Pages

Showing posts with label Doga. Show all posts
Showing posts with label Doga. Show all posts

Thursday, 15 October 2015

SARVSANDHI

Review- सर्व संधि  (2015) छठा खंड/आठवा पड़ाव
91 Pages/281 Panels (Avg. 3 Panels per page)
Genre-Action-Adventure,comedy
Main character(s)- डोगा,योद्धा,युगम,भेड़ाक्ष,तुरीन,गगन,विनाशदूत,लोरी,कपाल कुण्डला,शुक्राचार्य!

Short Synopsis-

>प्रस्तावना- शक्ति परिक्षण (पेज 2-8)
इस भाग में देवासुर संग्राम शुरू होने से पहले ही खत्म हो जाता है!

>प्रथम अध्याय आरम्भ- भेड़ाक्ष का आगमन (पेज 9-18)
असम के जंगल में तुरीन और पार्टी के सामने भेड़ाक्ष-भाटिकी है! हल्की सी लड़ाई,जान-पहचान और फिर 2 नई टीम बनाकर अल्पविराम! 

>द्वितीय अध्याय आरम्भ- सर्वबल पराक्रमी (पेज 19-44)
इस भाग का मुख्य हिस्सा जिसमे डोगा और योद्धा की जंग शुरू होती है!

>तृतीय अध्याय आरम्भ- हरुनीति (भाग एक) (पेज 45-48)
असुरों और हरुओं के बीच गोलमेज़ बैठक होती है और दोनों ही पार्टियाँ ऊपर से गठबंधन करके अन्दर से एक दूसरे की पीठ में वक़्त आने पर छुरा मारने की खलनायकी करती हैं!

>तृतीय अध्याय आरम्भ- हरुनीति (भाग दो) (पेज 49-53)
महामानव-गलालागीचा-हरुओं वाला प्रसंग और थोडा आगे घिसट जाता है!

>चतुर्थ अध्याय आरम्भ- लघुघातियों का ग्रह  (पेज 54-63)
डोगा-योद्धा के मध्य एक और द्वन्द तक सीमित भाग!

>पंचम अध्याय आरम्भ- पाप क्षेत्र (पेज-64-72)
इरी की गुफा वाला हिस्सा आगे बढ़ता है..कहानी में पहले दिखे कुछ किरदार गायब करके  लोरी,कपाल कुंडला जोड़ दिए गए हैं! निशाचर की एंट्री हो गई है!

>षष्ठम अध्याय आरम्भ- शस्त्र शिरोमणि (पेज 73-87)
डोगा और योद्धा के मध्य पांच ने से तीसरा द्वन्द इस भाग में है! दोनों अब बेहोश हैं और इन्हें होश में लाने की दवाई लेने भेड़िया और अश्वराज को भेजा जा चुका है!

>परिशिष्ट अध्याय आरम्भ- अंतिम अवसर (पेज 88-91)
चंद्रमा की धरती पर ग्रहणों,गगन,विनाशदूत “मियां” के साथ आकाशगंगाओं के “खलीफा” एक नई फिल्म बना रहे हैं! पर ग्रहणों को यह मंजूर नहीं!

षष्ठम खंड समाप्त

Self-realization Points-
1- पाठकों को कॉमिक्स पर वार्तालाप करते रहना चाहिए..क्यूंकि ऐसे ही कुछ कमियां उजागर होती हैं..जिनका उत्तर आगे देना संभव भी हो जाता है! प्रश्न उठा था कि तिरंगा को कालमूर्तियाँ तुरंत ले गई..तिलिस्मदेव को तुरंत क्यूँ नहीं ले गई.. आदरणीय लेखक जी का ध्यान इसपर गया और इस भाग में तुरंत तिलिस्मदेव को भी  कालमूर्तियाँ पकड़ कर ले गई!

2- डोगा और योद्धा के मध्य पठारों वाली लड़ाई जबरदस्त है! डोगा की चीटिंग लात बढ़िया लगेगी! लड़ाई के दरमियाँ पठारों के टूटते टुकड़े और दोनों के हवा में उड़ते शरीर अच्छे लगते हैं! लेकिन हमें यही लगा कि यह लड़ाई neutral नहीं रही..क्यूंकि अंतिम पठार तोड़ने पर इसका निर्णय रखा गया..बजाय इसके कि कौन ज्यादा पठार तोड़ेगा...मान लीजिये कि पूरी लड़ाई के दौरान एक हीरो ने 100 में से 50 पठार तोड़े और दूसरे ने 49 तोड़े...तो अंत में अगर 49 वाला 50वा भी पठार तोड़ देता है..तो वो विजयी बन जाएगा! लेकिन यह विजय नहीं हुई! विजय तभी होती जब अंतिम पठार तोड़ने से पहले दोनों के मध्य एक बराबर संख्या रहे और टाइब्रेकर किया जाए! अभी कोई कहेगा कि योद्धा ने ज्यादा पठार तोड़े तो कोई कहेगा डोगा ने तोड़े..पर अंकतालिका ना होने की वज़ह से संदेह बना रहा! खैर!

3-हरुओं और दैत्यों के मध्य हुई संधि रोचक लग रही है! इसका परिणाम देखने लायक होगा!

4-चलिए यह पता चल गया कि महामानव जिस काल में मौजूद है..वो धरती का आरंभिक चरण है! वो कैद से रिहा कैसे हुआ यह दिखाया गया लेकिन उस ख़ास जगह कैसे पहुंचा यह नहीं दिखाया गया! यह 2 खंड आगे बताया जाएगा! 

5-लघु घातियों के साथ दोनों हीरो का द्वन्द वाला पूरा प्रसंग रोचक ढंग से लिखा गया है! यह वाला द्वन्द 100%  neutral तरह से पूरा हुआ है!

6-इरी की गुफा वाला अध्याय पढ़ते हुए हमें अजब गज़ब एहसास हुआ! पवन (परालौकिक विज्ञान नायकगण)..चलिए सर्वनायक विस्तार के लिए एक और ऐसा विषय मिल गया..जिसपर आराम से 5 कॉमिक्स और खींची जा सकती हैं!

7-पेज 75 पढ़कर बहुत आनंद आया ..जो कॉमेडी हुई है..वो समयानुकूल थी...यहाँ पर टपोरी संवाद अच्छे लगे..क्यूंकि वो थोपे नहीं गए हैं...ऐसे ही परमाणु का शक्ति पर तंज कसना भी बिल्कुल सही लगा! जो युद्ध हुआ वो बढ़िया लिखा गया है..पेज-77 मज़ेदार था! बस यह लगा कि लड़ाई थोड़ी छोटी थी...अगर थोड़ी और बढाकर डोगा से तलवार,भाले और योद्धा कई दूसरे बम,गन्स,मोर्टार और इस्तेमाल करता..तो अधिक आनदं आता...खैर कहानी को अल्पविराम दिया गया है!

8-अंतिम जो चंद्रमा पर ग्रहणों वाला भाग है..उसमे कहने लायक कुछ नहीं है..वो सिर्फ एक कदम और आगे बढ़ा है..ना पॉजिटिव है ना नेगेटिव!
.
जैसा कि हम हमेशा कहते हैं...जिन भाइयों को पॉजिटिव रिव्यु चाहिए..वो यहीं रुक जाएँ...आगे ना पढ़ें!
.
Logical Reasoning Points-

1-    हम इसको गलती नहीं कहेंगे...क्यूंकि गलती छोटी होती है!
प्रश्न- युगम क्या है? 
उत्तर - युगम एक काल्पनिक पात्र है जिसको हिन्दू माइथोलॉजी के लचीलेपन की आड़ लेकर इस सीरीज के लिए आदरणीय लेखक जी द्वारा मनोरंजन परोसने के उद्देश्य से गडा गया है! पुराणों में आदि-शक्ति माता अम्बिका और उनके बाद त्रिदेवों को ही सर्वशक्तिमान माना गया है और ब्रह्मा द्वारा रचित समस्त कालों के स्थायित्व पूर्ण संचालन तक ही आपका बनाया यह युगम सीमित रहना चाहिए था! इसको आपने कालों को खत्म करने की शक्ति दे दी..मान लिया! यह बात हमने इसलिए नहीं मानी थी कि यह बात सर्वनायक के आदरणीय लेखक जी ने लिखी थी...इसको मानने के पीछे यह तर्क था कि तीनों कालों को समाप्त कर भी दिया जाए तो क्यूंकि त्रिदेव और देवतागण मौजूद रहेंगे..इसलिए कालों को दोबारा से सृजित भी किया जा सकता है! लेकिन आदरणीय लेखक जी और राज कॉमिक्स द्वारा काल्पनिक पात्र “युगम” से देवताओं को ही ख़त्म कर देने लायक श्रेष्ठता दिखाना अनुचित है!
हिन्दू माइथोलॉजी में सृष्टिसंहारक शक्ति भगवान् शिव के पास है! क्या युगम कल को त्रिदेव को चुनौती दे देगा कि समय उसके नीचे हैं इसलिए वो सबसे ऊपर है?? यदि ब्रह्मा ने सबकुछ तय कर दिया है...विष्णु उसका पालन करवा रहे हैं..तो संहार के लिए शिवजी मौजूद हैं!...कहने का तात्पर्य यह है कि सृष्टि को चलाने के लिए सबके अपने-अपने विभाग हैं..और सबका काम बाँटा गया है! ब्रह्मा को अगर किसी पापी को मरवाना होगा..तो वो विष्णु या शिव से कहेंगे...खुद धनुष लेकर नहीं चल देंगे! देवताओं का जोर अगर किसी प्राणी पर नहीं चलता है..तो वो त्रिदेव के पास उपाय करने जाते हैं..कि नहीं जाते? पूरा काम एक नीति और नियम से होता है! तो अगर युगम को देवताओं को मारना ही है..तो वो अपने ऊपर मौजूद त्रिदेवों या फिर आदि-शक्ति माता अम्बिका से अनुरोध करेगा..ना कि खुद मैदान में कूद पड़ेगा! कई अज्ञानी अब भी कहेंगे कि आदि-शक्ति माता अम्बिका कौन हैं?... कॉमिक्स कलियुग देखो..कि नागराज और ध्रुव किसके सामने अंतिम पन्नों में खड़े सिर झुका रहे हैं! युगम यह कह रहा है कि तीनों युगों में जो अस्थिरता आई है..उसको सही करने का आदेश ऊपर वाले ने दिया है..और वो सिर्फ निमित्त मात्र है..जो इस काम को सही दिशा दे रहा है! ऐसे में देवताओं का सफाया करने का मतलब है...33 कोटि देवी-देवों का सफाया कर देना..जिसके बाद धरा पर पाप-पुण्य कुछ बचेगा ही नहीं...जब पाप-पुण्य ही नहीं बचेगा...तो यह युगम प्रतियोगिता पूरी करवाकर अंत  में कौन सा मनोरथ सिध्द कर लेगा...जिससे चाहे पूर्वकाल बचे या पश्चातकाल...देवताओं के बिना सृष्टि आगे बढ़ेगी ही नहीं....स्वर्ग की स्थापना के पीछे ब्रह्मा का उद्देश्य आदरणीय लेखक जी भूल गए???? अगर पाठको ने महारावण पढ़ी होगी...भोकाल के पास सारे देवताओं की शक्ति थी...लेकिन उसका सिर हमेशा देवताओं के सामने झुका रहा! क्यूंकि तब लेखक जानते थे कि भोकाल एक काल्पनिक पात्र है...जितना चाहे शक्तिशाली दिखाया जाए...रहेगा देवताओं से नीचे ही! मगर आजकल ठीक इसका उल्टा दिखाया जा रहा है कि काल्पनिक पात्र देवताओं को साफ़ करने की धमकी दे रहे हैं! सर्वसंधि का यह प्रथम प्रस्तावना भाग घोर निराशाजनक है! इसपर ज्यादा से ज्यादा जनता का ध्यान आकर्षित किया जाना चाहिए!
उपरोक्त बातें हमने हिन्दू माइथोलॉजी के अनुसार पाठको को इस बात के बारे में  बताया है! अब एक दूसरी तरह से आदरणीय लेखक जी के क्रियाकलाप पर सबकी दृष्टि डलवाते हैं! नारद मुनि पेज-6 पर युगम से कहते हैं कि क्या आप देवों और असुरों का अस्तित्व सच में मिटा देंगे? युगम बड़े आत्मविश्वास से कहता  है- “निसंदेह”
आदरणीय लेखक जी की काल्पनिक रचना श्रीमान युगम...कृपया यह बताने का कष्ट करेंगे कि जिन देवताओं को समुद्र मंथन के बाद भगवान् विष्णु ने मोहिनी रूप लेकर अमृत पिलाकर सदैव के लिए अमरता प्रदान करी हुई है...उनको आप कैसे मारेंगे??? तात्पर्य यह है कि युगम के प्रेम में आदरणीय लेखक जी यह भी भूल गए हैं कि देवता “अमर” हैं! आगे ऐसे ही पेज-84 पैनल 3 पर रावण की जगह मेघनाद का नाम होता!  अब आप खुद समझ सकते हैं कि आदरणीय लेखक जी कितनी मेहनत करके माइथोलॉजी का उपयोग..सॉरी “उपभोग” कर रहे हैं!

आम पाठको से हमारा कहना है कि आपके लिए कुछ दिन बाद दिवाली आने वाली है...इस तरह अपने आराध्यों का अपमान ना करिए कि अगले साल घर में सुख-समृद्ध  आने के लाले पड़ जाएँ! “संभलिये!” लेकिन इतना समझाने के बाद भी किसी को इस मुद्दे की गंभीरता समझ नहीं आई तो हम एक सुझाव देंगे...दीपावली की रात को जब आपके पिताजी कहें कि लक्ष्मी पूजन की व्यवस्था करो...तो वहां से सारे देवी-देवताओं की तस्वीर/मूर्तियाँ हटाकर आपके चहेते लेखक की सर्वसंधि रख देना...और युगम की पूजा शुरू कर देना....पिताजी पूछें तो कहना...कि पिताजी यह युगम तो इन छोटे-मोटे देवताओं से भी कहीं बड़ा शक्तिशाली है...असल पूजा के लायक यही है! उसके बाद आपके पिताजी की चप्पल के प्रसाद से बचकर अगले दिन आप किसी लायक रहे..तो कृपया यहाँ आकर हमें बताइयेगा! हम आपका अभिनन्दन जरूर करेंगे!

2-    हमने पहले भी कहा था कि इतनी बड़ी कहानी और एक अकेला लेखक बहुत नाइंसाफी है! आधी बातें याद, आधी भूल जाना चलता रहेगा! यह बातें हम 3 खंड पहले बताते...लेकिन सोचा लेखक को मौका दें कि शायद वो खुद इसका उत्तर दें...शुरू से बताते हैं!-
A-“धिक्कार” कॉमिक्स में एक रात भोकाल और तुरीन बैठे होते हैं! तुरीन ने लाल रंग की बहुत सुंदर सी ड्रेस पहनी हुई थी (पेज-10) वहीँ से वो गायब हो गई! उसके बाद शूतान,अतिक्रूर वगैरह अलग से गायब हुए (पेज-24)! यह लोग कहाँ और किसके द्वारा गायब हुए..यह बात तब से लेकर आज तक अनुत्तरित ही बनी हुई है! हमारी जानकारी में इस बीच यह लोग किसी कॉमिक्स में नज़र नहीं आये! (अगर ऐसा हो तो कोई याद दिलाकर हमें दुरुस्त करे)! खैर इसके बाद यह सभी लोग एक साथ सर्वयुगम में दिखाई दिए..जहाँ यह सब असम में पूर्वजों की धरती पर आये हैं! इनका उद्देश्य कुछ “शक्तिपुंज तिलिस्म” भेदना है! लेकिन सर्वसंधि के पेज-13 पर तुरीन की बात समझ नहीं आई कि उसको पता है कि “भोकाल और अन्य महानायक कहीं गायब हो चुके हैं!” और बाकी लोगों को भी पता है! हमारा सवाल यह है कि यह लोग तो खुद लापता थे..इन्हें कब पता चला कि भोकाल के साथ क्या हुआ? या बाकी महानायकों के साथ क्या हुआ...और यह नया “शक्तिपुंज तिलिस्म” खोजू प्रसंग कहाँ से जोड़ दिया गया है! वहीँ भेड़ाक्ष वाली बातें भी सिर के ऊपर से निकल गई!

