Pages

Showing posts with label Published in 2013. Show all posts
Showing posts with label Published in 2013. Show all posts

Tuesday, 28 January 2014

SARVYUGAM

सर्वयुगम के द्वारा सर्वनायक की मुख्य शुरुआत आपके हाथो में पहुँच चुकी है! युगांधर के बाद सर्वयुगम को पाने का ज्यादा इंतज़ार तो नहीं करना पड़ा लेकिन इस छोटे से समय में ही मन निरंतर उद्देलित बना रहा कि कैसी होगी सर्वयुगम?कौन कौन किरदार होंगे?कैसे कहानी की शुरुआत होगी? भूत-वर्तमान काल के नायकों का आमना-सामना किस प्रकार होगा? युगम कौन है? क्या पाठकों के सबसे पसंदीदा नायक को कहानी में वज़नदार काम मिला होगा? सवालों की लिस्ट बहुत लम्बी है..तो अब वक़्त है जवाबो को पाने का! इतनी बड़ी श्रंखला के अंत तक पहुंचना अभी किसी पाठक के लिए मुमकिन नहीं है..कहानी को चलने दिया जाना चाहिए और ध्यान कहानी में हो रही घटनाओं और हलचलों पर केन्द्रित करिए! इसमें लेखक ने भी सहायता करी है-सभी भागों को अलग-अलग खण्डों में विभाजित करके! जिससे समीक्षा करना आसान बन गया है!

*प्रस्तावना-उत्

पत्ति सूत्रधार
यह सर्वयुगम का पहला और छोटा सा खंड है! इसमें ज्यादा कुछ नहीं है..सिर्फ इतना पता चलता है कि कॉमिक्स में “अडिग” भी मौजूद है!

*प्रथम अध्याय –गर्भ ग्रह
कहानी की मुख्य शुरुआत इस अध्याय से हुई है! वर्तमान में धरती पर अन्तरिक्ष से एस्टेरोइड बेल्ट्स का आक्रमण हो गया है! वज़ह और किसकी कारस्तानी है..यह अभी किसी को नहीं पता...पता सिर्फ इतना है कि 8 घंटे में धरती का नामो निशाँ मिल जाएगा!
ब्रह्माण्ड रक्षको को तब गर्भ गृह के बारे में वैज्ञानिक बताते हैं...जो कुछ ऐसा है- कि पृथ्वी के “आंतरिक कोर” के ऊपर एक ऐसा गर्भ गृह बना दिया गया है..जिसमे पूरी पृथ्वी की जनसँख्या समा सकती है!
सवाल उठा- किसने बनाई ? जवाब आया- अकेले परमाणु और शक्ति ने प्रोबोट और वैज्ञानिकों के साथ मिलकर!
प्रोबोट एक रोबोट है...उसके अन्दर जितना ज्ञान है...वो प्रोफेसर कमल कुमार वर्मा का तब का ज्ञान है...जब वो कोमा में चले गए थे..रोबोट में तर्क शक्ति नहीं होती है..कमांड्स पर काम करता है....पर प्रोबोट के मामले में सब उल्टा चलाया जा रहा है!
अनुपम सिन्हा जी ने “कोलाहल” में एक चीज़ दिखाई थी कि परमाणु ने एक ऐसा एंटी लावा सूट पहना जो 30 मिनट तक लावे की गर्मी को सहने के बाद गल जाएगा! पॉवर दी गई मगर conditions apply* के टैग के साथ! यह चीज़ मुमकिन भी थी और मानी भी जा सकती है!
मगर सर्वयुगम में लेखक ने परमाणु को एक ऐसा सूट दिया है..जिसपर कोई conditions apply* नहीं करती हैं...यह “विशेष सूट” कुछ नहीं मांगता है..ना कोई कूलिंग डिवाइस,ना कोई ऐसा प्रतिरोध जिससे यह दिनों..महीनो तक बिना जले या गले टिक गया है!
RC में पहले वैज्ञानिक सिद्धांतो का आदर होता था...बच्चे कॉमिक्स पढ़कर विज्ञान के करीब आते थे...लेकिन अब रोहित शेट्टी की फिल्मों की तरह विज्ञान का मखौल उड़ाया जा रहा है! पृथ्वी के “आंतरिक कोर” तक जाने के लिए क्या तकनीक चाहिए इसके लिए सभी पाठको को एक फिल्म THE CORE जरूर देखनी चाहिए! वरना सर्वयुगम वाली तकनीक उन्हें भ्रमित कर देगी!
शायद यही तक लेखक रुक जाते तो बात संभल जाती...मगर अगले ही पैनल में एक नयी पॉवर बताई गई...Ultra Cold Atoms ! इनकी विशेषता है कि यह लावे तक को ठंडा करने की ताकत रखते हैं! ख़ास बात यह कि इन atoms की सक्रियता को लेकर भी कोई समय सीमा या condition नहीं है...एक बार शक्ति के बनाये धातु के गर्डर पर चढ़ा दिए तो ज़िन्दगी भर चलते रहेंगे!
तो यह थी गर्भ गृह के साथ इस कहानी की खोखली नींव!
इधर सुपर कमांडो ध्रुव दिल्ली से हिमालय की कंदराओं में बैठे समाधी लगाये किरीगी को मानसिक संपर्क कर रहा है?????
नयी पॉवर वाला ध्रुव?
आज मानसिक संपर्क कर रहा है...कल मानसिक विस्फोट करेगा? सीरियसली परमाणु कि जग प्रसिद्ध बर्बादी के बाद अब ध्रुव का ही नंबर लगा दिख रहा है....specials और showstopper की छिछालेदार के बाद अब लगने लगा है अनुपम जी के हाथो में ही ध्रुव सुरक्षित है...वही उसको पुराना रूप दे सकते हैं!
मसीहा पागलखाने से भागकर तो आ गया..पर दण्ड कहाँ से लाया? कृपया आगे के भागो में जरूर बताएं!
उपरोक्त बातों को कॉमिक्स में पढ़कर जिन पाठको को भरपूर मनोरंजन प्राप्त हुआ हो...वो आनंद लें...बाकी आइये द्वितीय अध्याय पर

* द्वितीय अध्याय-पूर्वजों
की धरती (प्रथम भाग)
विशेषता-इस भाग में स्वर्ग हेतु वाला मुद्दा ही चल रहा है...योध्धा को धकमानघन की प्राप्ति कैसे हुई और शुक्राल के साथ कैसे युगम ने उसको उठाया!

* द्वितीय अध्याय-पूर्वजों
की धरती (द्वितीय भाग)
विशेषता-इस भाग में भेड़िया और गरुडा के साथ अतिक्रूर और शूतान का अधूरा और अनसुलझा टकराव है...और भेड़िया का युगम द्वारा अपहरण!

*तृतीय अध्याय-क्षुद्र ग्रहों का आक्रमण
विशेषता- इस भाग में ध्रुव अपने साथियों के साथ कुछ अच्छे रणनीति पूर्ण कार्य करता नज़र आया है...तिरंगा को भी एक मैनेज़र का रोल मिला है...जो रणनीतिकार बना हुआ है!
कहानी अच्छी भली चल रही थी..कि अचानक से परमाणु ने दोबारा नयी पॉवर निकाल ली-मॉलिक्यूलर एक्सपेंशन ----इसका काम है परमाणु को वामन अवतार दे देना!
यह कब मिली..क्यूँ मिली और कैसे मिली? यह उल्लेखित नहीं करा गया है...परमाणु को नागराज के बड़े शरीर की बराबरी करनी थी तो कर ली!
परमाणु के इस झटके से पाठक अभी उबर भी नहीं पाए थे...कि नागराज बोल पड़ा “मैं अपनी इच्छाशक्ति से ब्लैक होल” बनाऊंगा!
क्या कहा जाए? शायद अगले भाग में यह दोनों परमाणु और नागराज नया ब्रह्माण्ड ही बना देंगे!
तो यहाँ तक इन “असंभव”,”एवें ही”,”कुछ भी” जैसे कारनामो से अपने प्रिय सुपर हीरोज़ को जीतते देखकर अपना सिर धुन रहे पाठको को अंतिम अध्याय अपने पास बुला लेता है!

*चतुर्थ अध्याय- युगम क्षेत्र
यह अंतिम अध्याय ना होता तो यह कॉमिक्स कंपकंपा कर बिखर गई होती..यही एकमात्र हिस्सा ऐसा है...जो कहानी को वापस ट्रैक पर लाकर पाठको को राहत देगा!
युगम का किरदार बहुत प्रभावशाली है! वो सुसंस्कृत है...महान ज्ञाता और अपराजित भी!
इस भाग में सभी नायको और युगम के बीच में बहुत अच्छे तर्क और सवाल होते हैं!
सर्वयुगम का अंत होता है...भोकाल और नागराज के बीच प्रतिस्पर्धा की शुरुआत के साथ!
युगम धरित्री अस्य:

आप सभी ने सर्वयुगम का एक संछिप्त सारांश पढ़ लिया..अब बात लेखन की! नितिन मिश्रा जी ने जो काम “तक्षक” नाम की महत्वहीन कॉमिक्स में किया था वही सर्वयुगम में भी दोहराया है! एक्शन सीक्वेंस में किसको,कैसे जीतना है,कैसे काम करवाने हैं...इसपर मेहनत और जोर नज़र नहीं आता है! कागज़ी बातों में सभी किरदार बहुत अच्छे संवाद बोल रहे हैं....लेकिन ज़मीनी लड़ाई में उल जलूल प्रयोग हो रहे हैं...कौन कैसे जीत रहा है..कैसे हार रहा है.. कौन कब आया...पिटकर कहाँ गया...जिंदा है की मर गया..इसके बीच में ना सामंजस्य है..और ना ठोस आधार!
इस बात को दृष्टिगत रखते हुए राज कॉमिक्स से निवेदन है कि सर्वनायक सीरीज की वृहद और विस्तृत कथावस्तु को देखते हुए आगे के भागों में श्री अनुपम सिन्हा,तरुण कुमार वाही,विवेक मोहन,और खुद संजय गुप्ता जी एक्शन सीक्वेंस में रचनात्मक सहयोग दें जिससे ऊपर लिखी गई कमियों को यथासंभव दूर करके सर्वनायक को सफल बनाया जाए!

सर्वयुगम की गति ऐसी है-शुरूआती 4 पन्ने बहुत तेज़ी से चलते हैं...फिर संवाद...उसके बाद पेज 19 से ज़मीनी कार्य आरम्भ जो भागा दौड़ी में इस युग से उस युग तक चलते जा रहे हैं...पूरी तरह से एक्शन! अंत में पेज 70 से एक बार फिर संवाद जो अंत तक चलता है!

कहानी-2.5/5
आर्टवर्क-2.5/5

धीरज वर्मा जी का आर्टवर्क सर्वयुगम में है! लेकिन वो धीरज जी नहीं..जो कभी लड़ाके,तुरुपचाल,
मैं हूँ भेडिया या मर्द और मुर्दा के लिए जाने जाते थे! यह बात सच है...कि सर्वयुगम के आर्टवर्क का स्तर वैसा कतई नहीं है..जैसी हर पाठक उम्मीद कर रहा था!
आर्टवर्क का सारा कमाल इसके कलर इफेक्ट्स में छुपा हुआ है...
वरना गौर से देखेंगे तो इसमें rough out lining work के अलावा कुछ नहीं है! पेंसिल की detailngs तो दूर फिनिशिंग तक नहीं हुयी है!
उदहारण के तौर पर देखिये नागराज को जिसके शरीर से जालीदार शल्क गायब हैं...सतयुग में आइये योध्धा के आर्ट पर-सूखी घास के तिनको के समान आर्ट में से कई लाइन्स बाहर निकलती जा रही हैं! परमाणु के ऊपर तो इतने पेंसिल स्ट्रोक्स किये गए हैं...कि उसकी पीली पोशाक मकड़ी के जालों से ढकी नज़र आ रही है!
ऐसा आर्टवर्क इंकिंग के बिना कहीं भी नहीं ठहरने वाला! अब यह राज कॉमिक्स के ऊपर है कि वो कितना वक़्त लगाएगी इस चीज़ पर ध्यान देने में..क्यूंकि धीरज जी के साथ उसका भी नाम खराब हो रहा है!
सर्वयुगम के आर्टवर्क को इसके इफेक्ट्स ने बचा लिया है..जिस स्तर का आर्ट बना है....उसके लिए इफ़ेक्ट आर्टिस्ट्स को पूरे अंक दिए जा सकते हैं..उनकी मेहनत के बिना यह कॉमिक्स पार नहीं लग पाती!
शब्दांकन नीरू जी का है!

