप्त जगह छुपा कर रख दें...गलती से किसी नन्हे मुन्ने ने इसको पढ़ लिया तो उसको भूगोल में अंक प्राप्त करने में मुश्किल आ जायेगी! बाकी जो पाठक कहते हैं कि कॉमिक्स दिमाग लगाकर नहीं पढनी चाहिए...वो इसको दिन में 10 बार पढ़िए...ऐसी जुम्बी कॉमिक्स बार-बार नहीं आती!

किसी को भी पूर्व में मिल रहे आनंदित पलों को अगर क्षति पहुंची हो तो यह मात्र संयोगवश हुआ है! नागराज के अगले बाज़ीगर मैं बाज़ीगर...’’मौत का बाज़ीगर” विशेषांक जो इस कहानी की अगली कड़ी है का जोरशोर से इंतज़ार करके राज कॉमिक्स को प्रोत्साहित करें! तब तक अगर आपको क्षतिपूर्ति में आनंद मिल सके तो  आज ही राज कॉमिक्स के ऑनलाइन स्टोर से अवश्य प्राप्त करे!

Ratings :
Story...★★★☆☆☆☆☆☆☆
Art......★★★★☆☆☆☆☆☆
Entertainment……★★★☆☆☆☆☆☆☆

#Hemantkumar,#Nitinmishra,#Kshatipoorti,#Rajcomics,#Nagraj