B-सर्वयुगम में दिखाया गया था कि भेड़िया के साथ अतिक्रूर ने लड़ाई शुरू करी..और भेड़िया का साथ गरुडा दे रहा था! यानी तब तक भेड़िया सही सलामत था! लेकिन सर्वसंधि के पेज-14 पर अतिक्रूर अपनी धूर्तता से यह बोलता है कि उसके आते ही भेड़िया गायब हो गया और इसी वज़ह से गरुडा ने उनपर हमला शुरू कर दिया! अतिक्रूर-तुरीन-शूतान  अगर भेड़िया को खोजने वहां एमरजेंसी में आये थे तो बजाय लड़ाई शुरू करके समय बर्बाद करके के सीधे पूछ भी तो सकते थे कि भेड़िया भैया यहाँ कोबी कौन हैं? और तुरीन तो कोबी को पहचानती भी थी!

3- आपको याद होगा तो सर्वनायक प्रतियोगिता शुरू होने से पहले सर्वयुगम के पेज-76 पर सभी हीरोज़ के दिमाग में दूसरे हीरो की सारी जानकारी भरी गई थी! अगर डोगा को पहले से पता है कि योद्धा एक देवपुत्र है तो डोगा के अन्दर संस्कार होने चाहिए कि वो योद्धा को आदरपूर्वक संबोधित करे! लेखक महोदय से यही कहना है कि यह एक गंभीर वातावरण में युगों की बचाने की स्पर्धा चल रही है...इसमें मर्यादाविहीन संवादों से आप अगर कॉमेडी प्रभाव लाने की कोशिश कर रहे हैं तो आपकी सोच गलत दिशा में बढ़ रही है! डोगा और योद्धा के मध्य अगर आप “बेटा” शब्द हटा दीजिये..फिर संवाद पढ़िए..तो पढने में ज्यादा अच्छे लग रहे हैं! योद्धा डोगा के द्वारा बेटा कहे जाने के प्रतिउत्तर में श्वानमुख बोल रहा है... हमें नहीं लगता कि योद्धा जीवन में कभी अशिष्ट शब्द बोलेगा! अगर सामने डोगा है तो वो डोगा ही बोलेगा! जो बोलने में आसान भी है!
संवादों में एक और त्रुटी थी...जब डोगा और योद्धा के बीच तीसरी लड़ाई हो रही थी तब डोगा अचानक से शुद्ध हिंदी के शब्द बोलना शुरू कर देता है..जैसे- पेज-80 का आखिरी संवाद- प्रत्यंचा,प्रस्फुटित,पेज-82-परावर्तित! डोगा के लिए यही बहुत बड़ी बात है कि मुंबई में रहकर वो हिंदी बोल लेता है..लेकिन देवताओं वाली भाषा उसके सिर के ऊपर की बात है! अगर योद्धा और उसके बीच भाषा का फर्क बना रहेगा तो ज्यादा बेहतर लगेगा! लघु घातियों से जीतने के बाद अंतिम पैराग्राफ में योद्धा द्वारा नतमस्तक होकर अभिवादन का जो घटिया जवाब डोगा देता है...वो डोगा प्रेमियों को शर्मिंदा कर गया है! कभी बेटा,कभी पुत्तर...यह डोगा नहीं कह रहा था...लेखक की डोगा पर कमजोर पकड़ करवा रही है! लेखक डोगा को समझ ही नहीं पाए!

4- 5 राउंड वाली लड़ाई बोलने के बाद तिल्सिमदेव-शक्ति वाला युद्ध पूरा नहीं दिखाया गया...तिरंगा-शुक्राल वाला पूरा नहीं किया गया..और अब 3 राउंड्स पर डोगा-योद्धा को रोक दिया गया! क्या हम समझें कि जब दोनों में से किसी एक को ही होश आएगा..तो मतलब यह द्वन्द यहीं पर समाप्त हो चुका है...बाकी बचे 2 राउंड्स की उम्मीद ना रखें!

5- इसके अलावा एक और कमी सर्वयुगम से अब तक चली आ रही है....वो है 2 हीरोज़ जो पहले आपस में मिल चुके हैं..उनको इस सीरीज में लगभग एक दूसरे से अनजान दिखाना..पेज-37 पर परमाणु इस तरह से बात कर रहा है..जैसे उसको योद्धा की शक्तियों के बारे में जानकारी ही नहीं है...जबकि यह दोनों “टक्कर” में आ चुके हैं! ऐसा ही कुछ परमाणु-शक्ति के साथ वाली बातें तो पहले भी बताई जा चुकी हैं! कई दफा यह सभी इस मजबूरी में हो रही प्रतियोगिता को जीतने के नाम पर खलनायकों की तरह बर्ताव करने लगते हैं....जैसे खोज पर जाने से पहले भेड़िया और अश्वराज..के बीच वार्ता! इस पूरी सीरीज में जानबूझकर दूसरी,तीसरी कतार के सुपरहीरोज़ को दंभी,निर्लज्ज,संवेदनारहित दिखाया जा रहा है! इसके उलट ध्रुव,नागराज,भोकाल,गोजो जैसे अपने समय के हिट हीरो का व्यवहार ज्यादा संयमित है! एक नायक हर परिस्थिति में नायक ही होता है! चाहे जीत-हार का उत्साह ही रहे..लेकिन दोनों ही तरफ के हीरो यह जानते हैं कि जीत किसी एक की चाहे हो...दूसरे के पूरे काल को युगम साफ़ कर देने वाला है! इसलिए युग्म प्रतियोगिता को और ज्यादा गंभीर वातावरण में होना चाहिए! जहाँ सभी हीरो आपस में बात करते हुए ऐसे लगें कि वो प्रतियोगिता के साथ-साथ भविष्य के लिए भी आशावादी हैं! 

6-महामानव और गलालागीचा वाला प्रसंग सिर्फ एक सवाल का जवाब देता है..लेकिन कई नए सवाल फिर से बना देता है..जैसे वो कौन 3 लोग थे..जिनका जिक्र हुआ है! इसलिए बात वहीँ की वहीँ रुक गई!

7-लेखक इससे पहले सर्व मंथन के पेज 8-9 पर प्रोबोट से यह बुलवा चुके थे कि क्षुद्र ग्रहों से धरती का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है...और कुछ हिस्सा बच गया है! इसके अलावा क्षुद्र ग्रहों से धरती की गर्मी बढ़ रही थी...जिसका उपाय करने नेचर डॉटर को लाने की कोशिश हो रही है! यानी पिछले भाग तक कहीं भी पाप उर्जा का कथन कहानी में मौजूद नहीं था..जिसके लिए पवन का गठन हुआ था! और अब सर्व संधि के पेज 68 पैनल 2 में लिखा गया है कि क्षुद्र ग्रहों से धरती को कोई ख़ास नुकसान पहुंचा ही नहीं है! यहाँ तक कि उसमे से पहले तीव्र ऊष्मा निकल रही थी..अब वो पाप ऊर्जा बताई जा रही है! क्या ऐसा हो सकता है...कि नास्त्रेदमस जैसा वैज्ञानिक इसरिक के साथ टच में नहीं था? वो तो ध्रुव को पहले ही सब बता चुका था! तो लेखक के हिसाब से कहानी में सबसे बड़ा बेवकूफ कौन?
*पहले वो प्रोबोट और इसरिक के अनपढ़ वैज्ञानिक जो कहते हैं ऊपरी धरती तबाह हो गई!
*दूसरे वो पवन के अधनंगे रहने वाले तांत्रिक-मांत्रिक जो कहते हैं कि ऊपरी धरती बच गई!
*या तीसरे वो पाठक जो कहानी को 2 ½  साल से पढ़ रहे हैं!
यहाँ पर लेखक ने कहानी को U-turn दे दिया है! पहले जहाँ 5 अध्याय तक कहा जा रहा था कि धरती की ऊपरी परत तबाह होने वाली है...हो भी चुकी थी...अब कहा गया है कि वैज्ञानिको और पवन के खगोलशास्त्रियों की सारी रिसर्च और भविष्यवाणियाँ गलत थी, यानी धरती सुरक्षित है! पूरा गर्भ गृह बनाना ही बेमतलब बन गया! अब सारी लड़ाई बस पाप ऊर्जा और पुण्य ऊर्जा के बैलेंस को बनाने पर टिक चुकी है! पाठकों को नागायण याद होगी...same यही कांसेप्ट उसमे था...ब्लैक एनर्जी और वाइट एनर्जी के बीच इंसानों को तारतम्य कैसे बैठाया जाए! लेखक द्वारा इस  U-turn के चक्कर में बेचारे पाठक 2 साल अटके रहे...क्यूंकि जो यह बात आज बताई गई है कि क्षुद्र ग्रहों के टकराने पर पृथ्वी का ऊपरी भाग सुरक्षित बना रहेगा...यह पाठको को आराम से सर्वयुगम के पेज-69 के दौरान ही बताया जा सकता था! पर जैसा हमेशा होता हैं कि कहानी को लंबा खींचे जाने के उद्देश्य से 5 मोटे खंड निकालकर U-turn मार दिया गया है! मजे की बात यह है कि पाठक इस चीज़ को महसूस तक नहीं कर पा रहे..कि यह उनके साथ चमत्कार हो चुका है! दरअसल हुआ यह है कि लेखक यहाँ पर एक ही चीज़ के 2 अलग हिस्से करके पाठको को दिखा रहे हैं...वो एक चीज़ थी- क्षुद्र ग्रहों का धरती पर गिरना! और 2 हिस्से हैं...इसरिक और पवन के बीच अलग-अलग जानकारी होना! और मज़े की बात यह कि दोनों ही इससे अनजान हैं!
A-इसरिक के अनुसार धरती की उपरी परत को काफी नुक्सान हुआ है..और क्षुद्र ग्रहों से तीव्र ऊष्मा निकल रही है! जिसको अगर कण्ट्रोल कर लिया जाए तो पृथ्वी के बचे हिस्सों पर मानव बसाए जा सकते हैं!
B-पवन के अनुसार धरती की ऊपरी परत को कोई नुक्सान नहीं हुआ है.. क्षुद्र ग्रहों से पाप ऊर्जा निकल रही है..जिसको कण्ट्रोल कर लिया जाए तो सब ठीक हो जाये!
अब पाठको आप सोचते रहिये कि क्षुद्र ग्रहों से क्या निकल रहा है..या कुछ निकल भी रहा है कि एवें ही खंड पर खंड छपते जा रहे हैं!

8- 48 घंटे वाली घडी का इस्तेमाल सोच समझकर करना चाहिए था... इससे पहले पाठक सोच रहे थे कि जो 72 घंटे में से 24 घंटे का समय समस्त आबादी को गर्भ गृह में ले जाने में लगा था..वो नाकाफी था...पर इस बार पेज-67 पर लिखा गया है..कि विस्तृत ब्रह्माण्ड रक्षक उस काम के अलावा एक काम और कर रहे थे..वो था आतंकियों और अपराधियों के साथ जंग लड़ना! पहली जंग शायद कश्मीर में लड़ी थी..जहाँ आतंकी पाए जाते हैं..और कुछ जंगे जाने दुनिया में कहाँ..पर हाँ समय खूब इसमें लगाया गया था! विस्तृत रक्षको ने 24 घंटे में आबादी गर्भ गृह में डालने के अलावा और कई लड़ाइयाँ भी लड़ दी! सर्वयुगम में यही दिखाया गया था कि यही सब लोग उस पहले दिन दिल्ली में मौजूद थे...आज दिखाया जा रहा है कि यह सब देश के अलग-अलग राज्यों में भी घूम रहे थे! इन सबके कितने डुप्लीकेट बनाये गए हैं..जो एक ही वक़्त पर सब जगह दिख रहे हैं?

9- सुना कि पुराने सवालों के जवाब मिल गए हैं...देखिये-
A-क्षुद्र ग्रहों के धरती पर आने की घटना का सिर्फ यही सीन बार-बार दोहराया जा रहा है कि वर्तमान पृथ्वी सुरक्षित बता दी गई...बाकी 2 कालों,3 युगो  और अन्य आयामों में जो क्षुद्र ग्रहों की बरसात हो रही है..उसपर तो एक पैनल नहीं दिखाया गया! मिला जवाब?
B-सुना कि पता चल गया कि चंडकाल भविष्य में कैसे पहुंचा...आपको कॉमिक्स पढ़कर ऐसा कहाँ दिखा कि बेहोश चंडकाल को कौन ले गया?कौन उसको होश में लाया? और क्या यह वही चंडकाल है जो भविष्य में था...या यह वर्तमान का चंडकाल है! जिसको भरोसा ना हो सर्व संधि का पेज 52 का अंतिम पैनल पढ़ ले..जिसमे महामानव और गलालागीचा कह रहे हैं..कि उन्हें नहीं मालुम कि स्वर्ण नगरी से आज़ाद होने के बाद क्या हुआ..! तो अभी आगे के भागों का इंतज़ार करना जरूरी है!
C-सुना, कि क्षुद्र ग्रहों से पाप ऊर्जा निकली (जो पहले ऊष्मा ऊर्जा थी) उससे धरती पर पाप शक्तियां निकल निकल कर आ रही है! अगर ऐसी ऊर्जा हुई तो निशाचर जैसे प्राणी निकल सकते हैं...लेकिन अब तक यह कहाँ बताया गया कि सधम को किसने ईरी की गुफा में लाकर पटका था? उसके अलावा ड्राकुला भी ईरी की गुफा में ही कैसे प्रकट हुआ...ऐसी कौन सी बात है कि सभी पाप शक्तियां सिर्फ ईरी के पास ही आ रही हैं! निशाचर भी जागा तो वहीँ पर आया? अभी इससे जुडी एक बड़ी loophole और मौजूद है...जिसको हम आगे आने वाले भागों में खोलेंगे!

उपरोक्त सभी तथ्य आपके सामने मौजूद हैं..जिससे आपको सीरीज समझने में आसानी होगी!

आर्टवर्क-

इस बार कॉमिक्स में 2 पेंसिलर हैं...सुशांत जी के अलावा हेमंत जी! पेंसिल ठीक ठाक हुई है...डोगा-योद्धा के बीच लड़ाइयों वाले सीन अच्छे लगते हैं! पठारों वाली लड़ाई में काफी योगदान colorist का भी रहा है..जिन्होंने हीरों पर अच्छे इफेक्ट्स दिए हैं!

आर्टवर्क में त्रुटी- हमने कलियुग कॉमिक्स खोली..उसमे देखने पर पता चला कि गुरु शुक्राचार्य की बाईं आँख सलामत है और दाई फूटी हुई है! लेकिन सर्वसंधि में इसका उल्टा दिखाया गया है! बाई फूटी और दाई सलामत! इस गलती को आगे दुरुस्त करिए!

इंकिंग- विनोद कुमार जी का काम हमेशा की तरह अच्छा है..लेकिन उन्हें इस भाग में बहुत कम पेज मिले हैं..ज्यादातर काम ईश्वर आर्ट्स का है..और उनके बाद स्वाति जी का! स्वाति जी का काम विनोद जी का 25% भी नहीं है! शुरुआत में सारा आर्टवर्क सिर्फ देखने में एवरेज लगेगा...लेकिन एक्शन सीन अच्छे बने हैं..इफेक्ट्स भी सही लग रहे हैं!
पेज-54-64 की इंकिंग काफी खराब है! पेज-66-67 down!
68-73 Up! उसके बाद अंत तक इंकिंग एवरेज है!

रंग संयोजन- हेमन्त जी के काफी पन्ने बैकग्राउंड वर्क्स के बिना हैं...लेकिन उनपर इफेक्ट्स इतने अच्छे हैं..कि एक बारगी ध्यान ही नहीं जाता कि सिर्फ foreground बनाया गया है! हम भक्त रंजन जी को पूरे अंक देंगे! उनके बिना लड़ाइयाँ दर्शनीय ना बन पाती!
ओवरआल सर्व संधि का आर्टवर्क above average है! वज़ह 3 inker!