कॉमिक्स के मजबूत पक्ष-
*सिर्फ कॉमिक्स का चतुर्थ अध्याय
कॉमिक्स के कमजोर पक्ष-
*अनगिनत (उपरोक्त लिखित हैं)टिप्पणी- अति सुधार व उपचारात्मक सोच और काम की आवश्यकता!

overall सर्वयुगम अपने पिछले भाग युगांधर की आधी प्रतिष्ठा भी बचा नहीं पाई है! यह दुःख का विषय है कि इतनी बड़ी और इंतज़ार वाली कॉमिक्स के अन्दर ऐसा हुआ! राज कॉमिक्स आगे के भागो में ज्यादा सूक्ष्म दृष्टि से मेहनत करे!

NARAK NASHAK

नरक नाशक नागराज की उत्पत्ति श्रंखला का प्रथम खंड आपके हाथों में हैं! नागराज की लम्बी यात्रा का तीसरा चेहरा “नरक नाशक नागराज” जब पहली बार पाठको के सम्मुख आया था तब इसकी सफलता पर कई प्रश्नचिन्ह लगे हुए थे...क्यूंकि महानगर और आतंकहर्ता नागराज लोगों के दिलों में गहराई तक उतर चुके थे! एक तरह से “नरक नाशक” क्या है?कैसा होगा? क्या अलग करेगा? अनगिनत सवाल खड़े थे! ऐसे में नितिन मिश्रा जी द्वारा उसकी कई अच्छी कहानियां लिखी गई,जिससे उसका एक फैन बेस बना..तो अब वक़्त आया कि पाठको को बताया जाए कि नरक नाशक कैसे और क्यूँ बना!
यह पूरी कॉमिक्स narrative style में लिखी गई ....हाल के वर्षों में इस style से कोई पूर्ण कॉमिक्स दूसरी देखने को नहीं मिली है! प्रोफेसर नागमणि द्वारा “नरक नाशक नागराज” के जीवन के उस बाल रूप को चित्रित किया गया है,जिसको उसने पाला और बड़ा किया था!
Parallel Earth का यह नागमणि काफी अच्छा भी है..उसमे भी जज्बात और कुछ सकारात्मक बातें मौजूद हैं! लेखक ने आतंकहर्ता नागराज की शुरूआती कहानियों से कुछ घटनाएं और किरदार लिए हैं...जैसे मंदिर के पुजारी से मृत नागराज का मिलना,बुलडॉग,सि

ल्वर लैंड के मास्टर सुजुकी! लेकिन यह सभी बातें बिलकुल नए अंदाज़ में नए तथ्यों को जोड़कर नए सिरे से लिखी हैं...इससे कहानी एकदम तरो ताज़ा एहसास कराती है!
प्रोफेसर नागमणि का रोल बहुत बढ़िया लिखा गया है! जब एक खलनायक को आप एक नायक को पालते-पोसते देखते हैं..वो भी ठीक इस तरह कि वो उस बच्चे के ऊपर कोई मुसीबत आई देखकर रो भी पड़ता है..ऐसे में सहज रह पाना मुश्किल हो जाता है! महानगर नागराज के नागमणि के उलट NNN का कौटिल्य नागमणि ज्यादा बेहतर और द्रढ़ नज़र आता है! NNN के साथ उसका एक बहुत गहरा और भावनात्मक जुड़ाव है! खलनायक और नायक के बीच ऐसा दूसरा रिश्ता RC में सिर्फ विनय और प्रोफेसर कमल कुमार के बीच ही है!
बाल नागराज को धीरे-धीरे बड़े होते देखना आपको जरूर अभिभूत कर देगा! आप कहानी में खो जाते हैं कि यह बच्चा कैसे और क्या-क्या कर सकता है! अपनी शक्तियों को उपयोग करने की उत्कंठा हो ,या अपने आपको एक योग्य शिष्य साबित करने कि जिजीविषा,किसी कातर पुकार पर पहला द्वंद लड़ना हो या अपराध जगत को अपनी पहली उपस्थिति का एहसास कारन! पाठक जब तक कहानी का अंतिम पन्ना पूरा नहीं कर लेते,पलकें झपकाना भी भूल जायेंगे!
नरक नाशक बहुत संजीदा और आराम से चलती है...कोई जल्दी नहीं...ना लिखने वालो को और ना ही पढने वालो को...इतनी सुन्दरता से हर चीज़ बताई गई है...कि मुश्किल चीज़ें भी पाठक बड़े आराम से पढ़ सकते हैं....एक्शन सीन इस narrative कॉमिक्स में अलंकार की तरह हैं!
और ऐसे में कहानी अभी जारी है...आप सभी पाठक इस कॉमिक्स को एन्जॉय करें और नरक नियति का इंतज़ार भी!

कहानी-4.5/5
आर्टवर्क-4.5/5

हेमंत कुमार जी इस समय अपने सबसे बेहतरीन समय में नज़र आ रहे हैं....वीरगति के बाद नरक नाशक में भी उन्होंने शानदार चित्रांकन दिया है! लगता है उन्हें नागराज पर काम करना विशेष रूप से प्रिय है! छोटू नागराज की मासूमियत को बहुत सुन्दरता से उकेरा गया है! हेमंत जी अब चेहरों पर भाव प्रवीणता लाने में काफी सफल हो रहे हैं! पेज-24 पर नागमणि का भावुक चित्र बहुत उम्दा है! NNN की शिक्षा-दीक्षा और उसके बुलडॉग आर्मी को खात्मे के एक्शन दृश्य शानदार बने हैं!
ईश्वर आर्ट्स द्वारा करी गई इंकिंग भी बेजोड़ है! यह teamup और काम आगे भी बनाये रखें!
शादाब सिद्दीकी और अभिषेक जी द्वारा दिए गए इफेक्ट्स हैं...दोनों ही अपन काम में माहिर हैं...जो कॉमिक्स में नज़र आ रहा है!
कैलीग्राफी नीरू जी की है! नीले रंग के कैप्शन में नागमणि द्वारा कहानी को बताया जाना सुंदर लगता है! डिजिटल कैलीग्राफी से कॉमिक्स और बेहतरीन बन रही हैं!

कॉमिक्स के मजबूत पक्ष-
*नितिन जी का लेखन,हेमंत जी का आर्ट,उम्दा रंग, अच्छी रफ़्तार की कहानी व सभी पहलुओं पर एक समान मेहनत!
कॉमिक्स के कमजोर पक्ष-
*NIL

नरक नाशक एक ऐसी कॉमिक्स है....जिसको पढने के बाद NNN के आलोचक भी उसके प्रशंषक बन जायेंगे! नितिन जी से यही गुजारिश है कि इस momentum को आगे के भागों में भी बनाये रखें!

DO KATORA KHOON

बीस सालों के बाद अपने स्पेशल एडिशन नंबर 4- “एक कटोरा खून” के नाम को विस्तारित करके जब राज कॉमिक्स ने “2 कटोरा खून” की उदघोषणा करी, तो हर THS प्रेमी प्रफुल्लित हो उठा था! क्यूंकि यह genre हमेशा विवादस्पद बनी रहती है,जिसकी वज़ह से सालों तक बंद रहने को मजबूर भी! लेकिन आज तक राज कॉमिक्स की THS में ऐसा कोई भी बिंदु एक भी व्यक्ति निकाल नहीं सका,जिससे इसको बंद रखने का कोई औचित्य मिले! हम तो चाहेंगे राज कॉमिक्स इस genre को बांकेलाल की तरह प्रोत्साहित करे! ताकि हर सेट में एक दिल देहलाऊ कहानी पाठको को मिलती रहे!
“2 कटोरा खून” के बारे में पहली चीज़- कि यह “एक कटोरा खून” से 99% अलग है! ना तो उसके आगे की कहानी है ना ही पीछे की! 1% समानता सिर्फ कनपटीमार चुड़ैल के काम करने के तरीके की है!
चुडैलों की कहानियां मुख्यतः राजे रजवाड़ों से ही जुडी मिलती रही है! यहाँ का प्लाट भी वही है! कहानी के शुरूआती 2 पेज ऐसे मिलते हैं...जो पाठको को पहले ही कहानी का सारांश बिना कुछ कहे ही दिखा देंगे! यानी यहाँ रक्तपिशाचों और नरभेडियों के बीच जानी दुश्मनी पर कहानी लिखी गई है! इसमें कनपटीमार चुड़ैल कैसे फिट बैठती है..यही कहानी में पाठको के पढने योग्य है!

THS की कहानी का सबसे मजबूत फैक्टर होता है- “डर”!
“रोमांच” का पता पाठक को सबसे अंत में लगता है कि क्या वो अगली रात दोबारा कहानी पढना चाहेगा? ऐसा वो तब करेगा जब उसे लगेगा कि कहानी में “सस्पेंस” अच्छा डाला गया हो! यानी अगर रोमांच+सस्पेंस मिल गया तो हॉरर अपने आप निकल आएगा!

इस THS की कहानी में है प्रेम की कोपलें,रंजिश,धो
खा और जन्मों का विछोह! ऐसे में एक पूर्ण कथानक के स्तर पर “2 कटोरा खून” सफल कही जा सकती है! कहानी की केन्द्रीय नायिका के रूप में “अलंकृता” नाम की मासूम लड़की का किरदार एक चुड़ैल के रूप में वीभत्स बन जाना आकर्षित करता है! पाठक यह सोच सकते हैं...कि चुड़ैल के रूप में यही लड़की क्यूँ? तो इसका जवाब उन्हें कहानी के अंतिम पन्नो में मिलता है! गहराई से लिखी गई इस कहानी में हिमालय क्षेत्र में बसे एक छोटे से राज्य स्यालगढ़ को दिखाया गया है जहाँ रक्तपिशाचों और नरभेडियों का आतंक फैला हुआ है!
कहानी का कालखंड बताता है कि यह कहानी आज की नहीं बल्कि सदियों पहले इसका बीज बोया जा चुका था! आज तो सिर्फ अंत होना है! पर यह अंत भी अधूरा है..शायद 3 कटोरा खून के लिए कुछ बचाया गया हो!
*कौन है इसके पीछे?
*कौन रोकेगा इन् दोनों खूनी जातियों को?
*क्या है 2 कटोरे खून का रहस्य?
*क्या विछोह को अपनी परिणीती मिल पाई?

कहानी की गति कुछ यूँ है-पेज 4 से ही रहस्य के साए दिखने शुरू हो जाते हैं...जो पेज 17 तक कहानी को चुड़ैल वाले ट्रैक पर ले आते हैं...40वे पेज तक षड्यंत्रकारी सामने होते हैं...50वे पेज तक कहानी का पूर्वाध दिखाया जाता है...70वे पेज तक कहानी आर-पार की बन जाती है...जो आखिर में क्लाइमेक्स पर खून-खराबे से समाप्त होती है!

बहरहाल राजे रजवाड़ों की दन्त कथाओं से उत्पन्न हुई इस कहानी को आप जरूर पढ़िए! बहुत ज्यादा innovative आईडिया पर तो कहानी नहीं है..लेकिन One Shot THS स्टोरी के लिहाज़ से परफेक्ट और मनोरंजक है!

कहानी-4/5
आर्टवर्क-4.5/5

THS का आर्ट वो भी विनोद कुमार जी का...इससे ज्यादा और ठोस वज़ह नहीं हो सकती कि यह कॉमिक्स हम सभी को खरीदने के लिए कह सकते हैं! एक कटोरा खून उन्होंने ही बनाई थी! विनोद जी के काम से सभी वाकिफ हैं! वो जितने अच्छे इंकर हैं उससे कहीं ज्यादा अच्छे चित्रकार हैं!
पेज 64 से अंतिम पेज तक का आर्टवर्क हेमंत कुमार जी ने बनाया है! जो ठीक ठाक है!
विनोद जी द्वारा बनाई गई कनपटीमार चुड़ैल के हौलकनाक, वीभत्स खून निकालते दृश्य पुरानी कॉमिक्स की याद ताज़ा करा देते हैं! इस कॉमिक्स में बहुत ही डिटेल्ड आर्टवर्क दिया गया है! आपके पूरे पैसे वसूल हो जाते हैं!
कैलीग्राफी- वैसे तो शब्दांकन अच्छा हुआ है...लेकिन एक शिकायत भी है...कि कई जगहों पर डायलाग बलून्स को आर्टवर्क को पूरी तरह से कवर करने के लिए इस्तेमाल किया गया है! जबकि आसपास खाली जगह बची थी! वज़ह जो रही हो...पर यदि एक THS की कॉमिक्स में ही कुछ Mature artwork नहीं दिखाया जा सकता..तो बाकी सुपर हीरोज़ में तो यह 100 साल दूर की कौड़ी नज़र आ रही है! बहरहाल राज कॉमिक्स से निवेदन है...जिस तरह से कवर आर्ट को नितिन मिश्रा जी ने बहुत उम्दा बनाया है,नए क्रिएटिव आज के समय के साथ काफी कुछ नया करना चाहते हैं..उन्हें प्रोत्साहन मिलना चाहिए जिससे THS को एक अलग स्पेशल केटेगरी मानकर इस Mature artwork के विषय में थोडा लचीला रुख अपनाएं...जिससे आर्टिस्ट्स के विज़न को एक रचनात्मक पहलु मिले...और पाठको को भी कॉमिक्स में आधुनिक युग के साथ चलने में आसानी हो!
अब्दुल मोईन और शबनम जी ने इफेक्ट्स दिए हैं...हिमालयी वातावरण में आद्रता को मद्देनज़र रखते हुए...काफी हरियाली और धुंध मौजूद है! रात में माहौल में कुछ अतिरिक्त लाइटिंग इफेक्ट्स मिल सकते थे..आसमान के दृश्य साधारण ही रखे गए हैं...उनमे काफी स्कोप था...जो अनदेखा किया गया...आजकल भक्त रंजन जी के काम को देखते हुए...2 कटोरा खून आधा ही लग रहा है! अनुभव के साथ आगे निरंतर सुधार करें!