टिप्पणी-

पिछले भाग सर्वमंथन की तुलना में सर्वसंधि थोड़ी सी ही बेहतर होकर उभरी है...लेकिन इतनी बेहतर भी नहीं है कि इसको अब तक आये सभी खंडो में सर्वश्रेष्ठ बता दिया जाए...क्यूंकि अब तक युगांधर की टक्कर की स्टोरीलाइन बाद के एक भी खंड में नहीं आई...इसमें जो अच्छाई हैं..वो इसलिए महसूस हो रही हैं..क्यूंकि 90 में से 45 पेज सिर्फ डोगा-योद्धा की लड़ाई पर केन्द्रित हैं! इसलिए कहानी पढ़ते हुए..आप सिर्फ इन्ही पर फोकस कर रहे होते हैं! इसके बाद 9 पन्ने असम वाले हैं..जो बहुत ही ज्यादा अजीबोगरीब हैं...उनका सर्वनायक से कोई पुराना लिंक नज़र नहीं आ रहा है! उन्हें पढ़कर भी आप सिर्फ यही कहेंगे कि यह तो कोई नई सीरीज शुरू होने वाली है! बचे 35 पन्ने Neutral हैं! ना इधर बढे ना उधर!

अति विश्वास में डूबी RC  द्वारा किसी भी पाठक की पिछली समीक्षाओं में दिए गए सुझाव तो इस बार भी कहीं इस्तेमाल नहीं हुए तो दोबारा देकर क्या फायदा! यही सोचकर हम खुद को तसल्ली देते हुए आपको भी अगला पार्ट सर्वक्रान्ति लेने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं!

जैसे ही सर्वक्रान्ति उपलब्ध हो..भारी मात्र में कॉमिक्स खरीदकर लेखक और RC को मालामाल बना दीजिये!

Ratings :
Story...★★★★★☆☆☆☆☆
Art......★★★★★☆☆☆☆☆
Pencil....★★★★★★★☆☆☆
Inking....★★★★★☆☆☆☆☆
Entertainment……★★★★★★☆☆☆☆

‪#‎Rajcomics‬,‪#‎Sushantpanda‬,‪#‎Nitinmishra‬,‪#‎Sarvsandhi‬,‪#‎Scd‬,‪#‎Nagraj‬,#Doga,#Yodhdha,#Hemantkumar

DOGA NYAAY

Review- डोगा न्याय (2015)
Containing Spoilers (जिनको रिव्यु देखना नहीं पसंद हैं..वो कृपया अपना समय इसको पढ़कर नष्ट ना करें!)
24 Pages/98 Panels (Approx. 4 Panels per page).
Genre-Action
Main character(s)- डोगा,लोमड़ी,निर्मूलक,इंस्पेक्टर तेजा!

Short Synopsis -

डोगा बेकाबू  के पिछले भाग से यह 23 पेज का दूसरा भाग आगे बढ़ता है! यहाँ 3 मुख्य बातें हैं-
A- पुलिस पार्टी के हाथों डोगा का बचना!
B- निर्मूलक के हाथो डोगा का पिटना!
C- लोमड़ी के हाथों निर्मूलक का पिटना!

सिर्फ 23 पेज की कॉमिक्स के बारे में सबसे बेसिक बात यह होती है कि 23 पेज की कहानी में मज़ा तभी आएगा जब आपको पढने के लिए नई-नई चीज़ें मिलें! आइये देखते हैं डोगा न्याय में क्या मिल रहा है!

1-कवर से शुरू करिए...डोगा छत पर कुलांचे मारता लोमड़ी के पीछे लगा हुआ है! अन्दर की कॉमिक्स में झाँका तो कहीं ऐसा कोई पेज नहीं है! एक अच्छी लेखक जोड़ी की यही पहचान है..कि जो बाहर दिखाओ..अन्दर बिल्कुल मत दिखाओ! शायद इससे कॉमिक्स बिकने में मुश्किल आती है!

2- अच्छी लेखक जोड़ी की दूसरी पहचान यह है कि जब आपके पास 24 पेज 40 रुपये में देने की डील हो..तो सबसे पहले First  पेज पर कथासार लिखो! क्यूंकि यहाँ सारे पाठक Long Term Memory Loss के मरीज़ हैं जिन्हें पिछले 45 पेज की कहानी याद दिलानी पड़ेगी!

3-कहानी पेज-2 से शुरू करो...जिसमे दो पुलिस वाले बैठे हो! मुझे डोगा चाहिए-जिंदा या मुर्दा...जिनके पीछे से ऊपर वालो और नीचे से TV  वालो ने फलाना-ढिमका किया हुआ हो! 18734 वी बार डोगा की कहानी में यह सीन दिखाया गया है! फिर भी पूछो तो कहा जाएगा “बिल्कुल नया-नया लिखा गया क्रांतिकारी सीन है जी!” 23 में  से  2 बहुमुल्य पन्ने और खराब!

4-डोगा एक गुंडे को टोर्चर करके जानकारी निकाल रहा है! सीन तो यह भी नया नहीं है...पर सवाल छोड़ जाता है कि निर्मूलक या युसुफ (जिसने भी इस गुंडे को मरवाया) उसको कैसे पता था कि पूरे अंडरवर्ल्ड में डोगा सवाल पूछने इसके पास ही आएगा? (डोगा की भागदौड़ को एडिटिंग खा गई)

5-आज तक यह समझ नहीं आया कि “सो जा डोगा” में मिली जबरदस्त चुम्मी के बाद आनंदमयी डोगा जब लोमड़ी को दिल से मारना नहीं चाहता तो आखिर हर बार उसपर गोली चलाकर क्या दिखाने की कोशिश होती है? काली मिर्च चाचा का अचूक निशानेबाज़ शिष्य है डोगा...और पेज- 7 पर 4 फुट दूरी पर  पीठ किये भाग रही लोमड़ी पर डोगा का निशाना नहीं लग रहा! लेखक जोड़ी, यह बताएं कि डोगा की अजीम शख्सियत की मिटटी पलीत करना कब बंद करेंगे?

6-ये तेजा-तेजा क्या है..ये तेजा-तेजा!
कोई अनजान आदमी मुंबई पुलिस को टिप देगा कि करोडो रुपये ईनामी वाला अपराधी डोगा एक ख़ास जगह पर रात में आएगा...तो आप ही बताइए पुलिस क्या इंतज़ाम करेगी? हम बताते हैं..2002 में एक कॉमिक्स आई थी “निशाने पर डोगा“ उसके अंतिम पेज देखिये कि डोगा के आने वाले इलाके को एक पूरी छावनी में तब्दील कर दिया गया था! प्रस्तुत कॉमिक्स में क्या हुआ है? एक इंस्पेक्टर(6 गोली वाले रिवाल्वर के साथ) और 6 सिपाहियों (303 वालों) की भारी-भरकम टीम लेखक ने डोगा को पकड़ने के लिए बनाई थी! लेखक साहब दुनिया आगे बढती है...आपकी पुलिसिया सोच पीछे जाती हुई लग रही है! देखिये कहीं इतनी पीछे ना पहुँच जाए कि डोगा को पकड़ने पाकिस्तान पुलिस के 1970 के रिटायर्ड ठुल्ले मुंबई आ जाएँ! आपके लेखन और डोगा पकड़ने की सोच को सलाम!

7-तो जैसी की आशा थी कि नकली डोगा वाला आईडिया बेहद बचकाना था... लेखक जोड़ी ने कोई चौंकाने वाला खुलासा किये बगैर वही दिखाया जो पहले से सब जानते थे! यही अच्छे लेखन की पहचान है....fans की सोच से पीछे चलो! जब निर्मूलक को पहली दफा ad में देखा था तो लगा था कि शायद लेखक जोड़ी इस बार एक ऐसा जांबाज़ लड़ाका लेकर आये हैं,जो डोगा पर हर कदम भारी पड़ेगा....लेकिन लोमड़ी जैसी अकुशल लडाकी ने निर्मूलक को इस भाग में जिस आसानी से पेला है...हमारी तो इस विलेन की “मर्दानगी” से जुडी सारी आशाएं ही खत्म हो गई! 2002 के पहले का दौर सुहाना था...जब लड़ने वाले बराबर के होते थे...अब तो डोगा जैसे मर्द के लिए 2 लेखक दिमाग लगाकर भी सिर्फ छक्को की फ़ौज बनाते हैं!

8-हमने डोगा को सैकड़ों कॉमिक्स में पढ़ा है...उसके अन्दर के जूनून को करीब से महसूस किया....और कभी यह नहीं लगा कि बुरी तरह घायल होकर भी वो किसी के द्वारा 2-4 वार खाकर बेहोश हो सकता है ताकि विलेन उसके मास्क को हटा सके ऐसी स्तिथी उत्पन्न होने की सम्भावना बने! डोगा इतना कमजोर नहीं था! पर इस कॉमिक्स में यही हुआ है..वो लापरवाह है...कमजोर है और बहुत ज्यादा बचकाना है! अगर लोमड़ी ना होती (जैसा हमेशा होता है यह कहानी अपवाद है) तो निर्मूलक आसानी से जान जाता कि डोगा का चेहरा किसका है! इसका कोई जवाब लेखक नहीं दे सकते! सिर्फ यह कहने के कि डोगा की कहानियां अब किस्मत के भरोसे चल रही हैं! यह समझ से बाहर है कि डोगा जिस लोमड़ी पर रत्ती भर भी भरोसा नहीं करता..उसके सामने बेहोश क्यूँ हो गया...क्यूँ नहीं बुलाई उसने अपनी कुत्ता फ़ौज? जो उसके राज़ और सुरक्षा को हमेशा पुख्ता करती है! फिर अचानक से हमें याद आया...कि मियाँ अभी तो लेखक साहब ने हम सबको एक जोरदार बारिश के दर्शन करवाए थे...और जहाँ तक हमारी जानकारी कहती है...पिटे-पिटाए,दिमाग घूमते  हीरो के लिए बारिश हमेशा ही वरदान होती है..जो उसको बेहोशी से बचाकर ज्यादा चौकन्ना बना देती है! मतलब यहाँ डोगा के साथ बारिश ने उल्टा खेल दिखाया है! शायद बरसात के पानी में अफीम मिली थी...वाह हम लेखन की गहराई को मान गए! मर्दों का मर्द निर्मूलक के हाथो 4 वार खाकर बेहोश हो गया और यह बेहोशी भी ऐसी...जो गटर की गंदगी में लोट लगाने और घंटों सूंघी गई बदबूदार सुगंध से भी ना भागी!

डोगा के किरदार की ऐसी विरोधी कॉमिक्स लिखने के लिए लेखको का अभिनन्दन किया जाना चाहिए!

Positive Point-

सिर्फ एक- डोगा और निर्मूलक के बीच वाद-विवाद! जो कुछ हद्द तक सोचने पर मजबूर कर देते हैं कि डोगा की शख्सियत का वजूद अगर होना चाहिए तो किस कारणों से होना चाहिए!

संवाद- पुरानी धूल झाडो और नई में फिट कर दो!...सारे किरदार सिर्फ पुरानी बातें ही रटे हुए तोते की तरह बोले जा रहे हैं...ना पुलिस द्वारा दी गई धमकी में कुछ नया था..ना डोगा के जवाब में...निर्मूलक और डोगा के बीच भी कोई गर्मागर्मी ऐसी नहीं होती जिसको देखकर जोश जागे....लोमड़ी कहती है कि सूरज पर डोगा हावी हो रहा है..लेकिन इस कहानी में बार-बार लोमड़ी पर मोनिका भी हावी होती नज़र आने लगी है!
“अरे,सूरज बेटा..तुम हो क्या...छि-छि हो गई बेटा!” अदरकेया का ऐसा कोई संवाद अंत में लिख देते तो शायद हमें हँसी आ जाती! :P

RC से बस यही कहना है कि डोगा की यह कहानी हर भाग के साथ सिर्फ नीचे और नीचे चली जा रही है और इसको जबरदस्ती खींचा जा रहा है! 72 पेज पढने के बाद भी अब तक समझ नहीं आया कि इसका मुख्य मुद्दा आखिर है क्या? कहानी आपके पास है नहीं..नए संवाद आपको सूझते नहीं...तो आप पार्ट्स निकालकर क्यूँ समय और संसाधन बर्बाद करना चाहते हैं! इस सीरीज की  बची हुई कहानी को एक महाविशेषांक में देकर fans को कृतार्थ करें!

आर्टवर्क-

दिलदीप जी ने चित्रकारी तो अच्छी करी थी..मगर जैसा हर बार होता आया है...राज कॉमिक्स ने इस बार विनोद कुमार जी की सेवाएं ना लेकर ईश्वर आर्ट्स और स्वाति जी को मौका दिया है और आर्टवर्क का जो लेवल  इस कहानी को बचा रहा था..वो भी इस बार शहीद हो गया! पहला पेज अच्छा था! फिर आगे मज़ा नहीं आया! क्यूंकि इस बार डोगा स्वाति जी की हस्तकला के नीचे आकर कराह रहा है! पूरी कॉमिक्स में बरसात हो रही है...और ना जाने क्यूँ यह बरसात हमें याद दिलाती है जब सुरेश डिगवाल और आत्माराम पुंड की जोड़ी...जो एक वक़्त परमाणु और डोगा का ऐसा ही बेमज़ा आर्ट बनाया करती थी! इंकिंग में ईश्वर आर्ट्स भी ख़ास प्रभावित नहीं कर पाते हैं....लेकिन पेज 18 के बाद तो काम का हे-राम ही हो गया है! अदरक चाचा कितने खराब लग रहे हैं!
रंगों और इफेक्ट्स का अचार डालकर कोई फायदा नहीं...इंकिंग ऐसी ही करवानी है तो एक एहसान और करिए...फ्लैट कलर में यह सीरीज निकालिए..और दाम 30 रुपये कर दीजिये!

सीरीज में जाने कब इसमें कुछ नया दिखाया जाएगा और ना जाने कब विनोद जी आयेंगे या नहीं आये तो बचा भी क्या है!

पाठकों से अनुरोध - अगला भाग डोगा उन्मत्त भारी संख्या में खरीदें, RC और रचनाकारों  को मालामाल बनाएं!

Ratings :
Story...★★☆☆☆☆☆☆☆☆
Art......★★★★★☆☆☆☆☆
Pencil.... ★★★★★★★★☆☆
Inking.... ★★★★☆☆☆☆☆☆
Entertainment……★★☆☆☆☆☆☆☆☆

‪#‎Rajcomics‬,‪#‎Doga‬,‪#‎Sudeepmenon‬,‪#‎mandaargangele‬‪,#‎Doganyaay,#dds‬

Wednesday, 26 August 2015

DOGA BEKABU






Review- डोगा बेकाबू (2015)
25 Pages/94 Panels (Approx. 4 Panels per page).
Genre-Drama,Action
Main character(s)- डोगा/सूरज,मोनिका/लोमड़ी,युसूफ खान,निर्मूलक!

Short Synopsis -

डोगा निर्मूलक के पिछले भाग से यह 25 पेज का दूसरा भाग आगे बढ़ता है! यहाँ मुख्य बातें कहानी में सिर्फ 3 हैं-
1- पिया बसंती हो चली लोमड़ी का बेकाबू हो जाना!
2- डोगा का बेकाबू होकर कत्लेमान मचाना!
3- युसूफ और निर्मूलक के बीच डोगा की मौत की डील होना!

इस बार कहानी को पढने में आपको 15 मिनट लगेंगे! वज़ह है कि पिछले भाग की तुलना में कहानी में कुछ अधिक डायलॉग नज़र आते हैं!
कहानी का पहला सिंगल पेज पिछले भाग की कहानी को याद दिलाने में शहीद हो जाता है! वैसे उसपर डोगा का आर्ट बढ़िया है..जो कम से कम इस भाग की कहानी में आगे नज़र नहीं आता! पुलिस ने डोगा को घेर रखा है....यदि यह पेज ना भी होता तो कहानी की सेहत पर फर्क नहीं पड़ता!
बेकाबू लोमड़ी को दिए गए शुरू के 7 पन्ने हमारी नज़र में सिर्फ दिलदीप जी का लोमड़ी पर बनाया गया सुंदर आर्ट देखने के लिए आप पढ़ सकते हैं! उनमे ऐसा कुछ ख़ास नहीं हुआ जो पहले देखा ना गया हो!
कहानी का मुख्य हिस्सा बीच के पेज 8-17 तक का है...जहाँ डोगा की ड्रेस पहने एक शख्सियत दिखाई गई है! क्यूंकि 200 लोग एक साथ मारे जाते हैं इसलिए हमें इस भाग पर टिप्पणी करने की जरूरत नहीं लगती! वहां क्या हुआ है यह समझने के लिए पाठक खुद काबिल हैं!

पेज 18-23 के 5 पन्ने सूरज-मोनिका को समर्पित हैं! लेखकों ने यहाँ पर एक काम बहुत अच्छा किया कि पिछले भाग वाले जन्मदिन वाली Old is Gold वाली बात को जगह देकर कम से कम उसका एक घूमता-फिरता सा जवाब दे दिया! संतुष्टि की जहाँ तक बात है वो तो मोनिका को भी नहीं हुई! लेकिन कम से कम यह बात दब जरूर गई! लेखक इस त्वरित कार्यवाही के लिए बधाई के हकदार हैं!

संवाद- डायलॉग्स सीधे और सरल हैं...डोगा को बोलने का जितना मौका मिलता है वो अपने असली वाले अंदाज़ से अलग नज़र आता है! युसूफ साहब का दिमाग क्यूंकि इस वक़्त एक तरफ ढुलक चुका है इसलिए वो आगे भी जिस अंदाज़ में दिखेंगे..पूर्वानुमान लग जाता है! निर्मूलक साधारण रहा है! बची मोनिका..जो शेरनी की तरह सूरज को रगड़ रही है! पढ़कर मज़ा आता है!

आर्टवर्क-

असल में जब 50 पन्ने आ जाने के बाद भी कहानी कुछ नज़र ना आये तो आपको अपना गम गलत करने के लिए आर्टिस्ट के कंधो का सहारा ही बचता है कि चलो दिमाग ना सही आँखों को ही थोडा सुकून मिल जाए..वही बड़ी बात होगी! तो यहाँ हम दिलदीप जी और विनोद जी की जोड़ी के काम को लेखन से ज्यादा बेहतर आंकते हैं!
पहला पेज उम्दा है...लेकिन जब आप आगे बढ़ेंगे और लोमड़ी के पेजों में छोटे पैनल का काम देखंगे तो वो average लगेगा...इसके उलट बड़े पेनल्स में बहुत अच्छा आर्टवर्क मिलेगा! इस द्विस्तरीय काम की वज़ह हमें नज़र नहीं आती! खैर जब पार्टी वाले पेज शुरू होते हैं..वहां से काम निखर जाता है! डोगा का खिड़की से एंट्री सीन जबरदस्त बनाया गया है! अंत में मोनिका पर तो सूरज के साथ पाठको का भी दिल आ जाए ऐसे पूरी कोशिश आर्टिस्ट की लग रही है! अंत के 2 पन्ने डायलॉग्स के मामले में कंगाल लेकिन आर्टवर्क में मालामाल हैं! आर्टवर्क कुल मिलाकर बढ़िया हुआ है! यहाँ पर हम शादाब जी के रंग संयोजन को भी आर्टवर्क की बेहतरी में जोड़ेंगे...जिन्होंने काफी चमकदार और हार्ड कलर्स का इस्तेमाल किया है! आपको कई पन्नो पर खिड़की से छनकर आती रौशनी पीछे की दीवारों पर देखने को मिलेगी..जो आर्ट में रियलिटी इफ़ेक्ट लाती है!

टिप्पणी-
क्यूंकि आप डोगा निर्मूलक श्रृंखला पढना शुरू कर चुके हैं..इसलिए आपको यह भाग भी लेना पड़ेगा! इसलिए जरूर खरीदें! कहानी अभी भी कुछ ख़ास आगे नहीं बढ़ पाई है...जो आगे कब तक रफ़्तार पकड़ पाएगी..फिलहाल कहना मुमकिन नहीं है! आर्ट काफी अच्छा है! तो अभी आप इस कॉमिक्स का आनंद लीजिये और “डोगा न्याय” की प्रतीक्षा करें!

Ratings :
Story...★★★★☆☆☆☆☆☆
Art......★★★★★★★★☆☆
Entertainment……★★★★★★☆☆☆☆

‪#‎Rajcomics‬,‪#‎Doga‬,‪#‎Sudeepmenon‬,‪#‎mandaargangele‬,‪#‎Dogabekabu‬,‪#‎dds‬

Friday, 3 July 2015

DOGA NIRMOOLAK



Review- डोगा निर्मूलक (2015)
Containing Spoilers (जिनको रिव्यु देखना नहीं पसंद हैं..वो कृपया अपना समय इसको पढ़कर नष्ट ना करें!)
25 Pages/90 Panels (Avg.  3 ½ Panels per page).
Genre-Drama,Action
Main character(s)- डोगा/सूरज,मोनिका,अदरक,चीता,निर्मूलक!

Short Synopsis -
रात का भक्षक जो करीब डेढ़-2 साल पहले आई थी...उसके काफी लम्बे अंतराल के बाद RC ने डोगा की कोई solo कॉमिक्स पेश की है! 25 पेज के इस भाग की कहानी में सिर्फ 3 बातें हैं...
1-डोगा एक नशे का अड्डा तबाह करता है!
2-निर्मूलक उस अड्डे के मालिको से डोगा का सफाया करने की डील करने आता है!
3-सूरज का जन्मदिन लायन जिम वाले मना रहे हैं....सूरज उसका बहिष्कार कर देता है!

कॉमिक्स इतनी बड़ी है कि इसको पढने में आपको मुश्किल से 10 मिनट लगते हैं! सालों के  इंतज़ार के बाद डोगा की कहानी से 10 मिनट का मनोरंजन मिल जाना बहुत अनमोल पल महसूस होते  हैं! इसलिए पूरी तरह से शांतचित्त होकर पढियेगा...कहीं कोई मजेदार जरूरी point मिस ना हो जाए!
यह साल चल रहा है 2015...RC को कहानी लिखवाने में समय भरपूर मिलता है...वो चाहें तो एक से बढ़कर एक आईडिया निकाल सकते हैं! लेकिन वो ऐसा करते नहीं हैं क्यूंकि पाठक डिमांड नहीं करते.. हम इस कॉमिक्स में सबसे पहले खोज रहे थे वो नयी वज़ह... जिससे इसको पढने का औचित्य बनता है...साफ़ शब्दों में इस कॉमिक्स में ऐसा क्या है जो पहले डोगा की किसी कॉमिक्स में नहीं दिखाया गया है?

डोगा ने हज़ारो अड्डे पहले भी तबाह किये हैं, उससे परेशान तो पूरा underworld है..जिनका रोना-पीटना भी बहुत दफा देखा गया है...डोगा को मारने का दावा करने वाले पहले भी आये! लायन जिम वाला किस्सा जो नया जोड़ा गया वो तो सबसे ज्यादा हास्यास्पद है...

एक नई बात जो पता चली है..वो भी जोड़ते हैं.....Old Is Gold कॉमिक्स के पेज 4-8 पर सूरज का जन्मदिन लायन जिम वाले मनाते देखे जा चुके हैं...और इस कॉमिक्स में कहा जा रहा है कि सूरज का जन्मदिन पहली बार मनाया जा रहा है! लेखकों ने तो हद ही कर दी है...पुरानी कॉमिक्स से उल्टा-पुल्टा दिखाने की! -_-

इस बार डोगा तड़के अपनी रात  की गश्त से घर वापिस आता है,अपना costume तक नहीं बदल पाता कि सब उसको हैप्पी बर्थडे का केक दिखा देते हैं! डोगा के घर में घुसने का तरीका देखिये...वो सामने के गेट से जिम के बीचो-बीच से होकर अन्दर आता है...सभी कमरों में चहलकदमी करता है...वो भी अपने चेहरे से मास्क को हटाये हुए...बिना इस बात की परवाह किये कि हो सकता है सुबह के वक़्त कोई बॉडी बिल्डर या हो सकता है कोई मेहमान ही जिम में आया हुआ हो! डोगा जैसे इंसान को हमेशा चौकन्ने रहने चाहिए...... पहले की सभी कॉमिक्स में डोगा हमेशा अपने कमरे में बाथरूम वाले मेनहोल के रास्ते से घर में आता था...या पीछे की किसी खिड़की से..वो भी तब जब सारे हथियार अपने कुत्तो के पास बाहर ही छोड़ दे....लेकिन इस कॉमिक्स में वो अपने पूरे हथियारों के लाव-लश्कर के साथ जिम में दाखिल होता है!
मतलब जिम में मौजूद लोग जानते हैं कि रात में डोगा 10 खतरों से जूझकर,4-5 क़त्ल करके,सिर पर बोझ लेकर वापस आता है...शायद ही कोई अक्लमंद आदमी ऐसा सोचेगा कि सुबह के 5-6 बजे डोगा जैसे व्यक्तित्व के साथ ख़ुशी मनाई जा सकती है....लेकिन अदरक चाचा जैसे ज़हीन और अक्लमंद इंसान भी ऐसी बेवकूफी में लिप्त पाए गए हैं जैसे वो जन्मदिन का केक शाम को नहीं कट सकता था!
यह एक surprise party थी...डोगा को इसका पता नहीं था..लेकिन वो इतना बेफिक्र होकर जिम में इससे पहले कभी दाखिल नहीं हुआ है! मुंबई एक ऐसा शहर है जो कभी नहीं सोता है....जिम ऐसी जगह पर खड़ा है जहाँ हर तरफ ऊंची बिल्डिंग हैं...उसके सामने ही एक मेन रोड मौजूद है (पुरानी कॉमिक्स देखिये...खाकी और खद्दर के समय वाली) आज के समय में हर आदमी के हाथ में मोबाइल और कैमरे रहते हैं....डोगा का सामने से जिम में घुसना एक बहुत बड़ी लापरवाही कही जाएगी! ऐसी चीज़ों का दिखाया जाना डोगा को कमजोर बनाता है!
लेकिन कहानी अभी बाकी थी...
"शेर का बच्चा" के पेज 28-29 को देखिये....चीता जीप से अपने घर और जिम के बीच की दूरी को तय करता है....यांनि वो दूरी इतनी ज्यादा है कि  पैदल तय नहीं करी जा सकती है! मोनिका ने भी यदि ऐसा ही किया है तो यह कमाल का कांसेप्ट है...कि मोनिका जिम से बाहर भागती है...अपने घर जाती है...लोमड़ी की costume पहनती है...वापस जिम आती है...और केक का सत्यानाश कर देती है! इस बार उसको भी  जिम का कोई बंदा नहीं देखता!मतलब लोमड़ी छुपती-छुपाती सिर्फ स्टाइल मारने वहां सूरज के रूम तक आ गई! क्या आप सच में यही दिखाना चाहते हैं...वाकई आप सीरियस हैं?
25 पन्नो में यही महान खोज हुई है..कि लायन जिम के आसपास रहने वाले सभी पुरुष-महिलाएं और बच्चे  सूरदास हैं! वहां ना कोई सुबह-सवेरे टहलने-दौड़ने  निकलता है...ना कोई क्रिकेट-फुटबॉल खेलता मिलेगा...ना कोई घर के बाहर योग करता है...ना पौधों में पानी डालता है...बिल्कुल सुनसान शहर है मुंबई!

***हम यह बातें इसलिए कह रहे हैं क्यूंकि RC  के अनुसार उसके सभी सुपर हीरोज़ में सबसे ज्यादा Realistic approch अगर किसी की है तो वो डोगा है! इसलिए आपको उसकी कहानियों में बदहजमी कराने वाली अनर्गल चीज़ें नहीं डालनी चाहिए!

संवाद- डायलॉग्स सीधे और सरल हैं...पढने लायक और बिना लच्छेदार शब्दों का जाल बुने आम बोलचाल को दिखाया गया है...डोगा भी ज्यादा ओवर एक्टिंग नहीं करता है...सिर्फ काम लायक बोलता है! जिम के अन्दर वाले डायलॉग्स में वो काफी तैश में दिखाया गया है...जिससे बाकी लोग नाराज़ हो जाते हैं...वो सीन देखकर मज़ा आता है! लेकिन वहां पर भी सूरज एक गलती कर जाता है कि उसको जब यह पता है कि जस्टिस चौधरी का परिवार ही उसका परिवार है..तो क्यूँ आज भी इतने सालो से चुपचाप बैठा हुआ है? यह देखना बहुत अजीब लगता है कि वो “क्यूँ फेंका कूड़े पर” बोलने के बाद भी यह नहीं कहता...कि आज ही वो जाएगा जस्टिस चौधरी के पास और अपना अतीत खोलेगा! मतलब या तो भैया सूरज को भी short term memory loss हो चुका है या RC को पिछले किस्से याद नहीं रहते हैं!

आर्टवर्क- दिलदीप जी और विनोद जी का काम अच्छा है....डोगा अच्छा बना है..निर्मूलक वाले पेज भी अच्छे थे...मोनिका,अदरक सभी ठीक ठाक हैं....लेकिन कई जगह महसूस हो रहा है जैसे हम किसी चलते फिरते इंसान को ना देखकर किसी दीवार पर चिपकी तस्वीर को देख रहे हैं....मसलन सामने से देखने पर शरीर चपटा सा प्रतीत हो रहा है...उसमे लचक और उभार नहीं होते...इस कमी को दूर करिए...वहीँ सूरज का चेहरा पुराने मनु जी वाले समय की याद नहीं दिला पा रहा है....उसपर थोड़ी और मेहनत करिए...बाकी आर्ट कम से कम रावण डोगा जैसी कॉमिक्स से कहीं  अच्छा है! बैकग्राउंड पर DDS जी ने काफी ध्यान दिया है....आर्ट के हिसाब से यह 25 पन्ने ठीक थे!
रंगसंयोजन भक्त रंजन जी का है...और कॉमिक्स काफी कलरफुल बनाई गई है!

टिप्पणी- 25 पन्ने किसी कहानी का आईना नहीं होते हैं... डोगा का किरदार RC द्वारा काफी  हिलाते-डुलाते  हुए कहानी में शुरू हुआ है...उम्मीद है इसका अंत ज्यादा बेहतर होगा! RC से अपेक्षा है कि पुरानी कहानियों को भी एक दफा खोल लें....अभी क्यूंकि कहानी शुरू ही नहीं हुई है..इसलिए जैसा देखने को मिला....उतना बता दिया! बाकी के लिए पाठकगण “डोगा बेकाबू”का इंतज़ार करें! उम्मीद करते  है डोगा चाहे बेकाबू हो जाए..पर कहानी मजबूत बनेगी!