कॉमिक्स के मजबूत पक्ष-
*नितिन मिश्रा जी की लेखनी,विनोद जी का आर्ट,कहानी में प्रेम और रंजिश का सही तालमेल,कहानी का नायिका प्रधान होना,
कॉमिक्स के कमजोर पक्ष-
*रंग संयोजन में एकसरता,2014 के समय में भी आर्ट की maturity को लेकर विरोधाभास!

अंत में सभी कॉमिक प्रेमी और जो इस genre से अभी तक अनछुए हैं..वो भी THS की इस वापसी को प्रोत्साहित करें..और 2 कटोरा खून का आनंद लें!


POPAT MEIN JAAN



पोपटलाल अर्रर मतलब बांकेलाल का यह नया विशेषांक प्रस्तुत हुआ है नाम है “पोपट में जान”!
साल 2013 बांकेलाल के लिए काफी अच्छा रहा है! हर सेट में उसको जगह मिलती है और कई कहानियां भी बेहतरीन बनी हैं! वहीँ इस साल तो उसका एक महा विशेषांक भी आपको अगले सेट में मिलेगा!
पोपट में जान का कथावस्तु कुछ यूँ है- बांकेलाल को शक होता है कि विक्रम की जान राजमहल के 5 पशुओं के अन्दर बंद है! पशु ख़त्म तो मोटा भी खत्म! आगे की कहानी आप समझ गए होंगे कि बांके ने सभी पशु मार देने हैं! पर हुआ वही-“कर बुरा हो भला!” यानी विक्रम नहीं मरे! अब क्यूँ नहीं मरे,कहाँ चूक हो गई,यह तो बांकेलाल का रेगुलर पाठक वर्ग खुद ही समझदार है!

“पोपट में जान” में नया कुछ नहीं है! वही घिसा हुआ तिकड़मी प्लाट..कहानी भी साधारण रह गई और पूरी तरह से बांकेलाल पर निर्भर भी! सह भूमिकाओं में किसी को तवज्जो नहीं मिली..सभी एक बार चेहरा दिखाकर चलते बने! एक नई किरदार “धाय माँ” लाइ गई जो पकाऊ निकली..शायद दोबारा कभी आगे फिर दिखेगी(बोला तो ऐसा ही गया है)!
इस कहानी की गति कछुवे जैसी है....आप आराम से चाय-पकोड़े खत्म कर लेंगे और आपको पता भी नहीं चलेगा कि कब पूरी हो गई!
कहानी का हास्य पक्ष बहुत कमजोर है...एक बार भी दीदा फाड़ हंसी नहीं निकलती! बांकेलाल सीरीज के साथ यही पेंच रहते हैं....हर सेट में कॉमिक्स आती है इसलिए बीच-बीच में ऐसी नाकाम कहानियां भी मिल जाती हैं..खैर अब दर्शन दो यमराज का इंतज़ार करें!

कहानी-2/5
आर्टवर्क-3/5

सुशांत पांडा जी का है-रेगुलर वाला(ना ऊपर ना नीचे)
इंकिंग-फ्रेंको.
..कलर-बसंत जी...कैलीग्राफी सुखवीर!
एक और महत्पूर्ण सूचना कि “पोपट में जान” के लिए RC ने इस बार बहुत निम्न कोटि के पीताम्बर रंग के कागज़ का प्रयोग किया है!हमने 50-60 कॉमिक्स के ढेर में से बहुत मेहनत से कुछ थोड़े अच्छे कागज़ वाली कॉमिक्स छांटी! यानी पोपट में जान को पूरी तरह से इसी कागज़ पर प्रिंट करवाया गया है! इस कागज़ की उम्र बहुत कम है..ज्यादा आद्रता वाले इलाको में कॉमिक्स ज्यादा समय तक टिक नहीं पाएगी! RC ऐसे कागज़ का प्रयोग बार-बार ना करे!

कॉमिक्स के मजबूत पक्ष-
*सुशांत जी के चित्र!
कॉमिक्स के कमजोर पक्ष-
*उबाऊ कहानी,हास्य की नगण्यता,ख़राब कागज़ का उपयोग

“पोपट में जान” विशेष उल्लेखनीय नहीं है....अगली कॉमिक्स का इंतज़ार करिए!


Monday, 30 December 2013

MAXIMUM SECURITY

Review-"मैक्सिमम सिक्योरिटी"

"सिटी विदाउट ए हीरो सीरीज़" का तीसरा भाग “मैक्सिमम सिक्योरिटी” प्रस्तुत है!
इस सीरीज़ की कहानी अभी तक लगभग 225-230 पन्नो(160 रुपए) की हो चुकी है! अभी 96 पन्ने बाकी हैं,जो अंतिम भाग(जैसा की घोषित है) तक 320 पन्नो के आसपास तक पहुँच जायेंगे!
इसलिए अब समय आ गया है कि आपको गौर करना शुरू कर देना चाहिए कि इतनी मोटी लिखी गयी कहानी में आपको कदम दर कदम क्या-क्या मिलता जा रहा है! ऐसे कौन-कौन से महत्वपूर्ण बिंदु रहे हैं जो प्रस्तुत हो चुके हैं! BO की कहानी में मिल रही जटिलताओं को जानने की उत्सुकता को तोड़ने में नाकाम साबित होने के बाद आइये जाने इसमें क्या नई चीज़ें जुडी हैं!

1-“कोड नेम कॉमेट” में आपने पढ़ा था की ध्रुव गुमशुदा या मर चुका है..इसके अलावा उसका एक हमशक्ल मौजूद है!
2-“ब्रेकआउट” में आपने जाना कि राजनगर की नारका जेल टूट गयी..और पूरा शहर अस्त-व्यस्त हालातों में पहुँच गया!

तो अब आपको इस तीसरे भाग में मिलेगा... “मैक्सिमम सिक्यूरिटी जोन” नाम की पहली बार सुनी गयी एक अति-उन्नत जेल का बनना भी..और तोड़ दिया जाना भी!
“मैक्सिमम सिक्योरिटी” में कहानी एक ही जगह पर ठिठकी हुई नज़र आती है...इसमें सबसे बड़ा पेंच यही ठहराव है..जो कहानी की गति को बाधित करता है..अगर इस बात को भुला दिया जाए कि जेल के बनाये और तोड़े जाने की जानकारी के अलावा यह भाग टुकडो में ही सही कुछ आगे बढाया जाता तो शायद बेहतर लगता!
गौर करिए कि लेखक इतना लम्बा लिखने के बाद भी अभी तक कहानी की गहरी परतो के नीचे नहीं गए हैं..कि पाठक मौका हासिल कर सकें..खुद से कहने का कि “उन्हें कहानी में कुछ कुछ समझ आ रहा है!” तीसरा भाग भी खत्म हो गया है..लेकिन कोई भी ऐसा जवाब आपको नहीं मिला जिसके लिए आप पिछले तीन भागों से तड़प रहे हैं..लेखक का पूरा मन बन चुका है कि वो आपको अंतिम भाग तक लटकाए रखेंगे! खैर यह तो थी लेखक के नज़रिए की बात! लेकिन कहानी अब उस अवस्था तक जा पहुंची है...जहाँ दिमाग यही कह रहा है..कि इसका अंत जल्द सामने आये...ताकि एक नई कहानी शुरू हो सके!
अभी तक चल रही हौच-पौच,अनगिनत खुले धागों वाली कहानी को पढ़कर आपको लग रहा हो कि आपको ध्रुव मिल गया...तो रुकिए..अभी बहुत संदेहजनक परिस्थितयां बाकी हैं! इसलिए कहानी पर बात करने का यह ना सही वक़्त है..और ना इतनी जानकारियां मुहैया हुई हैं!
कहानी की अंतिम टिप्पणी अब अंतिम भाग पर छोड़ते हुए..आगे बढ़ते हैं..किरदारों पर-

*कॉमेट- आखिरकार कॉमेट राजनगर में प्रवेश करके चंडिका और CF कैडेट्स से मिल चुका है! यहाँ पर एक बड़ा पेंच मिलता है!
उसने अपना एक मासूम चेहरा,कुछ भावनात्मक संवादों,थोड़े एक्शन,कभी सनकी,कभी विचलित...मतलब बहुत कम समय में कई शेड्स दिखा दिए हैं! कभी वो आपको जरूरत से अधिक क्रुद्ध नज़र आता है...तो कभी बच्चे जैसे शांत! आप विश्वास नहीं कर सकते कि ध्रुव जैसे दिखते होने के बाद भी क्यूँ अकेले सिर्फ नताशा को ही यह लगा कि यह असली है! दाल काली है..और काली दाल काले दिलवालों की है! खैर..यह रोमांच का विषय बन गया है की कॉमेट की अंतिम मंजिल क्या दिखाई जायेगी!

*चंडिका- सवाल-जवाब करने,लड़ाइयों की मध्यस्थ बनने,सबको गाइड करने के काम चंडिका के हिस्से में आये हैं..ध्रुव नहीं है तो चंडिका है..यह बात साबित हो गयी..बाकी लोग सिर्फ नाटक ही करते नज़र आ रहे हैं..कि हाँ हम भी रहते हैं राजनगर में! फिर भी चंडिका का रोल पिछले भाग ब्रेकआउट से आगे नहीं बढ़ता है..जिस सड़क पर पहले थी..MS में भी वहीँ खड़ी दिखती है!

*ब्लैक कैट- MS में ब्लैक कैट के हिस्से में नताशा की जबरदस्त पिटाई के कुछ पन्नो के अलावा और कुछ ख़ास काम नहीं है! ब्लैक कैट प्रेमियों का कलेजा मुहं को आ सकता है,जब नताशा के हाथो शर्तिया मौत को ब्लैक कैट डॉज देती है..पर इस अदा पर ही तो सभी कुर्बान हैं..बिल्ली का रास्ता अभी काफी लम्बा है...लेखक कहानी में जरूर आगे उसको कुछ अहम् काम दें..ऐसी उम्मीद करें!

*नताशा- MS में पढने लायक सबसे मजेदार चीज़ें नताशा मुहैया कराती है..कहानी में वक़्त और हालत की नजाकत को भांपने में बिलकुल फेल,सबका मालिक बनने की कोशिशों जैसा लगता है..इस असंतुलित हालत में चंडिका, ब्लैक कैट,कॉमेट अपने अपने तरीको से उसके ऊपर हावी होकर बाज़ी मार लेते हैं!
नताशा का किरदार लगातार रहस्यमयी बनता जा रहा है..वो जो करती है,कहती है,तथ्यों से नहीं मिलन कर रहा! सकारात्मक होते हुए भी..आपके संदेह की एक सुई उसकी तरफ लटकी रहती है.
पिछले भाग ब्रेकआउट से नताशा का किरदार एक पायदान ऊपर आया है...बड़ा रोल होने के बाद...इतना तय है अंतिम भाग कुछ बड़े रहस्यों से पर्दा उठाने की प्रतीक्षा में है!

*दाढ़ी वाला अजनबी- “ब्रेकआउट” में आपको याद होगा,एक भावशून्य कैदी दिखाया गया था! MS का ज्यादातर हिस्सा उसी इधर-उधर भटकते कैदी पर केन्द्रित है! वो कुछ याद करता है तो कुछ भूल जाता है! लेखक अंतिम पन्नो पर 2 रहस्यों से पर्दा उठाते हैं (वैसे यह रहस्य कुछ नए नहीं थे)!
पहला- मास्टर-M का चेहरा दिखाकर!
दूसरा- दाढ़ी वाले अजनबी को क्लीन शेव बनाकर!
एक पर आप भरोसा कर सकते है..लेकिन दूसरा अभी संदेहमुक्त नहीं है!

*धनंजय- MS में एंट्री करके पहले 2 पन्नो में चट्टान की तरह फौलादी इरादों से लबरेज नज़र आ रहे धनंजय को आगे के पन्नो में मैदान में उतारते ही लेखक की कलम धन्वंतरी महोदय की सेवाएं दे देती है! आपको ठहाके लगाने के लिए MS में यह एक चीज़ मिल ही जाती है! धनंजय को छोटा रोल मिला है...जो पाठको के लिए हँसी और राजनगर वासियों के लिए दुःख का विषय बन गया! उम्मीद करी जाए कि “लास्ट स्टैंड” में धनंजय अपनी खोई प्रतिष्ठा वापस पा ले!