Ratings :
Story...★
☆☆☆☆☆☆☆☆☆
Art......★★★★★★★☆☆☆
Entertainment……★★☆☆☆☆☆☆☆☆

#Rajcomics,#Doga,#Sudeepmenon,#mandaargangele,#Doganirmoolak,#DDS

http://warriorsstrike.blogspot.in/2015/07/doga-nirmoolak.html



Tuesday, 2 June 2015

MAUT KA MAIRATHAN (2015)

Review-मौत का मैराथन (2015)
Genre-Comedy,Action,Period,War-Drama
Main character(s)- अश्वराज,ध्रुव,डोगा,इंस्पेक्टर स्टील,चीता,काल पहेलिया और अन्य
सर्वनायक विस्तार श्रृंखला का प्रथम भाग “मौत का मैराथन” नाम से शुरू हुआ है! इस मैराथन में दौड़ लगाने के लिए एक लम्बी चौड़ी किरदारों की टीम assemble करी जा चुकी हैं!
पहला धावक अश्वराज घोड़ो वाली जुड़वाँ टांगो के साथ अपनी भार्या कुदुम्छुम्बी की खोज पर भाग रहा है जिसका अपहरण कर लिया गया है!
दूसरा धावक सुपर कमांडो ध्रुव है...जो अपने बिजी schedule में भी ना जाने क्यूँ कैंसर के साथ एक बाइक रेस लगा रहा है! लेखक इस भाग में बताना ही भूल गए! (जबरदस्ती का सस्पेंस)
तीसरा धावक है डोगा...जो कालू से लड़ने के बाद अब तूतन खामन से मिलने भाग चला है!
लेकिन यह कॉमिक्स है ओलंपिक्स दिखाने के लिए नहीं लिखी गई है....यह तो है सर्वनायक सीरीज में दिखाए गए W.A.R की शुरुआत दिखाने के लिए...जिसमे 8 लोगों का चयन किया गया है... जो इस वक़्त खुद को इस लायक साबित करने की मुहीम पर जुटे हैं..कि वो सच में एक टीम बनाकर दुनिया की रक्षा करने लायक हैं!
अपने आकाओ के ऑर्डर्स पर इंस्पेक्टर स्टील के निर्देशन में 2-2 के group में 4 टीम बनाई गई हैं!
बैड्मन-चीता,शीना-काली विधवा,प्रोफेसर श्रीकांत-मैडम x और अंत में कीर्तिमान-लोमड़ी!
कहानी- कहानी का सार यह है कि यह पाठको को एक बार फिर से सिर्फ इतना सा clue देती है..कि “युगम धरित्री अस्य:” वाली सर्वनायक की मुख्य श्रृंखला  में जो कुछ अव्यवस्थाओं का मकडजाल नितिन मिश्रा जी द्वारा फैलाया गया है...उसकी उत्पत्ति का कारण अनुराग सिंह जी हैं! पाषाण राक्षसों के हर युग में धरती पर आगमन से पूर्व ही यह सब शुरू हो चुका था! Anyhow लेखक कहानी में क्या बताना चाहते हैं यह तो वो समझा नहीं सके..सिर्फ इतना पता चलता है कि यह एक मिनी सर्वनायक बनने जा रही है!
कहानी में ऊपर मौजूद टीम्स को एक-एक मुश्किल टास्क दिया गया है..जो इन्हें 1 दिन में पूरा करना है!
सबसे पहले आइये देखते हैं चुनाव के मुद्दे-
1-    कहानी में दिखाया गया है कि इंस्पेक्टर स्टील चीता,शीना, प्रोफेसर श्रीकांत जैसे ऐसे लोगों को FAX करके बुलाता है..जो समाज में खुलेआम अपना पता छोड़कर रहते हैं! लेकिन अनुराग जी यह बात सिरे से गोल कर गए कि काली विधवा, कीर्तिमान,लोमड़ी,रात की रानी जैसे लोगों को स्टील ने कैसे बुलाया...जिनका पता-ठिकाना कोई जानता ही नहीं.....इन्हें कहाँ खोजकर FAX किया,चिठ्ठी भेजी,ईमेल किया,भोंपू बजाया,दुदुम्भी बजवाई..क्या किया?
कीर्तिमान तो अपने सूरज का रसोइया मोहर सिंह है जो लायन जिम की किचन में सोता  है...भगवान् के लिए कोई यह मत कह देना कि उसके पास रेफ्रीजिरेटर में एक FAX मशीन है जिसका नंबर स्टील के पास है और हमारी प्यारी सोनिका को कैसे बुलवाया आपने...उससे मिलने तो अब सूरज भी नहीं जाता...इस स्टील पर अब शक होने लगा है! :P

2-    राजनगर जाने इतना बड़ा मेट्रोपोलिटन कब से बन गया है कि “विश्व बचाओ समिति” की बैठकें यहाँ होनी शुरू हो गई हैं...जबकि ऐसी बैठकें दिल्ली या मुंबई जैसे शहरों में होनी चाहिए जहाँ उच्च-स्तर की सुविधायें मौजूद हैं! खैर लेखक को राजनगर पसंद आया तो उनकी मर्ज़ी!

3-    अब आप एक बात और गौर करिए कि W.A.R जैसी एक बड़ी टीम का गठन करने के लिए जिन सरकारी निर्देशों,शक्तियों और संसाधनों की जरूरत होती है...वो बिना किसी को ठोस जानकारी मुहैया कराये जाने कैसे शुरू भी हो गई और इसमें इंस्पेक्टर स्टील को भी जुड़ा दिखा दिया गया है!
लेखक को यह पता होना चाहिए कि वो केंद्र सरकार के नीचे काम करने वालो के द्वारा ही इतना बड़ा सेटअप दिखा सकते हैं.. वो अधिकारी IAS,PCS,सचिव स्तर के होते हैं...जिन्हें इस कॉमिक्स में काउंसिलर और उसके आजू-बाजू में “लॉ” एंड “आर्डर” नाम के नमूनों की तरह दिखाया गया है..जो चेहरे पर मास्क लगाए सर्कस के जोकर दिख रहे हैं! आप देख सकते हैं कि काउंसिलर बोलता है कि “वो सबके क्राइम रिकॉर्ड मिटा देगा”...मतलब क्या हवा में मिटा देगा?....अपने चेहरे को छुपाकर जाएगा दिल्ली सचिवालय में! कुछ भी ऊल जलूल दिखाने की हद्द ही कर दी गई है! इस पूरी श्रृंखला के शुरू से लेकर अब तक लेखकों को असल रहस्य छुपाने और बेकार के रहस्य बनाने के अलावा कोई दूसरा काम है ही नहीं!
4-    हमें पहले लगा कि जो टास्क दिए जा रहे हैं उनको देखने में आनंद आएगा...पर यह बात भी पहले ही टास्क में धराशाई हो गई...आइये जानते हैं-
बैड्मन को टाडा लगाने के बाद पुलिस नारका जेल में शिफ्ट करती है..उसके पहने हुए सारे कपडे उतारने के बाद जेल की वर्दी भी दे देती है....इसके बावजूद 3-D इमेज प्रोजेक्टर, चीता से बात करने के लिए Ear-plug, नाक में Nose Filter,ध्रुव का एक्शन फिगर,चीज़ें खींचने के लिए काँटा..इतनी सारी चीज़ें लेकर वो अपना मिशन पूरा कर लेता है! लेकिन क्या लेखक यह कहना चाहते हैं कि पुलिस वाले उसकी कोई तलाशी लिए बिना ही उसको वहां पटक गए थे और नारका जेल का जेलर बैड्मन का ससुर लगता है?
लेखक एक बार दिल्ली की तिहाड़ जेल की सैर करके आयें..उन्हें पता चल जाएगा कि high सिक्यूरिटी जोन क्या होता है!
5-    अगर आगे की कॉमिक्स में प्रोफेसर सूरी ही प्रिंसिपल दिखाया जाने वाला है तो यह बात सभी जानते हैं कि प्रिंसिपल और काल पहेलिया के बीच 36 का आंकड़ा है..और यह आंकड़ा इसलिए बना है...क्यूंकि प्रिंसिपल ने 2 बार कालू को धोखा दिया था...कॉमिक्स का नाम पाकिस्तान जिंदाबाद और डील! जिसकी वज़ह से कालू को जेल की हवा खानी पड़ी थी! लेकिन विस्तार में यह दोनों एक बार फिर से साथ हैं? कालू अपने दोस्त और दुश्मन चुनने में इतना कच्चा नहीं है! और अगर इन दोनों को साथ आना था तो उसकी ठोस वज़ह लेखक को दिखानी चाहिए थी..जो कि दिखाई नहीं!
6-    रोबो के पास 10,000 करोड़ रुपये....हाहाहाहा..बस लेखक साहब हंसाने की भी एक सीमा है! :v
कहानी में एक मात्र अच्छा विषय था अश्वराज द्वारा लड़ा गया एक छोटा सा युद्ध! बेचारे के कुदुम्छुम्बी अगवा हो गई...ऐसा खनकदार नाम जिसकी भार्या का हो..वो चैन से बैठ ही नहीं सकता...अश्वराज ने अदभुत पराक्रम दिखाया है...जो पाठकों की शिराओ में बहते खून को और तेज़ प्रवाह दे देता है!
इसको छोड़कर बाकी यह पूरी कहानी लगता है..पाठको से मौज मारने के लिए लिख दी गई थी! बैड्मन तो “दिल के मोड़ पर..शर्म छोड़कर..लिमिट तोड़कर..आ जाना”...Mode पर इंडिया में कदम रखे हुए है...वापस अमेरिका जाने तक 2-4 मामले सेट करके ही जाएगा! :v
लेखकों को विस्तार के लेखन में अभी भी बहुत ज्यादा मेहनत करने की आवश्यकता है! कम से कम पुरानी कॉमिक्स से जो पात्र उठा रहे हैं..उनके बारे में एक बार पूरी तरह से मालूमात भी कर लें कि आखिरी बार कहाँ देखे गए थे! एक और अच्छी बात दिखाई गई कि नारका जेल समुद्र के बीच में है...पता नहीं क्यूँ CWAH में वो राजनगर के बीच आ गई थी...ओह्ह शायद CWAH parallel सीरीज है इसलिए ऐसा हुआ होगा! ;)
“लेखक की बात का कभी भरोसा ना करना डोगे..लेखक का तो काम ही आँखों में धूल झोंकना होता है!”
सर्वनायक से लेकर उसके विस्तार के आने तक यही एक डायलॉग ऐसा मिला है..जो इस पूरी सीरीज का आईना है! काफी सारे पाठक इस धूल में अपने मस्त-मस्त 2 नैन गँवा चुके हैं..कॉमिक-देवता कॉमदेवस्तु के आशीर्वाद से हमारी आँखें इस अंधड़ में अभी सलामत हैं! :P
चित्रांकन- हेमंत जी के पास यहाँ करने के लिए काफी कुछ था..क्यूंकि उन्हें पहली बार कई नए किरदार बनाने का मौका मिला है...अश्वराज वाले पन्ने काफी अच्छे बने हैं...ध्रुव और डोगा वाले पन्ने भी शानदार एक्शन समेटे हुए हैं! लेकिन उन्होंने सूरज और चीता के चेहरे बढ़िया नहीं बनाए हैं! शीना बेकार बनी है..स्टील भी अजीब सा दिख रहा है....ध्रुव vs बैड्मन वाले पन्ने बहुत खराब थे...और अंत में आते आते आर्टवर्क लुटा पिटा हो चुका था! एक और चीज़ हमने नोटिस करी कि इन पन्नो में ध्रुव 20 साल पुरानी मोपेड चलाता हुआ नज़र आ रहा है...जबकि शुरू में कैंसर के साथ काफी हैवी बाइक चला रहा था...अरे बस उसके पहिये का रबर ही तो निकला था...नयी टायर लगवा लेता....ध्रुव की इतनी बेईज्ज़ती करने की क्या जरूरत थी..कि उसको टुर्री पर सवारी करवा दी! :P
ओवरआल हेमंत जी ने अपने सामर्थ्य के मुताबिक़ काम नहीं दिया है!
कलरिंग- भक्त रंजन और मोहन प्रभु के द्वारा करी गई रंग सज्जा साधारण रही है...इसमें बहुत ज्यादा इफेक्ट्स नज़र नहीं आते... शब्दांकन हमेशा की तरह ही है!
इस कॉमिक्स के डायलॉग्स भी काफी सतही ढंग से लिखे गए हैं! अनुराग जी का बांकेलाल पर अब तक किया गया जो पिछला काम है..उसकी छाप इस गंभीर कॉमिक्स में दिखने लगती है जब जगह-जगह पर वो हास्य ठूँसने की कोशिश करते नज़र आते हैं! मतलब आप जबरदस्ती पाठको को हँसाना चाहते हैं! हास्य पर इतनी अतिरिक्त मेहनत ना करिए...आपने अब तक जो कहानी लिखी है..उसको याद करके ही बहुत जोर से हंसी छूट जाती है! :v
ओवरआल यह कॉमिक्स ज्यादा प्रासंगिक नहीं है...इसमें किरदारों के बीच छिटपुट आपसी नोंकझोक के अलावा ज्यादा कुछ नज़र नहीं आता है...फिलहाल यह ना तो सर्वनायक को कोई फायदा देती नज़र आ रही है.. जो कुछ इसमें दिखाया गया है..उसका कोई तर्कसंगत तर्क मौजूद नहीं है! लेखकों को नए सिरे से इस विस्तार को पटरी पर लाने की जरूरत है..नहीं तो विस्तार की दिशाहीनता पर ग्रैंड-विस्तार लिखने की नौबत आ जायेगी!
Ratings :
Story...★★★★☆☆☆☆☆☆
Art......★★★★★☆☆☆☆☆
Entertainment……★★★★☆☆☆☆☆☆
#Rajcomics,#Dhruva,#Nitinmishra,#Anuragkumar,#Hemantkumar,#MautkaMairathan

Tuesday, 28 January 2014

SARVYUGAM

सर्वयुगम के द्वारा सर्वनायक की मुख्य शुरुआत आपके हाथो में पहुँच चुकी है! युगांधर के बाद सर्वयुगम को पाने का ज्यादा इंतज़ार तो नहीं करना पड़ा लेकिन इस छोटे से समय में ही मन निरंतर उद्देलित बना रहा कि कैसी होगी सर्वयुगम?कौन कौन किरदार होंगे?कैसे कहानी की शुरुआत होगी? भूत-वर्तमान काल के नायकों का आमना-सामना किस प्रकार होगा? युगम कौन है? क्या पाठकों के सबसे पसंदीदा नायक को कहानी में वज़नदार काम मिला होगा? सवालों की लिस्ट बहुत लम्बी है..तो अब वक़्त है जवाबो को पाने का! इतनी बड़ी श्रंखला के अंत तक पहुंचना अभी किसी पाठक के लिए मुमकिन नहीं है..कहानी को चलने दिया जाना चाहिए और ध्यान कहानी में हो रही घटनाओं और हलचलों पर केन्द्रित करिए! इसमें लेखक ने भी सहायता करी है-सभी भागों को अलग-अलग खण्डों में विभाजित करके! जिससे समीक्षा करना आसान बन गया है!

*प्रस्तावना-उत्

पत्ति सूत्रधार
यह सर्वयुगम का पहला और छोटा सा खंड है! इसमें ज्यादा कुछ नहीं है..सिर्फ इतना पता चलता है कि कॉमिक्स में “अडिग” भी मौजूद है!

*प्रथम अध्याय –गर्भ ग्रह
कहानी की मुख्य शुरुआत इस अध्याय से हुई है! वर्तमान में धरती पर अन्तरिक्ष से एस्टेरोइड बेल्ट्स का आक्रमण हो गया है! वज़ह और किसकी कारस्तानी है..यह अभी किसी को नहीं पता...पता सिर्फ इतना है कि 8 घंटे में धरती का नामो निशाँ मिल जाएगा!
ब्रह्माण्ड रक्षको को तब गर्भ गृह के बारे में वैज्ञानिक बताते हैं...जो कुछ ऐसा है- कि पृथ्वी के “आंतरिक कोर” के ऊपर एक ऐसा गर्भ गृह बना दिया गया है..जिसमे पूरी पृथ्वी की जनसँख्या समा सकती है!
सवाल उठा- किसने बनाई ? जवाब आया- अकेले परमाणु और शक्ति ने प्रोबोट और वैज्ञानिकों के साथ मिलकर!
प्रोबोट एक रोबोट है...उसके अन्दर जितना ज्ञान है...वो प्रोफेसर कमल कुमार वर्मा का तब का ज्ञान है...जब वो कोमा में चले गए थे..रोबोट में तर्क शक्ति नहीं होती है..कमांड्स पर काम करता है....पर प्रोबोट के मामले में सब उल्टा चलाया जा रहा है!
अनुपम सिन्हा जी ने “कोलाहल” में एक चीज़ दिखाई थी कि परमाणु ने एक ऐसा एंटी लावा सूट पहना जो 30 मिनट तक लावे की गर्मी को सहने के बाद गल जाएगा! पॉवर दी गई मगर conditions apply* के टैग के साथ! यह चीज़ मुमकिन भी थी और मानी भी जा सकती है!
मगर सर्वयुगम में लेखक ने परमाणु को एक ऐसा सूट दिया है..जिसपर कोई conditions apply* नहीं करती हैं...यह “विशेष सूट” कुछ नहीं मांगता है..ना कोई कूलिंग डिवाइस,ना कोई ऐसा प्रतिरोध जिससे यह दिनों..महीनो तक बिना जले या गले टिक गया है!
RC में पहले वैज्ञानिक सिद्धांतो का आदर होता था...बच्चे कॉमिक्स पढ़कर विज्ञान के करीब आते थे...लेकिन अब रोहित शेट्टी की फिल्मों की तरह विज्ञान का मखौल उड़ाया जा रहा है! पृथ्वी के “आंतरिक कोर” तक जाने के लिए क्या तकनीक चाहिए इसके लिए सभी पाठको को एक फिल्म THE CORE जरूर देखनी चाहिए! वरना सर्वयुगम वाली तकनीक उन्हें भ्रमित कर देगी!
शायद यही तक लेखक रुक जाते तो बात संभल जाती...मगर अगले ही पैनल में एक नयी पॉवर बताई गई...Ultra Cold Atoms ! इनकी विशेषता है कि यह लावे तक को ठंडा करने की ताकत रखते हैं! ख़ास बात यह कि इन atoms की सक्रियता को लेकर भी कोई समय सीमा या condition नहीं है...एक बार शक्ति के बनाये धातु के गर्डर पर चढ़ा दिए तो ज़िन्दगी भर चलते रहेंगे!
तो यह थी गर्भ गृह के साथ इस कहानी की खोखली नींव!
इधर सुपर कमांडो ध्रुव दिल्ली से हिमालय की कंदराओं में बैठे समाधी लगाये किरीगी को मानसिक संपर्क कर रहा है?????
नयी पॉवर वाला ध्रुव?
आज मानसिक संपर्क कर रहा है...कल मानसिक विस्फोट करेगा? सीरियसली परमाणु कि जग प्रसिद्ध बर्बादी के बाद अब ध्रुव का ही नंबर लगा दिख रहा है....specials और showstopper की छिछालेदार के बाद अब लगने लगा है अनुपम जी के हाथो में ही ध्रुव सुरक्षित है...वही उसको पुराना रूप दे सकते हैं!
मसीहा पागलखाने से भागकर तो आ गया..पर दण्ड कहाँ से लाया? कृपया आगे के भागो में जरूर बताएं!
उपरोक्त बातों को कॉमिक्स में पढ़कर जिन पाठको को भरपूर मनोरंजन प्राप्त हुआ हो...वो आनंद लें...बाकी आइये द्वितीय अध्याय पर

* द्वितीय अध्याय-पूर्वजों
की धरती (प्रथम भाग)
विशेषता-इस भाग में स्वर्ग हेतु वाला मुद्दा ही चल रहा है...योध्धा को धकमानघन की प्राप्ति कैसे हुई और शुक्राल के साथ कैसे युगम ने उसको उठाया!

* द्वितीय अध्याय-पूर्वजों
की धरती (द्वितीय भाग)
विशेषता-इस भाग में भेड़िया और गरुडा के साथ अतिक्रूर और शूतान का अधूरा और अनसुलझा टकराव है...और भेड़िया का युगम द्वारा अपहरण!

*तृतीय अध्याय-क्षुद्र ग्रहों का आक्रमण
विशेषता- इस भाग में ध्रुव अपने साथियों के साथ कुछ अच्छे रणनीति पूर्ण कार्य करता नज़र आया है...तिरंगा को भी एक मैनेज़र का रोल मिला है...जो रणनीतिकार बना हुआ है!
कहानी अच्छी भली चल रही थी..कि अचानक से परमाणु ने दोबारा नयी पॉवर निकाल ली-मॉलिक्यूलर एक्सपेंशन ----इसका काम है परमाणु को वामन अवतार दे देना!
यह कब मिली..क्यूँ मिली और कैसे मिली? यह उल्लेखित नहीं करा गया है...परमाणु को नागराज के बड़े शरीर की बराबरी करनी थी तो कर ली!
परमाणु के इस झटके से पाठक अभी उबर भी नहीं पाए थे...कि नागराज बोल पड़ा “मैं अपनी इच्छाशक्ति से ब्लैक होल” बनाऊंगा!
क्या कहा जाए? शायद अगले भाग में यह दोनों परमाणु और नागराज नया ब्रह्माण्ड ही बना देंगे!
तो यहाँ तक इन “असंभव”,”एवें ही”,”कुछ भी” जैसे कारनामो से अपने प्रिय सुपर हीरोज़ को जीतते देखकर अपना सिर धुन रहे पाठको को अंतिम अध्याय अपने पास बुला लेता है!

*चतुर्थ अध्याय- युगम क्षेत्र
यह अंतिम अध्याय ना होता तो यह कॉमिक्स कंपकंपा कर बिखर गई होती..यही एकमात्र हिस्सा ऐसा है...जो कहानी को वापस ट्रैक पर लाकर पाठको को राहत देगा!
युगम का किरदार बहुत प्रभावशाली है! वो सुसंस्कृत है...महान ज्ञाता और अपराजित भी!
इस भाग में सभी नायको और युगम के बीच में बहुत अच्छे तर्क और सवाल होते हैं!
सर्वयुगम का अंत होता है...भोकाल और नागराज के बीच प्रतिस्पर्धा की शुरुआत के साथ!
युगम धरित्री अस्य:

आप सभी ने सर्वयुगम का एक संछिप्त सारांश पढ़ लिया..अब बात लेखन की! नितिन मिश्रा जी ने जो काम “तक्षक” नाम की महत्वहीन कॉमिक्स में किया था वही सर्वयुगम में भी दोहराया है! एक्शन सीक्वेंस में किसको,कैसे जीतना है,कैसे काम करवाने हैं...इसपर मेहनत और जोर नज़र नहीं आता है! कागज़ी बातों में सभी किरदार बहुत अच्छे संवाद बोल रहे हैं....लेकिन ज़मीनी लड़ाई में उल जलूल प्रयोग हो रहे हैं...कौन कैसे जीत रहा है..कैसे हार रहा है.. कौन कब आया...पिटकर कहाँ गया...जिंदा है की मर गया..इसके बीच में ना सामंजस्य है..और ना ठोस आधार!
इस बात को दृष्टिगत रखते हुए राज कॉमिक्स से निवेदन है कि सर्वनायक सीरीज की वृहद और विस्तृत कथावस्तु को देखते हुए आगे के भागों में श्री अनुपम सिन्हा,तरुण कुमार वाही,विवेक मोहन,और खुद संजय गुप्ता जी एक्शन सीक्वेंस में रचनात्मक सहयोग दें जिससे ऊपर लिखी गई कमियों को यथासंभव दूर करके सर्वनायक को सफल बनाया जाए!

सर्वयुगम की गति ऐसी है-शुरूआती 4 पन्ने बहुत तेज़ी से चलते हैं...फिर संवाद...उसके बाद पेज 19 से ज़मीनी कार्य आरम्भ जो भागा दौड़ी में इस युग से उस युग तक चलते जा रहे हैं...पूरी तरह से एक्शन! अंत में पेज 70 से एक बार फिर संवाद जो अंत तक चलता है!

कहानी-2.5/5
आर्टवर्क-2.5/5

धीरज वर्मा जी का आर्टवर्क सर्वयुगम में है! लेकिन वो धीरज जी नहीं..जो कभी लड़ाके,तुरुपचाल,
मैं हूँ भेडिया या मर्द और मुर्दा के लिए जाने जाते थे! यह बात सच है...कि सर्वयुगम के आर्टवर्क का स्तर वैसा कतई नहीं है..जैसी हर पाठक उम्मीद कर रहा था!
आर्टवर्क का सारा कमाल इसके कलर इफेक्ट्स में छुपा हुआ है...
वरना गौर से देखेंगे तो इसमें rough out lining work के अलावा कुछ नहीं है! पेंसिल की detailngs तो दूर फिनिशिंग तक नहीं हुयी है!
उदहारण के तौर पर देखिये नागराज को जिसके शरीर से जालीदार शल्क गायब हैं...सतयुग में आइये योध्धा के आर्ट पर-सूखी घास के तिनको के समान आर्ट में से कई लाइन्स बाहर निकलती जा रही हैं! परमाणु के ऊपर तो इतने पेंसिल स्ट्रोक्स किये गए हैं...कि उसकी पीली पोशाक मकड़ी के जालों से ढकी नज़र आ रही है!
ऐसा आर्टवर्क इंकिंग के बिना कहीं भी नहीं ठहरने वाला! अब यह राज कॉमिक्स के ऊपर है कि वो कितना वक़्त लगाएगी इस चीज़ पर ध्यान देने में..क्यूंकि धीरज जी के साथ उसका भी नाम खराब हो रहा है!
सर्वयुगम के आर्टवर्क को इसके इफेक्ट्स ने बचा लिया है..जिस स्तर का आर्ट बना है....उसके लिए इफ़ेक्ट आर्टिस्ट्स को पूरे अंक दिए जा सकते हैं..उनकी मेहनत के बिना यह कॉमिक्स पार नहीं लग पाती!
शब्दांकन नीरू जी का है!

कॉमिक्स के मजबूत पक्ष-
*सिर्फ कॉमिक्स का चतुर्थ अध्याय
कॉमिक्स के कमजोर पक्ष-
*अनगिनत (उपरोक्त लिखित हैं)टिप्पणी- अति सुधार व उपचारात्मक सोच और काम की आवश्यकता!

overall सर्वयुगम अपने पिछले भाग युगांधर की आधी प्रतिष्ठा भी बचा नहीं पाई है! यह दुःख का विषय है कि इतनी बड़ी और इंतज़ार वाली कॉमिक्स के अन्दर ऐसा हुआ! राज कॉमिक्स आगे के भागो में ज्यादा सूक्ष्म दृष्टि से मेहनत करे!

Monday, 30 December 2013

ANGAARE


 Review-"अंगारे"

"अंगारे" की कलम है...तरुण कुमार वाही-नितिन मिश्रा जी के हाथो में!
3 इन 1 मल्टीस्टारर में इससे पहले आप लोगों ने "रक्तबीज" का सफ़र किया था..जिसमे डोगा,परमाणु के अलावा भेड़िया था! "अंगारे" में भेड़िया की जगह पर “नारी शक्ति” लम्बे समय बाद वापस आई है! इस समानता से आप यह ना समझिये कि "अंगारे" की कहानी रक्तबीज का कोई सीक्वल या प्रीक्वल है! कहानी अलग और सिंगल है!

"अंगारे'' का कथानक चलता है..मुंबई को केंद्र में रखते हुए! मुंबई में बैठे हुए 26/11 के गुनाहगारों से जुड़े हुए कुछ तार शक्ति को विचलित कर देते हैं! जिसके बाद वो कुछ ऐसे कदम उठा लेती है...जिनके रास्ते में उसकी भिडंत परमाणु से हो जाती है!
आतंकवाद एक बार फिर से बायोलॉजिकल वेपन्स को अपना हथियार बनाये हुए है!
मुंबई में हो रही इस जंग में अब एक तरफ शक्ति और डोगा हैं..वहीँ दूसरी ओर परमाणु अकेले इन दोनों के रास्ते में खड़ा है! कहानी का अंत क्या होता है..यह बताने की जरूरत नहीं है! सत्य की जीत..आपको सिर्फ यह जानना रह जाता है कि इस बार जीत में किन नए तरीकों का इस्तेमाल हुआ है!

“शक्ति”- कहानी की मुख्य किरदार लम्बे समय बाद वापसी कर रही “शक्ति” है! अच्छा लगता है कि उसको प्रमुखता दी गई है...इसके पीछे वज़ह उसका बड़ा फैन होने से ज्यादा यह लगता है कि बार-बार वही घिसे-पिटे हीरोज को देखकर हो रही उकताहट में पुरानी चीज़ भी नयी दिखने लगती है!शक्ति के बारे में पाठकों के दिमाग में एक छवि बनी हुई है..कि वो हालात को देखकर नहीं..सिर्फ अपने तर्कों पर फैसले करती है! उसकी इस कट्टर छवि को अंगारे में तोडा गया है! अब वो सही मायने में ज़िम्मेदार सुपर हीरोइन नज़र आ रही है! जिस तरह से वो step by step कहानी में आगे बढती है..वो अभूतपूर्व है! सबसे अच्छी चीज़ उसके संवाद बहुत सही प्रयुक्त हुए हैं! पहले जहाँ उसके अन्दर से हावी होने की कोशिशें नज़र आती थी..वहीँ अब समयानूकूल प्रतीत होते हैं! लेखकों ने शक्ति पर अच्छा नियंत्रण दिखाया है!

परमाणु- अब परमाणु के लिए यह कहना भी बेकार है कि वो बुरे दिनों से गुजर रहा है...बल्कि यह कहना चाहिए कि बुरे सालों से गुजर रहा है...एक महान हीरो होने के बावजूद आज के हालात में परमाणु सिर्फ मल्टीस्टारर में हिस्सा बनने तक सीमित रह गया है! ऐसी हालात में क्यूंकि उसके रोल्स में एक्शन ही प्रमुखता से उभरता है....इसलिए लेखकों ने उसी पर जोर रखा है! "अंगारे'' में परमाणु को एक नई पॉवर से नवाज़ा गया है...जो काफी उपयोगी है! अगर यह पॉवर ना दी जाती..तो शायद कहानी में सत्य की हार हो जाती..अब कहानी में जीतने के लिए नई पावर्स की जरूरत होना..या पहले से ऐसी पावर्स भविष्य के हिसाब से बनाये जाना...बहस का मुद्दा हो सकता है..लेकिन राज कॉमिक्स के इतिहास को देखते हुए यह नई पॉवर जरूर आकर्षित करने लायक है!
कहानी के किरदार के रूप में परमाणु जानकारियों के अभाव में भटका हुआ है..जिससे सही निर्णयों से दूर दिखता है! फिर भी कहानी में अपनी छाप छोड़ने में सफल रहा है!

डोगा- डोगा कहानी में इसलिए है,क्यूंकि कहानी मुंबई में चलती है...यह विचारणीय प्रश्न है कि 26/11 और किसी के लिए फायदेमंद रहा हो या ना रहा हो...डोगा के लिए बहुत रहा है!
एक ऐसी कहानी जहाँ सभी सुपर पावर्स लेकर घूम रहे हैं...उसमे डोगा की मौजूदगी कई दफा हास्यास्पद बन जाती है...इसको बैलेंस करने के लिए...डोगा के गुस्से,उसके जूनून,आक्रोश और लड़ने के जज्बे पर लेखक ध्यान केन्द्रित करते हैं! कहानी के मारधाड़ वाले कई दृश्यों में डोगा कमजोर पड़ता दिखता है..लेकिन ऐन वक़्त पर शक्ति का साथ.. उसको मुसीबतों से निकाल लेता है! अगर देखा जाए कि “एक से भले दो” के फलसफे के साथ डोगा की “स्टार पॉवर” का कहानी में इस्तेमाल हुआ है!
26/11 के आखिरी जिंदा बचे आरोपी(जो कि अब फांसी चढ़ चुका है) को डोगा इससे पहले DOGA DIARIES की एक कहानी में जहन्नुम पहुँचाने के बाद एक बार फिर से मारता दिखा है..उम्मीद है...इस बार उसकी मौत आखिरी दफा हुई है...जिसको RC आगे तीसरी बार नहीं दिखायेगी!

इस कहानी की खलनायिका है..मैडम फॉक्स,जिसको आप 20 वर्ष पहले “हाहाकार”(परमाण
ु सीरीज) में पढ़ चुके हैं! पुराने गुमशुदा खलनायको को राज कॉमिक्स धीरे-धीरे वापस लेकर आ रही है..यह स्वागतयोग्य है!
इससे नए पाठको की रूचि इन् खलनायकों की शुरुआत जानने में बढ़ेगी!

कहानी के तार 26/11 हमले के बाद से जुड़े हैं..जो हमलावरों के मंसूबो को विस्तार देकर बनाये गए हैं...यानी आपको आतंकवाद का वैज्ञानिक रूप रंग देखने को मिलता है!

कहानी-4/5
आर्टवर्क-4.5/5

आखिरकार राज कॉमिक्स ने पाठकों की लम्बे समय से चली आ रही इच्छा को पूरा किया है..सुशांत पंडा जी को मुख्यधारा की एक्शन कॉमिक्स सौंपकर! सुशांत जी ने भी अपनी ओर से सुंदर काम देने में कोर-कसार बाकी नहीं रखी है! शक्ति का नया लुक मन को मोह देने वाला है..वो बहुत सुंदर दिखी है! परमाणु को आप लोग सालों बाद पुराने रूप के करीब देख पायेंगे! पेज-20 पर विनय ऐसा लगता है...जैसा मनु जी अपने समय में बनाते थे! डोगा और मैडम फॉक्स भी उम्दा बने हैं!
अंगारे एक्शन कॉमिक्स है...इसलिए इस तराजू पर भी आर्टवर्क खरा उतरा है...टाइगर हिल्स पर जो एक्शन हुआ..वो लाजवाब बना है!
सुशांत जी की मेहनत को चार-चाँद लगाये हैं...विनोद कुमार जी की इंकिंग ने! जो आर्टवर्क की प्रमुख विशेषताओं में से एक है! बहुत ही साफ़-सुथरा और किसी गैर जरूरी अन्धकार से मुक्त आर्टवर्क करके विनोद जी ने प्रशंषात्मक काम दिया है!