बाकी बचे मिशा, CF कैडेट्स, और अन्य खलनायकों के रोल इस भाग में उल्लेखनीय नहीं हैं!

कहानी-4/5
आर्टवर्क-3.5/5

MS का आर्टवर्क CNC और BO से नीचे नज़र आ रहा है! हेमंत जी एक्शन सीन अच्छे बनाते रहे हैं.....स्थिर खड़े किरदारों की तुलना में..मूवमेंट प्रदर्शित करते हुए किरदार बेहतर लगते है!
अब आप इसको 2 तरह से देखिये...
एक उनके चेहरे को भूलकर,
दूसरा उनके शरीर को याद रखकर!

यह कहने में कतई संकोच नहीं होता है,कि हेमंत जी शरीर अच्छे बना रहे हैं...लेकिन चेहरों में मात खा रहे हैं..खासकर SCD की सीरीज में ऐसा हो रहा है...वो नागराज की NNN या AHN सीरीज ज्यादा बेहतर बनाते हैं बनिस्पत इस सीरीज की तुलना में! चंडिका के चेहरे से बहुत निराशा हुयी...कॉमेट को ध्रुव का हमशक्ल बताया गया है...जो वो दिख ही नहीं रहा.....आप नताशा और मिशा में सिर्फ हेयर-कट्स से difference कर सकते हैं!

मुख्य किरदारों की जगह पर सुंदर दिख रहे हैं...Aquaman,फायरबॉल और अन्य खलनायक जिनके रोल इस भाग में बहुत कम थे...हाँ धनंजय जरूर अच्छा बना है!

कृपया 2 चीज़ों में सुधार लायें...हर किरदार को चाहे अपनी तरह से बनाएं..लेकिन उनके बीच इतनी भिन्नता रखें..कि उन्हें कपड़ो के रंगों से पहचानने की जरूरत ना पड़े!
और बैक ग्राउंड्स को खाली ना रखें..इसका एक बड़ा कारण है...यह कहानी चल रही है राजनगर नाम के मेट्रो में..एक मेट्रो सिटी में आप हर पल हज़ारो वाहनों की आवाजाही देखते हैं..लाखो लोग रोज आते-जाते हैं..लोकल ट्रेन्स वगैरह के अलावा..आम सड़क की हालत बताने की जरूरत नहीं है! ऐसे समय में अगर जेल टूटेगी..भगदड़ मचेगी..कर्फ्यू लगेगा...तो हर आदमी अपनी जान बचाकर भागेगा...पीछे अपनी हर चीज़ को वैसा छोड़कर!
लेकिन MS में ऐसी सडकें और जगहें दिखाई गयी हैं..जहाँ गाडी तो दूर एक नट-बोल्ट तक कहीं पर गिरा नज़र नहीं आ रहा! BG में पेड़ पौधे मैनहोल,पार्किंग्स,बिजली के खम्बे,लोगों का गिरा पड़ा सामान...और नहीं तो तोड़-फोड़ के बाद फैला हुआ मलबा ही दिखा दें! ज्यादा से ज्यादा रियलिटी देने की कोशिश करें!

इफेक्ट्स- इसके बिना MS के आर्टवर्क को पूर्णता नहीं मिल सकती थी..शादाब-अभिषेक जी की जोड़ी ने ठीक-ठाक काम किया है! आप जहाँ ऐसे सीन्स देख रहे हैं..जहाँ पीछे कुछ खास नज़र नहीं आ रहा..वहां इफेक्ट्स ने काफी चीज़ें संभाली हैं! फिर भी हल्के रंगों की अधिकता से कई जगह प्रभावशीलता कम रही! पेज-32 में धनंजय के आने का दृश्य,पेज-40 में aquaman- धनंजय की भिडंत,अनजबी का आग लगी इमारत में घुसना! पूरी कॉमिक्स में नीले-हरे रंग की प्रचुरता रही है...कॉमेट,मिशा,चंडिका,पानी,नताशा,मास्टर-M रेंग मास्टर,पैराशूट का कपडा,प्राकृतिक हरियाली के बाद backgrounds के हरे रंग के इफेक्ट्स!
इस चीज़ में विविधता के साथ सुधार की काफी गुंजाइश है!

शब्दांकन- मंदार जी ने अपनी लिखा कहानी में प्रयोगात्मक शब्दांकन भी काफी दिखाया है..जो काफी खूबसूरत लगता है..संवादों के मुख्य शब्दों को बोल्ड बनाया गया है...backgrounds से आती आवाजें,चीखें, कहानी को सच्चाई के अधिक करीब बना रही है!
लेकिन कवर पर अभी भी वही आदम युग के Fonts से लिखा टाइटल नेम अब बहुत पुरानी चीज़ लगने लगा है... बेहतर कहानियां बेहतर प्रस्तुतीकरण भी मांगती हैं..कवर आकर्षक लगे तो चार चाँद लग जाते हैं!

अंत में “मैक्सिमम सिक्योरिटी” CNC की जारी कहानी के एक और भाग से अधिक नहीं है और अभी काफी लम्बी भी है..इसलिए अटकलें लगाने के अलावा और कुछ नहीं करा जा सकता..भविष्य का पता नहीं..लेकिन वर्तमान में अब तक के तीन भाग ठीक ठाक बने हैं! पूरी कहानी पर अंतिम टिप्पणी अंतिम भाग के आने के बाद..
तब तक आप “मैक्सिमम सिक्योरिटी” पढ़कर अपना मनोरंजन करें!

ANGAARE


 Review-"अंगारे"

"अंगारे" की कलम है...तरुण कुमार वाही-नितिन मिश्रा जी के हाथो में!
3 इन 1 मल्टीस्टारर में इससे पहले आप लोगों ने "रक्तबीज" का सफ़र किया था..जिसमे डोगा,परमाणु के अलावा भेड़िया था! "अंगारे" में भेड़िया की जगह पर “नारी शक्ति” लम्बे समय बाद वापस आई है! इस समानता से आप यह ना समझिये कि "अंगारे" की कहानी रक्तबीज का कोई सीक्वल या प्रीक्वल है! कहानी अलग और सिंगल है!

"अंगारे'' का कथानक चलता है..मुंबई को केंद्र में रखते हुए! मुंबई में बैठे हुए 26/11 के गुनाहगारों से जुड़े हुए कुछ तार शक्ति को विचलित कर देते हैं! जिसके बाद वो कुछ ऐसे कदम उठा लेती है...जिनके रास्ते में उसकी भिडंत परमाणु से हो जाती है!
आतंकवाद एक बार फिर से बायोलॉजिकल वेपन्स को अपना हथियार बनाये हुए है!
मुंबई में हो रही इस जंग में अब एक तरफ शक्ति और डोगा हैं..वहीँ दूसरी ओर परमाणु अकेले इन दोनों के रास्ते में खड़ा है! कहानी का अंत क्या होता है..यह बताने की जरूरत नहीं है! सत्य की जीत..आपको सिर्फ यह जानना रह जाता है कि इस बार जीत में किन नए तरीकों का इस्तेमाल हुआ है!

“शक्ति”- कहानी की मुख्य किरदार लम्बे समय बाद वापसी कर रही “शक्ति” है! अच्छा लगता है कि उसको प्रमुखता दी गई है...इसके पीछे वज़ह उसका बड़ा फैन होने से ज्यादा यह लगता है कि बार-बार वही घिसे-पिटे हीरोज को देखकर हो रही उकताहट में पुरानी चीज़ भी नयी दिखने लगती है!शक्ति के बारे में पाठकों के दिमाग में एक छवि बनी हुई है..कि वो हालात को देखकर नहीं..सिर्फ अपने तर्कों पर फैसले करती है! उसकी इस कट्टर छवि को अंगारे में तोडा गया है! अब वो सही मायने में ज़िम्मेदार सुपर हीरोइन नज़र आ रही है! जिस तरह से वो step by step कहानी में आगे बढती है..वो अभूतपूर्व है! सबसे अच्छी चीज़ उसके संवाद बहुत सही प्रयुक्त हुए हैं! पहले जहाँ उसके अन्दर से हावी होने की कोशिशें नज़र आती थी..वहीँ अब समयानूकूल प्रतीत होते हैं! लेखकों ने शक्ति पर अच्छा नियंत्रण दिखाया है!

परमाणु- अब परमाणु के लिए यह कहना भी बेकार है कि वो बुरे दिनों से गुजर रहा है...बल्कि यह कहना चाहिए कि बुरे सालों से गुजर रहा है...एक महान हीरो होने के बावजूद आज के हालात में परमाणु सिर्फ मल्टीस्टारर में हिस्सा बनने तक सीमित रह गया है! ऐसी हालात में क्यूंकि उसके रोल्स में एक्शन ही प्रमुखता से उभरता है....इसलिए लेखकों ने उसी पर जोर रखा है! "अंगारे'' में परमाणु को एक नई पॉवर से नवाज़ा गया है...जो काफी उपयोगी है! अगर यह पॉवर ना दी जाती..तो शायद कहानी में सत्य की हार हो जाती..अब कहानी में जीतने के लिए नई पावर्स की जरूरत होना..या पहले से ऐसी पावर्स भविष्य के हिसाब से बनाये जाना...बहस का मुद्दा हो सकता है..लेकिन राज कॉमिक्स के इतिहास को देखते हुए यह नई पॉवर जरूर आकर्षित करने लायक है!
कहानी के किरदार के रूप में परमाणु जानकारियों के अभाव में भटका हुआ है..जिससे सही निर्णयों से दूर दिखता है! फिर भी कहानी में अपनी छाप छोड़ने में सफल रहा है!

डोगा- डोगा कहानी में इसलिए है,क्यूंकि कहानी मुंबई में चलती है...यह विचारणीय प्रश्न है कि 26/11 और किसी के लिए फायदेमंद रहा हो या ना रहा हो...डोगा के लिए बहुत रहा है!
एक ऐसी कहानी जहाँ सभी सुपर पावर्स लेकर घूम रहे हैं...उसमे डोगा की मौजूदगी कई दफा हास्यास्पद बन जाती है...इसको बैलेंस करने के लिए...डोगा के गुस्से,उसके जूनून,आक्रोश और लड़ने के जज्बे पर लेखक ध्यान केन्द्रित करते हैं! कहानी के मारधाड़ वाले कई दृश्यों में डोगा कमजोर पड़ता दिखता है..लेकिन ऐन वक़्त पर शक्ति का साथ.. उसको मुसीबतों से निकाल लेता है! अगर देखा जाए कि “एक से भले दो” के फलसफे के साथ डोगा की “स्टार पॉवर” का कहानी में इस्तेमाल हुआ है!
26/11 के आखिरी जिंदा बचे आरोपी(जो कि अब फांसी चढ़ चुका है) को डोगा इससे पहले DOGA DIARIES की एक कहानी में जहन्नुम पहुँचाने के बाद एक बार फिर से मारता दिखा है..उम्मीद है...इस बार उसकी मौत आखिरी दफा हुई है...जिसको RC आगे तीसरी बार नहीं दिखायेगी!

इस कहानी की खलनायिका है..मैडम फॉक्स,जिसको आप 20 वर्ष पहले “हाहाकार”(परमाण
ु सीरीज) में पढ़ चुके हैं! पुराने गुमशुदा खलनायको को राज कॉमिक्स धीरे-धीरे वापस लेकर आ रही है..यह स्वागतयोग्य है!
इससे नए पाठको की रूचि इन् खलनायकों की शुरुआत जानने में बढ़ेगी!

कहानी के तार 26/11 हमले के बाद से जुड़े हैं..जो हमलावरों के मंसूबो को विस्तार देकर बनाये गए हैं...यानी आपको आतंकवाद का वैज्ञानिक रूप रंग देखने को मिलता है!

कहानी-4/5
आर्टवर्क-4.5/5

आखिरकार राज कॉमिक्स ने पाठकों की लम्बे समय से चली आ रही इच्छा को पूरा किया है..सुशांत पंडा जी को मुख्यधारा की एक्शन कॉमिक्स सौंपकर! सुशांत जी ने भी अपनी ओर से सुंदर काम देने में कोर-कसार बाकी नहीं रखी है! शक्ति का नया लुक मन को मोह देने वाला है..वो बहुत सुंदर दिखी है! परमाणु को आप लोग सालों बाद पुराने रूप के करीब देख पायेंगे! पेज-20 पर विनय ऐसा लगता है...जैसा मनु जी अपने समय में बनाते थे! डोगा और मैडम फॉक्स भी उम्दा बने हैं!
अंगारे एक्शन कॉमिक्स है...इसलिए इस तराजू पर भी आर्टवर्क खरा उतरा है...टाइगर हिल्स पर जो एक्शन हुआ..वो लाजवाब बना है!
सुशांत जी की मेहनत को चार-चाँद लगाये हैं...विनोद कुमार जी की इंकिंग ने! जो आर्टवर्क की प्रमुख विशेषताओं में से एक है! बहुत ही साफ़-सुथरा और किसी गैर जरूरी अन्धकार से मुक्त आर्टवर्क करके विनोद जी ने प्रशंषात्मक काम दिया है!

आर्टवर्क की दृष्टि से "अंगारे'' इस सेट में सबसे आगे रही है! सुशांत जी को आगे भी एक्शन कॉमिक्स दी जानी चाहिए!

बसंत जी के इफेक्ट्स और नीरू जी को शब्दांकन के लिए A+

"अंगारे'' 26/11 की घटना का एक काल्पनिक विस्तार है..इसलिए देशप्रेम से शुरू होकर आतंकवाद के मुहं पर तमाचा जड़ते हुए समाप्त होती है! सिंगल पार्ट में होना इसका मजबूत पक्ष है..इससे ज्यादा लम्बी होना नुकसानदेह हो सकता है..खैर ऐसा हुआ नहीं..जो अच्छी बात है!
कॉमिक्स आपको पूरा मनोरंजन देगी..एन्जॉय करें!

CHANDULAL


 Review-"चंदूलाल
"
चंदूलाल है एक ऐसी हास्य कथा जिसका केंद्र बिंदु है करवा-चौथ व्रत!
बांकेलाल सीरीज़ में करवा चौथ पर आधारित कई चित्रकथाएं लिखी जा चुकी हैं..जिनकी यही थीम मिलती है! यानी महारानी के व्रत भंग से महाराज की मृत्यु देखने का बांकेलाल का सपना सफल हो जाए!
थीम को अलग रखकर देखें तो प्रस्तुतीकरण नया है! कथा का नाम चंदूलाल पर जरूर है..लेकिन उसका किरदार अंत के कुछ पन्नों पर ही आता है! मुख्यतः कहानी, महल के अन्दर बांकेलाल द्वारा महारानी का व्रत तुडवाने की कोशिशों तथा विक्रम द्वारा व्रत को बचाने की चेष्टाओं के इर्द गिर्द चक्कर काटती रहती है!
40 पन्नों की इस कॉमिक्स की सबसे बड़ी मजबूती इसके संवादों में छिपी है! कम पन्नों में बहुत सरलता से एक बड़ी कहानी को पिरोया गया है! बांकेलाल की पिछली कुछ कॉमिक्स सबसे बड़ा सबक उन् लेखकों को दे रही हैं..जो कि 2-4 लाइन्स की थीम पर कई-कई पार्ट्स पाठको को जबरदस्ती थमाने के लिए लालायित नज़र आते हैं!
तरुण कुमार वाही–अनुराग जी चंदूलाल में 15 सालो पहले वाला स्वाद भरने में सफल नज़र आते हैं! इतनी कसी हुई,तेज़ गति से चलती कहानी पढ़कर हास्य प्रेमियों का मन गदगद कर उठता है...आप इस चीज़ को जरूर ध्यान में रखें, कि संवाद अधिक होने के बावजूद भी कहानी रफ़्तार से चलती है..यही लेखकों की विजय है!
यह कहानी विशेषकर उन् पाठको को पसंद आएगी...जो पत्नी व्रता हैं...या उन कुंवारों को जो शादी करने की अभिलाषा रखते हैं!
कहानी के कुछ बिंदु जो आकर्षक है...जैसे- दरबारियों का नृत्य प्रेम,मरखप-बांके संवाद,कुटनी के कुटिल वचनों की बरसात,शान्ति भवन प्रसंग तथा अजीबोगरीब देव व ऋषि!

कहानी-4.5/5
चित्रांकन-4.5/5

कहानी के मूड को भांपता गुदगुदाता चित्रांकन सुशांत पंडा जी का है..हास्य कॉमिक्स में सबसे बड़ी विशेषता लगनी चाहिए कि किरदारों के संवाद पर उनके चेहरे की भाव भंगिमाएं सटीक बैठें...इस कसौटी पर आर्टवर्क खरा उतरा है..उम्मीद है सभी को पसंद आएगा!
बसंत जी के इफेक्ट्स एवं फ्रेंको की इंकिंग है!

आखिर में चंदूलाल में जो स्तरीय काम राज कॉमिक्स ने दिया है..वही आगे जारी रखे...चंदूलाल का मनोरंजनात्मक पक्ष काफी मजबूत है! निसंदेह मनोरंजन की दृष्टि से यह अपने सेट में सबसे बेहतर साबित हुई है!

Tuesday, 1 October 2013

NEGATIVES

Review- “निगेटिव्स”

राज कॉमिक्स ने आखिरकार अपने 26 वर्ष लम्बे सफ़र की 160 पेजों की सबसे लम्बी कॉमिक्स “निगेटिव्स” पाठको के समक्ष प्रस्तुत कर दी है! अपने प्रथम विज्ञापन(जो अंत तक प्रथम ही रहा) के छपने के बाद से ही हर राज कॉमिक्स प्रेमी इसे अपने कलेक्शन की शोभा बनाने के लिए बेसब्री से इंतज़ार करता रहा है! “निगेटिव्स” वैसे तो किसी भी दूसरी मल्टी स्टारर कॉमिक जैसी ही लग सकती है,लेकिन सिर्फ पन्नों की संख्या की वज़ह से इससे आसमान छूती उम्मीदें पैदा हो गई, उम्मीदों का बोझ जरूर राज कॉमिक्स की तरफ भी बढ़ा और वो उम्मीदें कितने लोगों के लिए सफल बनी, कितनो के लिए नहीं..यह प्रश्न प्रासंगिक हो भी सकता है और नहीं भी!
इस कॉमिक्स की समीक्षा लिखना भी बहुत टेढ़ी खीर साबित हो गई...एक अकेली इतनी बड़ी कॉमिक्स जो कि अनुपम जी के हाथ से बनी है, यह अनुभव हमारे लिए भी पहला ही रहा! तो चलिए “निगेटिव्स” पर नज़र डालते हैं कहानी से...

कहानी-

अनुपम जी एक महान लेखक हैं,इसमें कोई शक नहीं है! उन्होंने पाठको को एक से बढ़कर एक कालजयी रचनाओं से मनोरंजन प्रदान किया है! मल्टी स्टारर लिखने में अभी भी इंडस्ट्री में उनसे ज्यादा सक्षम लेखक फिलहाल कोई दूसरा नहीं है! लेकिन कायदे से देखा जाए तो “निगेटिव्स” एक “शुद्ध मल्टी स्टारर” नहीं है! 160 पेजों की इस कॉमिक्स का सार इतना सा है कि इसमें सिर्फ 5 हीरो हैं (नागराज,ध्रुव,डोगा,तिरंगा,परमाणु) 2 मुख्य सहायक लड़कियां (चंडिका,लोरी) इक्का-दुक्का सहायक पात्र और CF के कुछ कैडेट्स! जमीन के नीचे एक तलक्षेत्र और अंतरिक्ष में 5 सैटेलाइट्स! यही सब आपस में गुथम गुत्था होकर पेज भरते रहे! अगर हम कहें कि 4 लाइन की कहानी में पेज दर पेज एक्शन डालते हुए एक महा कॉमिक्स बन गयी है..यही इस कॉमिक्स की मोटाई का राज़ है...तो गलत नहीं रहेगा! इस कॉमिक्स को जितने पृष्ठ और हाइप मिली, इसके अन्दर उतना करिश्मा नहीं मिल पाया! इसकी वज़ह तलाशने के लिए शुरुआत पात्रो के रोल्स से करना सही होगा!

तिरंगा-
सबसे पहले तिरंगा का नाम चौंका गया होगा,लेकिन यह “सुखद” आश्चर्य रहा है कि “निगेटिव्स” की कहानी के हर बिंदु पर तिरंगा की छाप जरूर बनी है! लेकिन कहानी में एक बेहतर रोल मिलने के बाद भी कवर पर उसका नाम लिखा होने और प्रथम पन्ने पर जगह मिलने की गुंजाइश बनती थी! शुरुआत में लोरी के साथ टक्कर हो या डोगा के साथ कहानी के अंतिम क्षणों में प्रभावशाली ढंग से स्कीम को पूरा करना,तिरंगा के गुम हो चुके किरदार को इस कॉमिक्स से काफी फायदा मिलेगा!

नागराज-
राज कॉमिक्स के सबसे शक्तिशाली हीरो नागराज “निगेटिव्स” में बहुत अलग तरह से प्रस्तुत हुए हैं! इनकी एंट्री कहानी के 61वे पन्ने पर एक दमदार संवाद के साथ होती है! लेकिन जल्द ही यह कहानी में जगह-जगह खलनायक बने नज़र आने लगते हैं! इनकी अपार शक्तियां अब कहानी के ऊपर प्रभाव डालने लगी हैं.क्यूंकि खलनायक और इनके बीच किसी सीधी जंग होने पर कोई रोमांच नहीं बनता !अब यह बात हर पढने वाले को पहले से पता है कि असीमित शक्तियों वाले शरीर के अन्दर से कोई ना कोई नया अजूबा प्रकट होकर नागराज को जिता देगा! इसलिए सिर्फ इंतज़ार रहता है कि महानगर के नए नागराज का उबाऊ और Unrealistic एक्शन जल्दी पूरा हो जिससे नागराज अपनी पीठ खुद ठोक सके! और कहानी का ट्रैक बदले!
नागराज के इस नए रूप की वज़ह से अब खलनायको के पास करने को कुछ बचा नहीं है! वो आते हैं और बुरी तरह से पिटने के अलावा कुछ कर नहीं सकते...यह एक बड़ा कारण बनता जा रहा है कि सालो पहले बने खलनायकों की तुलना में आज बनाये जा रहे नए खलनायक उतने पोपुलर नहीं हो पाते! क्यूंकि जितनी मेहनत से वो कुछ नया सोचते हैं..उन्हें हराने में उतनी मेहनत नागराज को नहीं लग रही क्यूंकि वो उन्हें आसानी से हरा देता है!कॉमिक दर कॉमिक यही होता आ रहा है! उदाहरण के लिए अंधमान जैसा ताकतवर पात्र जब नागराज पर हावी हो चुका था, तभी नागराज ने सबको आश्चर्य में डालते हुए यामिनी को अंपने शरीर में जज्ब कर लिया!
यामिनी जो सिर्फ काली ऊर्जा भरी एक इंसान थी,आज तक नागराज सिर्फ इच्छाधारी सर्पो को ही अपने शरीर में स्थान दे पाने की शक्ति रखता था..पर अब इंसान भी इस फेहरिस्त में जुड़ चुके हैं! हम मानते हैं कि यह बात छोटी सी लग रही है..लेकिन इसका दूरगामी प्रभाव यह पड़ेगा कि नागराज के पास अब हमेशा एक तरीका रहेगा कि “इच्छाधारी सर्पो के अलावा” भी वो किसी भी दूसरे शक्तिशाली इंसान के साथ जुड़ सकता है..और अपनी शक्ति बढ़ा सकता है! फलस्वरूप उसके जीतने के लिए एक और शक्ति दे दी गयी है!
जब खलनायक को मौका ही नहीं मिलेगा कुछ हासिल करने के लिए तो हर कहानी में उसकी उपस्थिति का महत्व नगण्य बन जाएगा!
एक समय था कि राज कॉमिक्स द्वारा इसी चीज़ को कम करने के लिए नागराज के पास से उसकी इच्छाधारी शक्ति को तिलांजलि दे दी गयी थी! जो उसकी अपनी असली शक्ति थी! आज नागराज एक दुर्घटना में मिली शक्तियों के सहारे लगभग ईश्वर बन चुका है! बहरहाल अब यह शक्तियां कब तक रहेंगी,यह सोचने का वक़्त आ गया है और उन्हें हटाने या कमी लाने का भी!

परमाणु-
पेज-97 परमाणु की एंट्री कराता है! शुरू में तेवर ऐसे थे कि यह अकेले दम पर सारी बाजियां पलटकर रख देंगे..पाठक को उत्सुकता बनती है कि शायद परमाणु कुछ जलवा बिखेरने वाला है...लेकिन जल्द ही यह तिरंगा से पिटे,फिर ध्रुव और चंडिका से पिटे, जब भी कुछ करने के लिए बाकी हीरोज के पीछे से आगे निकले जैसे (पेज-124) हाथ मलते रहे! पॉवर लाइन तोड़ डाली(पेज-130) जो काम ना आई, और अंत में किसी तरह मरते मरते बचे(कैसे बचे यह दिखाया नहीं गया)! अब हास्यस्पद बात यह कि पेज-155 पर लोरी सबको बताती है कि पेज-152 पर बुरी तरह घायल,शरीर से धुंआ निकलते परमाणु का इलाज़ वेदाचार्य कर रहे हैं, यह वो वेदाचार्य थे,जो पेज-151 पर खुद अपना इलाज़ करने के हालत में नहीं रहे थे! लेकिन सिर्फ 3-4 मिनट बाद ही कॉमिक के अंतिम पन्ने पर परमाणु एक दम तंदुरुस्त उड़ता नज़र आ जाता है! कहानी में इन कमियों पर ध्यान दिया जाना चाहिए,जो चीज़ों को विरोधाभासी बनाती हैं!