आर्टवर्क की दृष्टि से "अंगारे'' इस सेट में सबसे आगे रही है! सुशांत जी को आगे भी एक्शन कॉमिक्स दी जानी चाहिए!

बसंत जी के इफेक्ट्स और नीरू जी को शब्दांकन के लिए A+

"अंगारे'' 26/11 की घटना का एक काल्पनिक विस्तार है..इसलिए देशप्रेम से शुरू होकर आतंकवाद के मुहं पर तमाचा जड़ते हुए समाप्त होती है! सिंगल पार्ट में होना इसका मजबूत पक्ष है..इससे ज्यादा लम्बी होना नुकसानदेह हो सकता है..खैर ऐसा हुआ नहीं..जो अच्छी बात है!
कॉमिक्स आपको पूरा मनोरंजन देगी..एन्जॉय करें!

Tuesday, 1 October 2013

NEGATIVES

Review- “निगेटिव्स”

राज कॉमिक्स ने आखिरकार अपने 26 वर्ष लम्बे सफ़र की 160 पेजों की सबसे लम्बी कॉमिक्स “निगेटिव्स” पाठको के समक्ष प्रस्तुत कर दी है! अपने प्रथम विज्ञापन(जो अंत तक प्रथम ही रहा) के छपने के बाद से ही हर राज कॉमिक्स प्रेमी इसे अपने कलेक्शन की शोभा बनाने के लिए बेसब्री से इंतज़ार करता रहा है! “निगेटिव्स” वैसे तो किसी भी दूसरी मल्टी स्टारर कॉमिक जैसी ही लग सकती है,लेकिन सिर्फ पन्नों की संख्या की वज़ह से इससे आसमान छूती उम्मीदें पैदा हो गई, उम्मीदों का बोझ जरूर राज कॉमिक्स की तरफ भी बढ़ा और वो उम्मीदें कितने लोगों के लिए सफल बनी, कितनो के लिए नहीं..यह प्रश्न प्रासंगिक हो भी सकता है और नहीं भी!
इस कॉमिक्स की समीक्षा लिखना भी बहुत टेढ़ी खीर साबित हो गई...एक अकेली इतनी बड़ी कॉमिक्स जो कि अनुपम जी के हाथ से बनी है, यह अनुभव हमारे लिए भी पहला ही रहा! तो चलिए “निगेटिव्स” पर नज़र डालते हैं कहानी से...

कहानी-

अनुपम जी एक महान लेखक हैं,इसमें कोई शक नहीं है! उन्होंने पाठको को एक से बढ़कर एक कालजयी रचनाओं से मनोरंजन प्रदान किया है! मल्टी स्टारर लिखने में अभी भी इंडस्ट्री में उनसे ज्यादा सक्षम लेखक फिलहाल कोई दूसरा नहीं है! लेकिन कायदे से देखा जाए तो “निगेटिव्स” एक “शुद्ध मल्टी स्टारर” नहीं है! 160 पेजों की इस कॉमिक्स का सार इतना सा है कि इसमें सिर्फ 5 हीरो हैं (नागराज,ध्रुव,डोगा,तिरंगा,परमाणु) 2 मुख्य सहायक लड़कियां (चंडिका,लोरी) इक्का-दुक्का सहायक पात्र और CF के कुछ कैडेट्स! जमीन के नीचे एक तलक्षेत्र और अंतरिक्ष में 5 सैटेलाइट्स! यही सब आपस में गुथम गुत्था होकर पेज भरते रहे! अगर हम कहें कि 4 लाइन की कहानी में पेज दर पेज एक्शन डालते हुए एक महा कॉमिक्स बन गयी है..यही इस कॉमिक्स की मोटाई का राज़ है...तो गलत नहीं रहेगा! इस कॉमिक्स को जितने पृष्ठ और हाइप मिली, इसके अन्दर उतना करिश्मा नहीं मिल पाया! इसकी वज़ह तलाशने के लिए शुरुआत पात्रो के रोल्स से करना सही होगा!

तिरंगा-
सबसे पहले तिरंगा का नाम चौंका गया होगा,लेकिन यह “सुखद” आश्चर्य रहा है कि “निगेटिव्स” की कहानी के हर बिंदु पर तिरंगा की छाप जरूर बनी है! लेकिन कहानी में एक बेहतर रोल मिलने के बाद भी कवर पर उसका नाम लिखा होने और प्रथम पन्ने पर जगह मिलने की गुंजाइश बनती थी! शुरुआत में लोरी के साथ टक्कर हो या डोगा के साथ कहानी के अंतिम क्षणों में प्रभावशाली ढंग से स्कीम को पूरा करना,तिरंगा के गुम हो चुके किरदार को इस कॉमिक्स से काफी फायदा मिलेगा!

नागराज-
राज कॉमिक्स के सबसे शक्तिशाली हीरो नागराज “निगेटिव्स” में बहुत अलग तरह से प्रस्तुत हुए हैं! इनकी एंट्री कहानी के 61वे पन्ने पर एक दमदार संवाद के साथ होती है! लेकिन जल्द ही यह कहानी में जगह-जगह खलनायक बने नज़र आने लगते हैं! इनकी अपार शक्तियां अब कहानी के ऊपर प्रभाव डालने लगी हैं.क्यूंकि खलनायक और इनके बीच किसी सीधी जंग होने पर कोई रोमांच नहीं बनता !अब यह बात हर पढने वाले को पहले से पता है कि असीमित शक्तियों वाले शरीर के अन्दर से कोई ना कोई नया अजूबा प्रकट होकर नागराज को जिता देगा! इसलिए सिर्फ इंतज़ार रहता है कि महानगर के नए नागराज का उबाऊ और Unrealistic एक्शन जल्दी पूरा हो जिससे नागराज अपनी पीठ खुद ठोक सके! और कहानी का ट्रैक बदले!
नागराज के इस नए रूप की वज़ह से अब खलनायको के पास करने को कुछ बचा नहीं है! वो आते हैं और बुरी तरह से पिटने के अलावा कुछ कर नहीं सकते...यह एक बड़ा कारण बनता जा रहा है कि सालो पहले बने खलनायकों की तुलना में आज बनाये जा रहे नए खलनायक उतने पोपुलर नहीं हो पाते! क्यूंकि जितनी मेहनत से वो कुछ नया सोचते हैं..उन्हें हराने में उतनी मेहनत नागराज को नहीं लग रही क्यूंकि वो उन्हें आसानी से हरा देता है!कॉमिक दर कॉमिक यही होता आ रहा है! उदाहरण के लिए अंधमान जैसा ताकतवर पात्र जब नागराज पर हावी हो चुका था, तभी नागराज ने सबको आश्चर्य में डालते हुए यामिनी को अंपने शरीर में जज्ब कर लिया!
यामिनी जो सिर्फ काली ऊर्जा भरी एक इंसान थी,आज तक नागराज सिर्फ इच्छाधारी सर्पो को ही अपने शरीर में स्थान दे पाने की शक्ति रखता था..पर अब इंसान भी इस फेहरिस्त में जुड़ चुके हैं! हम मानते हैं कि यह बात छोटी सी लग रही है..लेकिन इसका दूरगामी प्रभाव यह पड़ेगा कि नागराज के पास अब हमेशा एक तरीका रहेगा कि “इच्छाधारी सर्पो के अलावा” भी वो किसी भी दूसरे शक्तिशाली इंसान के साथ जुड़ सकता है..और अपनी शक्ति बढ़ा सकता है! फलस्वरूप उसके जीतने के लिए एक और शक्ति दे दी गयी है!
जब खलनायक को मौका ही नहीं मिलेगा कुछ हासिल करने के लिए तो हर कहानी में उसकी उपस्थिति का महत्व नगण्य बन जाएगा!
एक समय था कि राज कॉमिक्स द्वारा इसी चीज़ को कम करने के लिए नागराज के पास से उसकी इच्छाधारी शक्ति को तिलांजलि दे दी गयी थी! जो उसकी अपनी असली शक्ति थी! आज नागराज एक दुर्घटना में मिली शक्तियों के सहारे लगभग ईश्वर बन चुका है! बहरहाल अब यह शक्तियां कब तक रहेंगी,यह सोचने का वक़्त आ गया है और उन्हें हटाने या कमी लाने का भी!

परमाणु-
पेज-97 परमाणु की एंट्री कराता है! शुरू में तेवर ऐसे थे कि यह अकेले दम पर सारी बाजियां पलटकर रख देंगे..पाठक को उत्सुकता बनती है कि शायद परमाणु कुछ जलवा बिखेरने वाला है...लेकिन जल्द ही यह तिरंगा से पिटे,फिर ध्रुव और चंडिका से पिटे, जब भी कुछ करने के लिए बाकी हीरोज के पीछे से आगे निकले जैसे (पेज-124) हाथ मलते रहे! पॉवर लाइन तोड़ डाली(पेज-130) जो काम ना आई, और अंत में किसी तरह मरते मरते बचे(कैसे बचे यह दिखाया नहीं गया)! अब हास्यस्पद बात यह कि पेज-155 पर लोरी सबको बताती है कि पेज-152 पर बुरी तरह घायल,शरीर से धुंआ निकलते परमाणु का इलाज़ वेदाचार्य कर रहे हैं, यह वो वेदाचार्य थे,जो पेज-151 पर खुद अपना इलाज़ करने के हालत में नहीं रहे थे! लेकिन सिर्फ 3-4 मिनट बाद ही कॉमिक के अंतिम पन्ने पर परमाणु एक दम तंदुरुस्त उड़ता नज़र आ जाता है! कहानी में इन कमियों पर ध्यान दिया जाना चाहिए,जो चीज़ों को विरोधाभासी बनाती हैं!

डोगा-
डोगा की एंट्री कहानी के पेज-35 पर होती हैं! सुखद बात लगती है कि डोगा ने अन्य हीरोज़ की तुलना में शांत और एकाग्रचित रहते हुए अपने फ़र्ज़ को यथासंभव निभाया है! डोगा के बारे में पाठको की राय रहती है कि वो बोलता ज्यादा है और दिमाग से कम काम लेता है! परन्तु जहाँ अन्य हीरो स्थिति के मुताबिक खुद को ढाल नहीं पा रहे थे,वहीँ डोगा ने हर बार सही वक़्त पर सही निर्णय लेकर वाह वाही लूटी है! हमें कहते जरा शंका नहीं है,कि रोल चाहे बड़ा हो या छोटा,उसका सही इस्तेमाल इस पूरी कॉमिक्स में सिर्फ डोगा का ही हुआ है,बाकी सभी के रोल में कुछ ना कुछ झोल रह गए!

सुपर कमांडो ध्रुव-
अनुपम जी की कहानी में ध्रुव 70 पेजों तक नज़र ना आये,यह पहली बार हुआ है! क्यूंकि ध्रुव तब आता है,जब नागराज,डोगा,तिरंगा “निगेटिव्स” के हाथो कठपुतली बन चुके थे! लेकिन जैसे ही ध्रुव कहानी में आता है,अंधियारी कहानी में रौशनी आ जाती है तथा सुपर हीरोज के जीतने की संभावनाएं वापस जिंदा हो जाती हैं! कहानी का अंतिम हथोडा ध्रुव के हाथो से ही चलवाया गया है!(यह अलग बात है कि उस हथोड़े के लोहे में जंग लगे होने की संभावना भी रख दी गई)
ध्रुव के किरदार की महत्ता क्या है,यह इस कॉमिक्स को पढ़कर हर कोई जान लेगा,कि कोई भी मल्टी कॉमिक उसके बिना क्यूँ नहीं लिखी जा सकती!

लोरी-
लोरी की वज़ह से ही कहानी शुरू होती है!तिरंगा से शुरू में एक फाइट सीक्वेंस के बाद उसका रोल थोडा ही है..जो मार्ग दर्शक की तरह बीच बीच में आता रहता है!

चंडिका-
चंडिका को कहानी में एक लम्बा रोल मिला है! ध्रुव के साथ लगे रहकर मदद करती रही! कहानी में कुछ हलके फुल्के मजाकिया संवाद उसके हिस्से आये हैं!
परन्तु चंडिका को हर बार कहानी में जोड़ने के लिए वही घिसा पिटा तरीका कि सैटेलाइट्स को बनाने में श्वेता का भी हाथ था! एक हमला और श्वेता वापस राजनगर जाने वाले विमान में! क्यूंकि अब यही लगने लगा है कि राजनगर में जब भी कुछ होगा चंडिका ऐसे ही जोड़ दी जायेगी!
तीसरी बार यह आईडिया इस्तेमाल हुआ है! राज नगर में अब ऐसा लगता है कोई और साइड करैक्टर इस लायक बचा ही नहीं या इस लायक ही नहीं रहा कि उसको कॉमिक्स में जगह दी जा सके! कृपया इस तरीके को आगे की कहानियों में जबरदस्ती बार-बार उपयोग ना किया जाए, क्यूंकि आगे किसी कहानी में अगर चौथी बार यही चीज़ नज़र आई..फिर तो समझा जा सकता है,कि यह अनजाने में नहीं हो रहा! हमारा सुझाव सिर्फ इतना है,कि भूले-बिसरे किरदारों के लिए भी कुछ सोचा जाता रहे और लेखक दूसरे आप्शन पर भी विचार करें!

“निगेटिव्स”-
निगेटिव्स की प्रजाति इतनी लम्बी कहानी में कहीं पर भी अपनी एक वृहद छाप नहीं छोड़ सकी! जिस तरह की भयंकरता,आक्रमण की शक्ति,यामिनी में पृथ्वी जीतने की इच्छाशक्ति दिखनी चाहिए थी,वो नदारद थी! सबकुछ इस तरह चल रहा था जैसे अंत क्या होगा सबको पहले से पता है! वहीँ इतनी सारी कॉमिक्स में साथ आ चुके ब्रह्माण्ड रक्षक होने का दावा करते सुपर हीरोज के बीच भी सामंजस्य और स्थिति को लेकर गंभीरता भापने की समझ नज़र नहीं आयीं! जिससे कहानी की छवि पर नकारात्मक असर पड़ता रहा!

# कहानी के अंतर्विरोध #
कई जगह कहानी में स्थिति और हीरोज के काम करने के तरीके देखकर ताज्जुब होता है कि क्या सच में यह हीरो इससे पहले हज़ारो लड़ाइयाँ लड़ चुके हैं..फिर भी ऐसी बातें हो रही है? इसका उदाहरण देना भी जरूरी है-
1-यामिनी नागराज को बताती है कि पृथ्वी के अन्दर से इसका हर भाग आपस में जुडा हुआ है! (पेज-89)वो यह भी बताती है कि निगेटिव्स सांस नहीं लेते हैं! और तलक्षेत्र में नाम मात्र की आक्सीजन है! इसके बाद भी नागराज (पेज-128) पर बोलता नज़र आ रहा है कि एक मिनट से कम समय में वो पूरे तलक्षेत्र को विष फुंकार से भरकर सबको खत्म कर देगा! और इसका डेमो उसने कुछ समय दिखाया भी,लेकिन इतनी फुंकार को फूंकने के लिए वो हवा कहाँ से ला रहा था?यह अनुत्तरित सवाल छोड़ दिया गया!