डोगा-
डोगा की एंट्री कहानी के पेज-35 पर होती हैं! सुखद बात लगती है कि डोगा ने अन्य हीरोज़ की तुलना में शांत और एकाग्रचित रहते हुए अपने फ़र्ज़ को यथासंभव निभाया है! डोगा के बारे में पाठको की राय रहती है कि वो बोलता ज्यादा है और दिमाग से कम काम लेता है! परन्तु जहाँ अन्य हीरो स्थिति के मुताबिक खुद को ढाल नहीं पा रहे थे,वहीँ डोगा ने हर बार सही वक़्त पर सही निर्णय लेकर वाह वाही लूटी है! हमें कहते जरा शंका नहीं है,कि रोल चाहे बड़ा हो या छोटा,उसका सही इस्तेमाल इस पूरी कॉमिक्स में सिर्फ डोगा का ही हुआ है,बाकी सभी के रोल में कुछ ना कुछ झोल रह गए!

सुपर कमांडो ध्रुव-
अनुपम जी की कहानी में ध्रुव 70 पेजों तक नज़र ना आये,यह पहली बार हुआ है! क्यूंकि ध्रुव तब आता है,जब नागराज,डोगा,तिरंगा “निगेटिव्स” के हाथो कठपुतली बन चुके थे! लेकिन जैसे ही ध्रुव कहानी में आता है,अंधियारी कहानी में रौशनी आ जाती है तथा सुपर हीरोज के जीतने की संभावनाएं वापस जिंदा हो जाती हैं! कहानी का अंतिम हथोडा ध्रुव के हाथो से ही चलवाया गया है!(यह अलग बात है कि उस हथोड़े के लोहे में जंग लगे होने की संभावना भी रख दी गई)
ध्रुव के किरदार की महत्ता क्या है,यह इस कॉमिक्स को पढ़कर हर कोई जान लेगा,कि कोई भी मल्टी कॉमिक उसके बिना क्यूँ नहीं लिखी जा सकती!

लोरी-
लोरी की वज़ह से ही कहानी शुरू होती है!तिरंगा से शुरू में एक फाइट सीक्वेंस के बाद उसका रोल थोडा ही है..जो मार्ग दर्शक की तरह बीच बीच में आता रहता है!

चंडिका-
चंडिका को कहानी में एक लम्बा रोल मिला है! ध्रुव के साथ लगे रहकर मदद करती रही! कहानी में कुछ हलके फुल्के मजाकिया संवाद उसके हिस्से आये हैं!
परन्तु चंडिका को हर बार कहानी में जोड़ने के लिए वही घिसा पिटा तरीका कि सैटेलाइट्स को बनाने में श्वेता का भी हाथ था! एक हमला और श्वेता वापस राजनगर जाने वाले विमान में! क्यूंकि अब यही लगने लगा है कि राजनगर में जब भी कुछ होगा चंडिका ऐसे ही जोड़ दी जायेगी!
तीसरी बार यह आईडिया इस्तेमाल हुआ है! राज नगर में अब ऐसा लगता है कोई और साइड करैक्टर इस लायक बचा ही नहीं या इस लायक ही नहीं रहा कि उसको कॉमिक्स में जगह दी जा सके! कृपया इस तरीके को आगे की कहानियों में जबरदस्ती बार-बार उपयोग ना किया जाए, क्यूंकि आगे किसी कहानी में अगर चौथी बार यही चीज़ नज़र आई..फिर तो समझा जा सकता है,कि यह अनजाने में नहीं हो रहा! हमारा सुझाव सिर्फ इतना है,कि भूले-बिसरे किरदारों के लिए भी कुछ सोचा जाता रहे और लेखक दूसरे आप्शन पर भी विचार करें!

“निगेटिव्स”-
निगेटिव्स की प्रजाति इतनी लम्बी कहानी में कहीं पर भी अपनी एक वृहद छाप नहीं छोड़ सकी! जिस तरह की भयंकरता,आक्रमण की शक्ति,यामिनी में पृथ्वी जीतने की इच्छाशक्ति दिखनी चाहिए थी,वो नदारद थी! सबकुछ इस तरह चल रहा था जैसे अंत क्या होगा सबको पहले से पता है! वहीँ इतनी सारी कॉमिक्स में साथ आ चुके ब्रह्माण्ड रक्षक होने का दावा करते सुपर हीरोज के बीच भी सामंजस्य और स्थिति को लेकर गंभीरता भापने की समझ नज़र नहीं आयीं! जिससे कहानी की छवि पर नकारात्मक असर पड़ता रहा!

# कहानी के अंतर्विरोध #
कई जगह कहानी में स्थिति और हीरोज के काम करने के तरीके देखकर ताज्जुब होता है कि क्या सच में यह हीरो इससे पहले हज़ारो लड़ाइयाँ लड़ चुके हैं..फिर भी ऐसी बातें हो रही है? इसका उदाहरण देना भी जरूरी है-
1-यामिनी नागराज को बताती है कि पृथ्वी के अन्दर से इसका हर भाग आपस में जुडा हुआ है! (पेज-89)वो यह भी बताती है कि निगेटिव्स सांस नहीं लेते हैं! और तलक्षेत्र में नाम मात्र की आक्सीजन है! इसके बाद भी नागराज (पेज-128) पर बोलता नज़र आ रहा है कि एक मिनट से कम समय में वो पूरे तलक्षेत्र को विष फुंकार से भरकर सबको खत्म कर देगा! और इसका डेमो उसने कुछ समय दिखाया भी,लेकिन इतनी फुंकार को फूंकने के लिए वो हवा कहाँ से ला रहा था?यह अनुत्तरित सवाल छोड़ दिया गया!

2-तिरंगा को “वकील भारत” के रूप में गुजरात सरकार, दिल्ली की सरकार से परामर्श करके कांडा के समुद्री इलाके के पास के शहर में पकडे गए एक गार्ड को कानूनी सहायता देने के लिए भेजती है!(क्यूंकि यह सब दिल्ली में नहीं हो सकता,क्यूंकि गार्ड भागकर गुजरात से दिल्ली तक का सफ़र तय करने से रहा)!
यह सबकुछ सिर्फ कुछ घंटे में दोनों सरकारें तय करती हैं, कि देश के नामी गिरामी वकीलों की जगह ”भारत” जैसे एक नए वकील को इस अति गोपनीय काम के लिए चुना जाता है! उम्मीद है “भारत” विमान से ही गुजरात आया होगा! इन् सभी कामो को पूरा होने में कुछ वक़्त लगता है..जो सिर्फ कुछ घंटे का तो नहीं हो सकता! बहरहाल कहानी में यही दिखाया गया है, कि यह सब कुछ घंटे में ही हुआ है...क्यूंकि “वकील भारत” लोरी के लाये कानूनी ऑर्डर्स को यही बोलकर खारिज कर देता है,कि ऐसे ऑर्डर्स इतने कम समय में मिलना नामुमकिन है! इन दोनों विरोधाभासी बातों में निष्कर्ष यह बनता है कि जो चीज़ लोरी के लिए नामुमकिन थी वो भारत के लिए 100 % मुमकिन थी!
एक और हास्यास्पद चीज़ कि जो गार्ड अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के मामले की सुरक्षा में तैनात है,पुलिस 2 दिन उसका नाम तक नहीं जान पाई,जबकि शिप लगभग तुरंत वापस पोर्ट पर आ गया था! इसके लिए शिप पर पूछताछ और खुद तफ्तीश करने से ज्यादा उपयुक्त पुलिस को बाहर से एक नए वकील की सेवा लेना लगा!
3-पेज-15 पर तिरंगा के ऊपर लोरी खंड-किरणों का वार करती है! तिरंगा ने अपने न्याय स्तम्भ से तंत्र वार को सोखा और वापस लोरी पर कर डाला! इसकी वज़ह बताई गयी,कि “यह 100 करोड़ भारतवासियों के विश्वास की शक्ति थी!”
हम भी मानते हैं,विश्वास की शक्ति में बहुत ताकत होती है लेकिन वो तब होती है,जब 100 करोड़ लोग उसी समय किसी चीज़ के लिए प्रार्थना कर रहे हो! ना तो ऐसा कहीं हुआ,ना होगा! यहाँ तिरंगा लोरी से भिड़ा हुआ है यह 100 करोड़ लोग जानते ही कहाँ हैं कि वो दुआ करके शक्ति दे दें?? अब इस देश में 100 करोड़ लोग तिरंगा के नाम की माला सुबह शाम कब से जपने लगे हैं,कि तिरंगा को पहले से पता था कि वो लोरी को हरा सकता है?? और अगर यह शक्ति इतनी आसानी से तिरंगा जैसे आम आदमी के पास है,जो तंत्र वार को सोख कर वापस पलटा रही है,तो पाठको को ध्यान रखना चाहिए कि न्याय स्तम्भ उस भेड़िया-मुख कमर पट्टिका के बराबर काम करता है,जो एक ईश्वरीय वरदान है!
हर जगह यही दिखाया जाता है कि विज्ञान, तंत्र की शक्ति को नहीं मानता है! परन्तु अगर तिरंगा जैसे आम नागरिक ने किसी खास विज्ञान के द्वारा अपने न्याय दण्ड को ईश्वरीय वरदान के समकक्ष बना लिया है,तो यह अभूतपूर्व चीज़ है! जो अब इस प्रसंग में दिखा देने के बाद राज कॉमिक्स को किसी नए विशेषांक में पाठको के सामने प्रस्तुत करनी की पड़ेगी!
लोरी को तिरंगा से भागना तो था ही,लेकिन इसके लिए लेखक ने एक हास्यास्पद स्थिती पैदा कर दी! ऐसी बातों से ख़ास तौर पर तिरंगा जैसे रियल हीरो के सन्दर्भ में बचा जाना चाहिए,जो अति-शक्तियां नहीं रखता है! क्यूंकि अगर तिरंगा जैसा आम पात्र भी तंत्र शक्तियों को इतनी आसानी से ठेंगा दिखाता नज़र आता रहेगा,तो शक्तिशाली पात्र तो शायद तंत्र को हँसते हँसते झेल लिया करेंगे!

4-विज्ञान में एक टर्म आता है “Adaptation” या अनुकूलन
लेखक ने तलक्षेत्र की जनसँख्या को इसी टर्म से परिभाषित किया है, कि अनुकूलन के फलस्वरूप सदियों के लम्बे सफ़र को तय करके निगेटिव्स की प्रजाति अस्तित्व में आई थी! इसमें जन्मजात निगेटिव्स भी हैं,जैसे यामिनी जो वहां के राजा की बेटी थी! यानी निगेटिव्स का बनना वंशानुगत लक्षणों पर भी आधारित चीज़ है! अनुकूलन कहता है कि एक बार कोई प्रजाति अपने मूल विकास में बदलाव के दौर से गुजर कर बदल गई,तो अपनी मूल अवस्था में दोबारा एक दम से नहीं आ सकती! यह आसानी से समझने वाली चीज़ है कि जो बदलाव सदियों में आये वो कुछ मिनट में U-Turn नहीं ले सकते!
लेकिन अचानक से कहानी के अंत में निगेटिव्स को एक बैक्टीरिया का किया धरा बताकर उसको एंटीबायोटिक्स के द्वारा कुछ मिनट में ठीक करवा देना लेखक की कलम के अलावा कहीं से मुमकिन नहीं है!
इसके पीछे भी कई कारण हैं...
@एंटीबायोटिक्स किसी भी बैक्टीरिया पर तभी असर कर पाते हैं,जब उन्हें ख़ास उन्ही बैक्टीरिया का खात्मा करने के लिए बनाया जाता है! जो एंटीबायोटिक्स यहाँ प्रयुक्त हुए थे..वो ख़ास सैटेलाइट्स के अन्दर के बैक्टीरिया को मारने के लिए ही बने थे! उनसे दुनिया के किसी और बैक्टीरिया को ख़त्म करने के उम्मीद नहीं करी जा सकती! यहाँ जो बैक्टीरिया निगेटिव्स को बना रहे हैं,उसके बारे में पृथ्वी के वैज्ञानिकों को जानकारी ही नहीं है,तो वो उनके लिए कोई एंटीबायोटिक्स बनाना तो क्या सोच भी नहीं सकते थे,कि यह माना जा सके कि चमत्कार हो गया था!
@ बैक्टीरिया के अन्दर म्युटेशन की क्षमता बहुत अच्छी होती है...अगर बैक्टीरिया म्युटेशन में पारंगत है..यानी अनूकूलन के सिद्धांत बहुत अच्छी तरह से पालन करता है..जैसा कि तलक्षेत्र में हो रहा था..तो उस परिस्थति में म्युटेशन सहायता करता है बैक्टीरिया को खुद को बचाए रखने में!
एंटीबायोटिक्स की क्रियाविधि ऐसी होती है,कि किसी ख़ास बैक्टीरिया के खिलाफ सिर्फ उसके कल्चर से निकालकर बनाया गया एंटीबायोटिक्स ही उसको ख़त्म करने में सक्षम होता है..इसके अलावा बैक्टीरिया एक बार सामना होने के बाद किसी ख़ास एंटीबायोटिक्स के खिलाफ प्रतिरोधक क्षमता विकसित कर लेते हैं! इसलिए कोई एक ही तरह का एंटीबायोटिक्स हर तरह की बीमारी में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता!
एक और गौर करने वाली बात है कि एंटीबायोटिक्स को भी बैक्टीरिया पर अपना प्रभाव दिखाने के लिए समय की जरूरत होती है,कोई एंटीबायोटिक्स कुछ मिनट्स में इतना जबरदस्त प्रभाव नहीं डाल सकता है,कि अनुकूलन के द्वारा बदले शरीर को वापस ठीक कर दे! और एक बहुत बड़े क्षेत्रफल में फैले तलक्षेत्र से बैक्टीरिया साफ़ कर दें!
(लेकिन यह सबकुछ लेखक के द्वारा मुमकिन किया गया है! यह पढने वालो के ऊपर है कि जो निगेटिव्स की उत्पत्ति और उनके अंत का तरीका कॉमिक्स में दिखाया गया है,वो उससे सहमत हो सकते हैं या नहीं!)
कहानी में जब तक अनूकूलन था.. निगेटिव्स और तलक्षेत्र की कहानी सही जा रही थी..लेकिन कहानी के अंत में बैक्टीरिया के इस्तेमाल ने सुपर हीरोज को तो जितवा दिया..मगर कहानी के सबसे महत्वपूर्ण हिस्से को कमजोर कर दिया!
इस कॉमिक्स की सभी खूबी यह हैं-
1-पाठको को 160 पेज पहली बार एक सिंगल कॉमिक्स में मिलना!
2-पाठको को आर्टवर्क में सालों बाद अनुपम जी के साथ विनोद कुमार की का जबरदस्त काम मिलना!
3-कॉमिक्स में ग्लॉसी पेपर के साथ उम्दा कलरिंग!
4-(सिर्फ एक्शन पसंद करने वाले पाठको के लिए) जो पाठक कहानी के उतार चढ़ाव,मनोरंजन वगैरह पक्षों से ज्यादा एक्शन को महत्त्व देते हैं,उनके लिए यह कॉमिक्स एक हॉट केक की तरह है!
इस कॉमिक्स की कमियां यह हैं-
1-करीब 160 पेज होने के बाद भी कहानी में एक्शन पक्ष को इतना ज्यादा महत्त्व दे देने के कारण ,कहानी का मनोरंजन पक्ष बर्बाद हो जाना!
2-कहानी में पात्रो को दिखने के तरीके में संवाद वाले पक्ष में गंभीरता की कमी होना,जिससे किरदारों का कहानी के लिए कम...अपितु खुद लिए काम करते दिखना दृष्टि गोचर होने लगता है!
3-बिलकुल नए खलनायक होने और एक रहस्यमयी जगह का माहौल होने के बावजूद भी उनका जरा भी उपयोग कहानी में ना होना अपितु सिर्फ खानापूर्ति लायक ही जगह दिया जाना!
4-कहानी में घटी हुई कुछ घटनाओं में कमियां छोड़ दिया जाना!

कथा-3/5
चित्रांकन-5/5

पेंसिल-
यह कॉमिक्स अनुपम सिन्हा जी ने पेंसिल करी है और उनके काम के बारे में हर कॉमिक्स प्रेमी बचपन से जानता है कि वो हमेशा अपना 100% देते हैं!
इस पूरी कॉमिक्स के 90% से भी ज्यादा पन्नों में सिर्फ एक्शन सीन हैं! एक्शन के मास्टर अनुपम जी हमेशा से रहे हैं,यहाँ भी उन्होंने हर एंगल से एक्शन को उकेरा है! डोगा के एक्शन सीन सबसे ज्यादा अच्छे बने हैं,जब वो ट्रेन वाले सीक्वेंस में आता है! उसके अलावा ध्रुव और डोगा की भिडंत के सीन्स दमदार हैं!
परछाइयों को किरदारों के साथ चिपके हुए चलते दिखाने में जो रोमांच का अनुभव आना चाहिए..वो पैदा करने में अनुपम जी सफल रहे हैं!

इंकिंग-विनोद कुमार
किसी भी पाठक की अनुपम जी के पेंसिल पर विनोद जी की इंकिंग देखने से बड़ी तमन्ना नहीं हो सकती है,जो इस कॉमिक्स में पूरी होती है! इस जोड़ी ने एक दशक से भी लम्बे समय तक सैकड़ो बेहतरीन कॉमिक्स पाठको को दी हैं! सिर्फ विनोद जी का नाम होने की वज़ह से इस कॉमिक्स का मूल्य देते समय किसी को भी कोई हिचकिचाहट महसूस नहीं होगी!

इस कॉमिक्स में जलजला के वक़्त जैसा आर्ट मिला है! वही पुराना ध्रुव जो हर कॉमिक प्रेमी अपने बचपन से देखता आ रहा है! वही साफ़ सुथरे चेहरे, जो पहचान थे कभी राज कॉमिक्स के स्वर्णिम काल की!
आज के वक़्त में आर्टवर्क प्रयोगधर्मी ज्यादा हो गया है! हर नया आर्टिस्ट अपने तरह से चीजों को बनाने और उन्हें सही साबित करने की होड़ में जुटा है! जिससे चेहरा सही नहीं बनता,वो उसको किसी अँधेरे कोने में खड़ा करके काला कर देता है! निगेटिव्स खुद में एक ब्लैक आर्टवर्क स्टोरी है! अगर अनुपम-विनोद जी चाहते तो इसको भी जबरदस्ती आजकल के आर्टिस्ट्स जैसा काली लीपा पोती करके पेश कर देते! आखिर क्या जरूरत थी, उन्हें इतनी ज्यादा मेहनत करके हम पाठको को देने की?
इसका उत्तर यह है कि अनुपम-विनोद जी अपने काम से बहुत प्यार करते हैं! यह उनकी आत्मा है और अनुभव हमेशा आगे रहता है! नयी पीढ़ी के आर्टिस्टस को इस कॉमिक्स को देखकर समझना चाहिये कि पाठको को क्या चाहिए और क्या नहीं!

रंग संयोजन-
कलरिंग इफेक्ट्स “अभिषेक सिंह” के द्वारा किये गए हैं! इतनी बड़ी कॉमिक्स का अपने करियर की शुरुआत में ही मिलना एक बहुत बड़ी उपलब्धि कही जा सकती है! उन्होंने भी इस बात को समझते हुए सराहनीय काम किया है!
लोरी-तिरंगा,डोगा की ट्रेन साइड नेगेटिव्स से भिडंत में अच्छे इफेक्ट्स हैं!
इस कॉमिक्स की कलरिंग से 10 साल पहले की कलरिंग वाला एहसास होता है! यहाँ हल्के इफेक्ट्स के साथ हार्ड कलर्स हैं! ग्लॉसी पेज होने से भी इफेक्ट्स का पूरा मज़ा मिल रहा है! सिर्फ अंधमान की ड्रेस को ज्यादा हाईलाइट टोन में होना चाहिए था,आखिर वो एक मुख्य और नया पात्र था! बहरहाल ओवरआल काम बढ़िया है!

शब्दांकन-
कॉमिक्स में 2 कैलिग्राफर हैं-नीरू और मंदार गंगेले जी! कौन सी जगह किनका काम है यह तो बता पाना संभव नहीं है! संवादों में यह कहानी काफी लम्बी है! सबको बोलने के लिए काफी कुछ मिला है! एक्शन और संवाद साथ साथ चलते ही रहते हैं!
कॉमिक्स में “नेगेटिव्स” के द्वारा कहे गए संवादों को काले bubbles में दिखाया गया है,जो टेढ़े मेढ़े और सुंदर दिखते हैं! इन bubbles की बाहरी पर्त पर भी अलग रंगों के इफ़ेक्ट स्ट्रोक्स देखने को मिलते हैं,जो पहले किसी कॉमिक्स में नहीं दिखा है!
अनुपम जी के लेखन पर यही टिप्पणी है कि वो कॉमिक्स में अभी भी सबसे अच्छे आइडियाज लाते हैं,लेकिन अब कहीं ना कहीं,उन आइडियाज का पूरी तरह से उपयोग नहीं हो पा रहा है! पहले आई नागराज है ना,आदम,काल कराल अपने विज्ञापन में जिस तरह का रोमांच बना चुकी थी..कॉमिक्स में वो बात नहीं बन पाई, “नेगेटिव्स” भी इस चीज़ से कुछ अलग नहीं है! “नागराज के बाद” वाली सीरीज के उपरान्त सिर्फ एक "हेड्रोन सीरीज" ऐसी थी जिसमे मज़ा आया था! उन्हें मनोरंजन वाले पक्ष के साथ किरदारों का चुनाव और उनको सही तरह से rotataion के अंतर्गत लाते रहना चाहिए!

अंत में यही कहना है कि निगेटिव्स को हर कॉमिक प्रेमी के कलेक्शन की शोभा जरूर बनना चाहिए! सालो पहले पढने को मिल चुकी कई मल्टी स्टारर के समकक्ष ना होने के कारण कहानी अति साधारण जरूर लगती है,जिसमे मनोरंजन के तत्वों की सतत कमी है,लेकिन ग्लॉसी पेपर पर अनुपम जी-विनोद कुमार जी के सजीव चित्रांकन की वज़ह से इसको देखने में आँखें सुकून का अनुभव करती हैं!
अंधमान,यामिनी और तलक्षेत्र को आगे दोबारा एक नए भयानक अंदाज़ और गंभीर कहानी में देखने की इच्छा जरूर रहेगी!

YUGANDHAR

Review- “युगांधर”

“सर्वनायक” श्रृंखला का “आधार खंड” “युगांधर” आपके समक्ष प्रस्तुत है! एक कालजयी रचना की यात्रा के प्रथम पड़ाव को पढना अपने आप में जरूरी भी होता है और रोमांचक भी! आगे के चाहे कितने ही खंड क्यूँ न पढने को मिलें,लेकिन प्रथम और अंतिम खंडो का महत्त्व अलग ही होता है!
नाम से जाहिर है कि यह युगों की सीमाएं लांघ कर लिखी गई कहानी है! युग साल की तरह नहीं होते हैं,जो पृथ्वी के सूर्य का एक चक्कर, एक बार में लगाने पर पूरा हो जाता है,युग होते हैं,अनंत सालो का एक मिश्रण,जिसमे एक बार में एक सभ्यता,संस्कृति बनतीहै,बिगडती है,बदलती है और याद रखी जाती हैं! इसलिए कहानी को अगर पढना है,तो सोचना भी उसी तरह से होगा,ताकि कहानी में डूबा जा सके!

कथा-
“युगांधर” को लिखा है नितिन मिश्रा और तरुण कुमार वाही जी की कलमों ने! शुरुआत एक अच्छे और सही अंदाज़ में प्रस्तावना पृष्ठों से हुई है,जिसमे इस भाग के 4 पात्रों युगम,योध्धा,भोकाल एवं अडिग का संक्षिप्त परिचय मिलता है! इसके बाद का एक पृष्ठ भूतकाल v भविष्यकाल के महा योध्धाओ को दिखाया गया है!
युगांधर की कथा मुख्यतः दो राह पर चलती है!
प्रथम है-दिति पुत्र योध्धा की कहानी जो स्वर्ग हेतु प्रतियोगिता के आरम्भ पर ठहरी हुई थी! वहीँ से आगे बढती है!
दूसरी-महाबली भोकाल की,जो अपने असली पिता की खोज में एक दुर्गम यात्रा पर निकला है! यानी पहले पाठको को “धिक्कार” व “अंतर्द्वंद” पढनी बहुत जरूरी है!
इसके बाद कुछ दूसरे महानायकों को थोडा स्थान कहानी में मिला है!

*भोकाल-
शवमित्र को साथ लिए हुए “भोकाल-शक्ति” का असली अधिकारी साबित होने के बाद भोकाल टकरा गया है साक्षात मौत के परकालो से! यहाँ जीतते ही वो युगम के चंगुल में खुद को घिरा पायेगा! परन्तु यह तो होना ही था ,इसलिए यह महत्वपूर्ण नहीं है!
पाठको के लिए महत्वपूर्ण है भोकाल की उत्पत्ति के पीछे का सच उजागर होना,जो उन्हें आश्चर्यचकित और भौचक्का करके रख देगा! जो कई नए रहस्योदघाटन खुद में समेटे हुए है! लेखको के द्वारा भोकाल की उत्पत्ति के घटनाक्रम बदलने के साथ कई नए तथ्य जोड़े गए हैं!पाठको को भोकाल के जीवन से जुडी कई जरूरी जानकारियाँ यह कॉमिक्स देती है!