2-तिरंगा को “वकील भारत” के रूप में गुजरात सरकार, दिल्ली की सरकार से परामर्श करके कांडा के समुद्री इलाके के पास के शहर में पकडे गए एक गार्ड को कानूनी सहायता देने के लिए भेजती है!(क्यूंकि यह सब दिल्ली में नहीं हो सकता,क्यूंकि गार्ड भागकर गुजरात से दिल्ली तक का सफ़र तय करने से रहा)!
यह सबकुछ सिर्फ कुछ घंटे में दोनों सरकारें तय करती हैं, कि देश के नामी गिरामी वकीलों की जगह ”भारत” जैसे एक नए वकील को इस अति गोपनीय काम के लिए चुना जाता है! उम्मीद है “भारत” विमान से ही गुजरात आया होगा! इन् सभी कामो को पूरा होने में कुछ वक़्त लगता है..जो सिर्फ कुछ घंटे का तो नहीं हो सकता! बहरहाल कहानी में यही दिखाया गया है, कि यह सब कुछ घंटे में ही हुआ है...क्यूंकि “वकील भारत” लोरी के लाये कानूनी ऑर्डर्स को यही बोलकर खारिज कर देता है,कि ऐसे ऑर्डर्स इतने कम समय में मिलना नामुमकिन है! इन दोनों विरोधाभासी बातों में निष्कर्ष यह बनता है कि जो चीज़ लोरी के लिए नामुमकिन थी वो भारत के लिए 100 % मुमकिन थी!
एक और हास्यास्पद चीज़ कि जो गार्ड अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के मामले की सुरक्षा में तैनात है,पुलिस 2 दिन उसका नाम तक नहीं जान पाई,जबकि शिप लगभग तुरंत वापस पोर्ट पर आ गया था! इसके लिए शिप पर पूछताछ और खुद तफ्तीश करने से ज्यादा उपयुक्त पुलिस को बाहर से एक नए वकील की सेवा लेना लगा!
3-पेज-15 पर तिरंगा के ऊपर लोरी खंड-किरणों का वार करती है! तिरंगा ने अपने न्याय स्तम्भ से तंत्र वार को सोखा और वापस लोरी पर कर डाला! इसकी वज़ह बताई गयी,कि “यह 100 करोड़ भारतवासियों के विश्वास की शक्ति थी!”
हम भी मानते हैं,विश्वास की शक्ति में बहुत ताकत होती है लेकिन वो तब होती है,जब 100 करोड़ लोग उसी समय किसी चीज़ के लिए प्रार्थना कर रहे हो! ना तो ऐसा कहीं हुआ,ना होगा! यहाँ तिरंगा लोरी से भिड़ा हुआ है यह 100 करोड़ लोग जानते ही कहाँ हैं कि वो दुआ करके शक्ति दे दें?? अब इस देश में 100 करोड़ लोग तिरंगा के नाम की माला सुबह शाम कब से जपने लगे हैं,कि तिरंगा को पहले से पता था कि वो लोरी को हरा सकता है?? और अगर यह शक्ति इतनी आसानी से तिरंगा जैसे आम आदमी के पास है,जो तंत्र वार को सोख कर वापस पलटा रही है,तो पाठको को ध्यान रखना चाहिए कि न्याय स्तम्भ उस भेड़िया-मुख कमर पट्टिका के बराबर काम करता है,जो एक ईश्वरीय वरदान है!
हर जगह यही दिखाया जाता है कि विज्ञान, तंत्र की शक्ति को नहीं मानता है! परन्तु अगर तिरंगा जैसे आम नागरिक ने किसी खास विज्ञान के द्वारा अपने न्याय दण्ड को ईश्वरीय वरदान के समकक्ष बना लिया है,तो यह अभूतपूर्व चीज़ है! जो अब इस प्रसंग में दिखा देने के बाद राज कॉमिक्स को किसी नए विशेषांक में पाठको के सामने प्रस्तुत करनी की पड़ेगी!
लोरी को तिरंगा से भागना तो था ही,लेकिन इसके लिए लेखक ने एक हास्यास्पद स्थिती पैदा कर दी! ऐसी बातों से ख़ास तौर पर तिरंगा जैसे रियल हीरो के सन्दर्भ में बचा जाना चाहिए,जो अति-शक्तियां नहीं रखता है! क्यूंकि अगर तिरंगा जैसा आम पात्र भी तंत्र शक्तियों को इतनी आसानी से ठेंगा दिखाता नज़र आता रहेगा,तो शक्तिशाली पात्र तो शायद तंत्र को हँसते हँसते झेल लिया करेंगे!

4-विज्ञान में एक टर्म आता है “Adaptation” या अनुकूलन
लेखक ने तलक्षेत्र की जनसँख्या को इसी टर्म से परिभाषित किया है, कि अनुकूलन के फलस्वरूप सदियों के लम्बे सफ़र को तय करके निगेटिव्स की प्रजाति अस्तित्व में आई थी! इसमें जन्मजात निगेटिव्स भी हैं,जैसे यामिनी जो वहां के राजा की बेटी थी! यानी निगेटिव्स का बनना वंशानुगत लक्षणों पर भी आधारित चीज़ है! अनुकूलन कहता है कि एक बार कोई प्रजाति अपने मूल विकास में बदलाव के दौर से गुजर कर बदल गई,तो अपनी मूल अवस्था में दोबारा एक दम से नहीं आ सकती! यह आसानी से समझने वाली चीज़ है कि जो बदलाव सदियों में आये वो कुछ मिनट में U-Turn नहीं ले सकते!
लेकिन अचानक से कहानी के अंत में निगेटिव्स को एक बैक्टीरिया का किया धरा बताकर उसको एंटीबायोटिक्स के द्वारा कुछ मिनट में ठीक करवा देना लेखक की कलम के अलावा कहीं से मुमकिन नहीं है!
इसके पीछे भी कई कारण हैं...
@एंटीबायोटिक्स किसी भी बैक्टीरिया पर तभी असर कर पाते हैं,जब उन्हें ख़ास उन्ही बैक्टीरिया का खात्मा करने के लिए बनाया जाता है! जो एंटीबायोटिक्स यहाँ प्रयुक्त हुए थे..वो ख़ास सैटेलाइट्स के अन्दर के बैक्टीरिया को मारने के लिए ही बने थे! उनसे दुनिया के किसी और बैक्टीरिया को ख़त्म करने के उम्मीद नहीं करी जा सकती! यहाँ जो बैक्टीरिया निगेटिव्स को बना रहे हैं,उसके बारे में पृथ्वी के वैज्ञानिकों को जानकारी ही नहीं है,तो वो उनके लिए कोई एंटीबायोटिक्स बनाना तो क्या सोच भी नहीं सकते थे,कि यह माना जा सके कि चमत्कार हो गया था!
@ बैक्टीरिया के अन्दर म्युटेशन की क्षमता बहुत अच्छी होती है...अगर बैक्टीरिया म्युटेशन में पारंगत है..यानी अनूकूलन के सिद्धांत बहुत अच्छी तरह से पालन करता है..जैसा कि तलक्षेत्र में हो रहा था..तो उस परिस्थति में म्युटेशन सहायता करता है बैक्टीरिया को खुद को बचाए रखने में!
एंटीबायोटिक्स की क्रियाविधि ऐसी होती है,कि किसी ख़ास बैक्टीरिया के खिलाफ सिर्फ उसके कल्चर से निकालकर बनाया गया एंटीबायोटिक्स ही उसको ख़त्म करने में सक्षम होता है..इसके अलावा बैक्टीरिया एक बार सामना होने के बाद किसी ख़ास एंटीबायोटिक्स के खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता विकसित कर लेते हैं! इसलिए कोई एक ही तरह का एंटीबायोटिक्स हर तरह की बीमारी में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता!
एक और गौर करने वाली बात है कि एंटीबायोटिक्स को भी बैक्टीरिया पर अपना प्रभाव दिखाने के लिए समय की जरूरत होती है,कोई एंटीबायोटिक्स कुछ मिनट्स में इतना जबरदस्त प्रभाव नहीं डाल सकता है,कि अनुकूलन के द्वारा बदले शरीर को वापस ठीक कर दे! और एक बहुत बड़े क्षेत्रफल में फैले तलक्षेत्र से बैक्टीरिया साफ़ कर दें!
(लेकिन यह सबकुछ लेखक के द्वारा मुमकिन किया गया है! यह पढने वालो के ऊपर है कि जो निगेटिव्स की उत्पत्ति और उनके अंत का तरीका कॉमिक्स में दिखाया गया है,वो उससे सहमत हो सकते हैं या नहीं!)
कहानी में जब तक अनूकूलन था.. निगेटिव्स और तलक्षेत्र की कहानी सही जा रही थी..लेकिन कहानी के अंत में बैक्टीरिया के इस्तेमाल ने सुपर हीरोज को तो जितवा दिया..मगर कहानी के सबसे महत्वपूर्ण हिस्से को कमजोर कर दिया!
इस कॉमिक्स की सभी खूबी यह हैं-
1-पाठको को 160 पेज पहली बार एक सिंगल कॉमिक्स में मिलना!
2-पाठको को आर्टवर्क में सालों बाद अनुपम जी के साथ विनोद कुमार की का जबरदस्त काम मिलना!
3-कॉमिक्स में ग्लॉसी पेपर के साथ उम्दा कलरिंग!
4-(सिर्फ एक्शन पसंद करने वाले पाठको के लिए) जो पाठक कहानी के उतार चढ़ाव,मनोरंजन वगैरह पक्षों से ज्यादा एक्शन को महत्त्व देते हैं,उनके लिए यह कॉमिक्स एक हॉट केक की तरह है!
इस कॉमिक्स की कमियां यह हैं-
1-करीब 160 पेज होने के बाद भी कहानी में एक्शन पक्ष को इतना ज्यादा महत्त्व दे देने के कारण ,कहानी का मनोरंजन पक्ष बर्बाद हो जाना!
2-कहानी में पात्रो को दिखने के तरीके में संवाद वाले पक्ष में गंभीरता की कमी होना,जिससे किरदारों का कहानी के लिए कम...अपितु खुद लिए काम करते दिखना दृष्टि गोचर होने लगता है!
3-बिलकुल नए खलनायक होने और एक रहस्यमयी जगह का माहौल होने के बावजूद भी उनका जरा भी उपयोग कहानी में ना होना अपितु सिर्फ खानापूर्ति लायक ही जगह दिया जाना!
4-कहानी में घटी हुई कुछ घटनाओं में कमियां छोड़ दिया जाना!

कथा-3/5
चित्रांकन-5/5

पेंसिल-
यह कॉमिक्स अनुपम सिन्हा जी ने पेंसिल करी है और उनके काम के बारे में हर कॉमिक्स प्रेमी बचपन से जानता है कि वो हमेशा अपना 100% देते हैं!
इस पूरी कॉमिक्स के 90% से भी ज्यादा पन्नों में सिर्फ एक्शन सीन हैं! एक्शन के मास्टर अनुपम जी हमेशा से रहे हैं,यहाँ भी उन्होंने हर एंगल से एक्शन को उकेरा है! डोगा के एक्शन सीन सबसे ज्यादा अच्छे बने हैं,जब वो ट्रेन वाले सीक्वेंस में आता है! उसके अलावा ध्रुव और डोगा की भिडंत के सीन्स दमदार हैं!
परछाइयों को किरदारों के साथ चिपके हुए चलते दिखाने में जो रोमांच का अनुभव आना चाहिए..वो पैदा करने में अनुपम जी सफल रहे हैं!

इंकिंग-विनोद कुमार
किसी भी पाठक की अनुपम जी के पेंसिल पर विनोद जी की इंकिंग देखने से बड़ी तमन्ना नहीं हो सकती है,जो इस कॉमिक्स में पूरी होती है! इस जोड़ी ने एक दशक से भी लम्बे समय तक सैकड़ो बेहतरीन कॉमिक्स पाठको को दी हैं! सिर्फ विनोद जी का नाम होने की वज़ह से इस कॉमिक्स का मूल्य देते समय किसी को भी कोई हिचकिचाहट महसूस नहीं होगी!

इस कॉमिक्स में जलजला के वक़्त जैसा आर्ट मिला है! वही पुराना ध्रुव जो हर कॉमिक प्रेमी अपने बचपन से देखता आ रहा है! वही साफ़ सुथरे चेहरे, जो पहचान थे कभी राज कॉमिक्स के स्वर्णिम काल की!
आज के वक़्त में आर्टवर्क प्रयोगधर्मी ज्यादा हो गया है! हर नया आर्टिस्ट अपने तरह से चीजों को बनाने और उन्हें सही साबित करने की होड़ में जुटा है! जिससे चेहरा सही नहीं बनता,वो उसको किसी अँधेरे कोने में खड़ा करके काला कर देता है! निगेटिव्स खुद में एक ब्लैक आर्टवर्क स्टोरी है! अगर अनुपम-विनोद जी चाहते तो इसको भी जबरदस्ती आजकल के आर्टिस्ट्स जैसा काली लीपा पोती करके पेश कर देते! आखिर क्या जरूरत थी, उन्हें इतनी ज्यादा मेहनत करके हम पाठको को देने की?
इसका उत्तर यह है कि अनुपम-विनोद जी अपने काम से बहुत प्यार करते हैं! यह उनकी आत्मा है और अनुभव हमेशा आगे रहता है! नयी पीढ़ी के आर्टिस्टस को इस कॉमिक्स को देखकर समझना चाहिये कि पाठको को क्या चाहिए और क्या नहीं!

रंग संयोजन-
कलरिंग इफेक्ट्स “अभिषेक सिंह” के द्वारा किये गए हैं! इतनी बड़ी कॉमिक्स का अपने करियर की शुरुआत में ही मिलना एक बहुत बड़ी उपलब्धि कही जा सकती है! उन्होंने भी इस बात को समझते हुए सराहनीय काम किया है!
लोरी-तिरंगा,डोगा की ट्रेन साइड नेगेटिव्स से भिडंत में अच्छे इफेक्ट्स हैं!
इस कॉमिक्स की कलरिंग से 10 साल पहले की कलरिंग वाला एहसास होता है! यहाँ हल्के इफेक्ट्स के साथ हार्ड कलर्स हैं! ग्लॉसी पेज होने से भी इफेक्ट्स का पूरा मज़ा मिल रहा है! सिर्फ अंधमान की ड्रेस को ज्यादा हाईलाइट टोन में होना चाहिए था,आखिर वो एक मुख्य और नया पात्र था! बहरहाल ओवरआल काम बढ़िया है!

शब्दांकन-
कॉमिक्स में 2 कैलिग्राफर हैं-नीरू और मंदार गंगेले जी! कौन सी जगह किनका काम है यह तो बता पाना संभव नहीं है! संवादों में यह कहानी काफी लम्बी है! सबको बोलने के लिए काफी कुछ मिला है! एक्शन और संवाद साथ साथ चलते ही रहते हैं!
कॉमिक्स में “नेगेटिव्स” के द्वारा कहे गए संवादों को काले bubbles में दिखाया गया है,जो टेढ़े मेढ़े और सुंदर दिखते हैं! इन bubbles की बाहरी पर्त पर भी अलग रंगों के इफ़ेक्ट स्ट्रोक्स देखने को मिलते हैं,जो पहले किसी कॉमिक्स में नहीं दिखा है!
अनुपम जी के लेखन पर यही टिप्पणी है कि वो कॉमिक्स में अभी भी सबसे अच्छे आइडियाज लाते हैं,लेकिन अब कहीं ना कहीं,उन आइडियाज का पूरी तरह से उपयोग नहीं हो पा रहा है! पहले आई नागराज है ना,आदम,काल कराल अपने विज्ञापन में जिस तरह का रोमांच बना चुकी थी..कॉमिक्स में वो बात नहीं बन पाई, “नेगेटिव्स” भी इस चीज़ से कुछ अलग नहीं है! “नागराज के बाद” वाली सीरीज के उपरान्त सिर्फ एक "हेड्रोन सीरीज" ऐसी थी जिसमे मज़ा आया था! उन्हें मनोरंजन वाले पक्ष के साथ किरदारों का चुनाव और उनको सही तरह से rotataion के अंतर्गत लाते रहना चाहिए!

अंत में यही कहना है कि निगेटिव्स को हर कॉमिक प्रेमी के कलेक्शन की शोभा जरूर बनना चाहिए! सालो पहले पढने को मिल चुकी कई मल्टी स्टारर के समकक्ष ना होने के कारण कहानी अति साधारण जरूर लगती है,जिसमे मनोरंजन के तत्वों की सतत कमी है,लेकिन ग्लॉसी पेपर पर अनुपम जी-विनोद कुमार जी के सजीव चित्रांकन की वज़ह से इसको देखने में आँखें सुकून का अनुभव करती हैं!
अंधमान,यामिनी और तलक्षेत्र को आगे दोबारा एक नए भयानक अंदाज़ और गंभीर कहानी में देखने की इच्छा जरूर रहेगी!