*योध्धा-
मुख्यतः “युगांधर” में कहानी स्वर्ग हेतु प्रतियोगिता में दैत्यों और देवताओं के अपनी-अपनी तरह से प्रतियोगिता की शर्तें पूरी करके जीतने की लालसा पर केन्द्रित है,जिससे स्वर्ग की स्थापना के योग्य उम्मीदवार का चयन हो सके! यह भाग अपने पिछले भागों (आरम्भ,सूर्यांश,सृष्टि,स्वर्ग पात्र) से जुडा होने के कारण तभी समझ आएगा जब पहले घटित हो चुके घटनाक्रम का पूरा ज्ञान पाठक को हो,वरना नहीं!
स्वर्ग हेतु प्रतियोगिता में भाग ना लेने पाने की मजबूरी के चलते योध्धा को कॉमिक्स में मुश्किल से सिर्फ 7-8 पन्नों की जगह मिली है! युगांधर में उसका होना फिलहाल नगण्य था! कहानी उसके चारो ओर नहीं घूमती! परन्तु पाठको को दैत्य-देवताओं के बीच आँख मिचोली लगातार होते षड़यंत्र पढने में मज़ा आएगा,खासकर “राहू प्रकरण” उन्हें आनंदित करने की क्षमता रखता है!
यहाँ एक चीज़ रेखांकित कर दें कि योध्धा अभी भी युगम के चंगुल से बाहर है!

पेज-68 शुक्राल को समर्पित किया गया है! उसका रोल छोटा सा होने के बावजूद भी रहस्यों की आंधियां छोड़कर चला गया है!

पेज-70-77 तक तिलिस्मदेव,अश्वराज,गोजो,प्रचंडा अपने समय में लड़ते लड़ते युगम के सामने पहुँच चुके हैं!

तो पाठक समझ सकते हैं कि कहानी में कम जगह में ज्यादा से ज्यादा चीज़ें दिखाई गयी हैं!
कहानी यहाँ पर ठहरी सी लगती है..पर यह तूफ़ान से पहले की शान्ति जैसा था! कॉमिक्स का तीसरा हीरो और राज कॉमिक्स में पर्दापर्ण कर रहे श्राहू दानव “कुमार अडिग” एक स्त्री की अस्मिता की रक्षा करते हुए अवतरित होते हैं! अडिग एक तूफ़ान की तरह लगता है,ऐसी एंट्री शायद कम ही हीरो कर पाए हैं!

फिलहाल कहानी रुक चुकी है एक ऐसे मोड़ पर,जो अगले भाग का लम्बा इंतज़ार और ज्यादा कष्टकारी बना देती है!
कहानी में अभी भी बहुत कुछ ऐसा है,जो कि लेखक के द्वारा खोला नहीं गया है, खासकर भोकाल वाली कहानी अभी भी काफी रहस्य खुद में बचाए हुए है!इसलिए आगे के अंको का इंतज़ार सभी को करना ही पड़ेगा! योध्धा वाली कहानी तो शायद अभी काफी लम्बा समय और ले सकती है,और यही कुछ अडिग के लिए लग रहा है!

“युगांधर” के बारे में पाठकों को यह ध्यान देना बहुत जरूरी है,कि यह कॉमिक्स बहुत लम्बे समय और मेहनत के बाद बनी है! पहले यह जहाँ सिर्फ भोकाल प्रकरण तक सीमित थी,जिसमे बाद में “स्वर्ग हेतु” नामक कहानी को जोड़ा गया,फिर समावेश हुआ अडिग का और तब यह सर्वनायक का आधार बनकर आपके हाथो में पहुंची है!

“युगांधर” बाकी मल्टी स्टारर की तरह नार्मल कहानी नहीं है,जिसमे एक ही कहानी में कई हीरो किसी एक लक्ष्य के लिए साथ होते है! बल्कि फिलहाल यहाँ हाल-फिलहाल कोई भी नायक एक दूसरे के बारे में जानता ही नहीं है!
“पाठको को सिर्फ यह ध्यान रखना है, कि कई अलग अलग कालों के अलग घटनाक्रमों को खलनायक के द्वारा एक ही साथ दिखाना इसका मुख्य सूत्र है!”

कथा-4.5/5
चित्रांकन-4/5

ललित सिंह और नितिन मिश्रा जी “युगांधर” के चित्रकार हैं! मुख्यतः काम नितिन जी का है!
प्राचीन,पौराणिक कहानियां होने के कारण नितिन जी को साधारण पेंसिलिंग के बाद भी 2 चीज़ों का फायदा मिल गया है!
पहली चीज़ कॉमिक्स में कलरिस्टों द्वारा दिए गए उम्दा कलरिंग इफेक्ट्स! जिन्होंने आर्ट की कमियां छुपाने में मदद करी!
दूसरी चीज़ कहानी की मांग ही चूँकि बदसूरत चेहरे और भद्दे शरीर वाले दैत्य,दानव थे, इसलिए उनके भावहीन चेहरे और शरीर, जैसे भी बने, कहानी में फिट आ गए! बचे खुचे पहाड़,अंतरिक्ष आदि इफेक्ट्स पर निर्भर होने के कारण ज्यादातर चीज़ें संयोग से सही बैठ गयीं हैं! नितिन जी को आर्टवर्क पर थोडा और ध्यान देना चाहिए! आर्ट में जहाँ भी मूर्ती जैसे भावहीन और पत्थर की तरह शरीर के आकार नज़र आते हैं,वो नितिन जी का काम है! कॉमिक्स के अंत के लगभग सभी पन्ने जिसमे अडिग प्रकरण के अलावा तिलिस्मदेव,अश्वराज,गोजो,प्रचंडा जुड़े हैं वो सभी नितिन जी के हैं! वहीँ भोकाल प्रकरण के शुरूआती पन्ने ललित जी के हैं! बीच में कहानी की जरूरत के अनुसार आर्टवर्क स्विच करता रहता है! इसलिए अंतिम तथ्य यही है की आर्टवर्क एक जैसा नहीं मिलता है!
ललित सिंह भी अपने “गुरु भोकाल” जैसे स्मरणीय काम की छटा दोबारा पाठको को नहीं दे पाए! उनके द्वारा भी सिर्फ संतोषजनक और इफेक्ट्स पर निर्भर आर्टवर्क मिला है! फिर भी दिलीप कदम जी के बाद वो भोकाल के आर्टवर्क के लिए अब भी सबसे बेहतर चुनाव हैं!

कलरिंग इफेक्ट्स-
अपनी कहानी के बाद यह कॉमिक्स अगर याद किये जाने लायक है तो वो है इसके कलरिंग इफेक्ट्स! जो की भक्त रंजन व अभिषेक सिंह के द्वारा किये गए हैं!
प्राचीन,पौराणिक कथाओ के आर्टवर्क को जीवित बना देना आसान काम नहीं है! जिस तरह से दोनों ने हर फ्रेम में मेहनत करी है,वो अभिभूत करने वाली है!
पेज-10,14 के आकाश व अंतरिक्ष देखिये या पेज-67! हर जगह जीवंतता का एहसास नज़र हटने नहीं देता है! यह पाठको को पूरी कॉमिक्स में देखने को मिलेगा!

नीरू जी के शब्दांकन के बिना बात अधूरी रह जायेगी! शब्द ही कहानी को समझाते हैं और जहाँ बात नहीं होती,वहां वातावरण में मौजूद दूसरी आवाज़ें सहायक बनती हैं! यहाँ पर कैलिग्राफर की ज़िम्मेदारी बढ़ जाती है कि कैसे वोह हर दृश्य को पढने वाले को समझा पायेगा! पेज-9,10 इस चीज़ का सटीक उदाहरण दिखाते हैं!
पूरी कहानी बहुत सुंदर तरीकों से शब्दांकित हुई है!

टिप्पणी- “युगांधर” एक उत्कृष्ट कॉमिक्स है! इसमें एक जानदार कहानी है,चित्रांकन साधारण है,लेकिन उसको असाधारण बनाने की ताकत रखने वाले कलरिंग इफेक्ट्स हैं,जिन्हें शब्दांकन का भरपूर सहारा मिला है! यह प्राचीन कथा प्रेमियों के लिए संकलित करने योग्य विशेषांक है! कुल मिलाकर सर्वनायक की शुभ शुरुआत हुई है!

TAKBAK





Review-"तकबक"

बांकेलाल का यह हास्य विशेषांक तरुण कुमार वाही –अनुराग कुमार सिंह द्वारा लिखा गया है!
कहानी का सार कुछ यूं है-
सभी भक्त अपने ईष्ट से हमेशा कुछ ना कुछ मांगते ही रहते हैं..भक्त अगर बांकेलाल जैसा हो तो भगवान् भी हमेशा चौकन्ने रहते हैं! इस बार कहानी में पंगा यह डाला गया है,कि शिवजी सामने से आकर बांकेलाल को विक्रम सिंह को मारने की युक्ति बता रहे हैं! इसलिए बांकेलाल अति प्रसन्न है! यानी इस बार बांकेलाल की जीत के अवसर पूरे हैं! कहानी में खलनायक है तकबक “नाम” का एक इच्छाधारी सर्प! यानी यहीं वो चाबी है जो विक्रम की मौत के दरवाज़े का ताला खोलेगी!
# क्या तकबक विक्रम को मार सका?
# शिवजी ने आखिर बांकेलाल को ऐसी योजना क्यूँ बताई?क्या उन्हें आखिर बांकेलाल पर दया आ ही गयी या फिर छुपा है कोई रहस्य?  

# क्या इस बार बांकेलाल को शिवजी का आशीर्वाद मनोवांछित फल दे पाया?
इन सवालों के जवाब आपको कहानी में मिलेंगे!

कहानी शुरू होते ही रफ़्तार से भागती है! पेज-3 पर ही बांकेलाल अपनी योजना शुरू कर देता है जो आखिर तक तकबक-विक्रम का आमना-सामना होने तक बनती रहती है! यानी चाल दर चाल! कुछ चीज़ें जो हमेशा की तरह हर कहानी जैसी इसमें भी डाली गयी है..वो हैं...मरखप का बांके की जासूसी करना,महल में फैला भ्रष्टाचार,मंत्रियो की करतूतें,रानी स्वर्णलता की बे-सिर पैर बातें और विक्रम का बांके पर हमेशा की तरह अटूट विश्वास!
क्यूंकि कहानी सिर्फ तकबक के विक्रम को मारने वाले पहलु पर ही घूमती है,इसलिए इसमें दूसरा कोई अतिरिक्त छोर कहानी के साथ नहीं जुडा मिलता है! कहानी के एक तरफ से आरम्भ होकर बिना कहीं भटके दूसरी तरफ अंत आ जाता है!
किरदारों की बात करी जाए तो बांकेलाल और विक्रम सिंह ने खुद को दोहराया ही है,दोनों के सभी संवाद और सीन हमेशा से चलती आ रही कहानियों जैसे ही हैं..कई बार पाठक खुद ही जान जाते हैं कि दोनों का अगला रिएक्शन क्या होगा!
भगवान् शिव और तकबक के सभी सीन जानदार बने हैं..और कहानी का अकेला आकर्षण हैं!
हास्य के मामले में कहानी साधारण रही है! इसमें चुटीले संवादों और मसालों की कमी दिखी! लेखको को हास्य पर और ज्यादा ध्यान देना चाहिए! 40 के मूल्य में कहानी अगर हंसा ना सके तो सब व्यर्थ लगता है! बांकेलाल की कहानी से सबसे ज्यादा उम्मीद यही रहती है कि वो पढने वालो को कुछ अच्छे मनोरंजक पल दे जाए!

कथा-3/5
चित्रांकन-4/5

सुशांत पंडा जी द्वारा बनाया गया चित्रांकन है जो अच्छा बन पड़ा है! भगवान् शिव और तकबक पर किये गए प्रयास अच्छे हैं..बाकी सभी हमेशा जैसे ही है!
पेज-6 का प्रथम फ्रेम कमाल का लगता है,जब बांकेलाल मरखप की उंचाई तक आने की चेष्टा कर रहा है! इसके अलावा भूमिगत महल के अन्दर के दृश्य भी रेखांकित करने लायक हैं!
इंकिंग “फ्रेंको” की और रंग संयोजन बसंत पंडा जी का है!
टिप्पणी- तकबक अति उल्लेखित होने लायक नहीं बन पाई है...लेकिन एक औसत विशेषांक कहा जा सकता है! इसका सिर्फ बांकेलाल के षड्यंत्रकारी जीवन में एक पन्ना और जोड़ने तक का ही महत्व है!

Saturday, 20 July 2013

BREAKOUT



कथावस्तु-4/5
कला क्षेत्र-4/5


स्तब्द्धता!
“सिटी विदाऊट ए हीरो सीरीज़” के इस दूसरे भाग को पढने के बाद पाठको को पता चलेगा कि मानवीय मस्तिष्क को किस तरह से एक साथ दुख,खुशी,पागलपन,उत्साह,कुटिल हंसी यानी हर तरह के भावों से एक साथ गुजारा जा सकता है!

हम यह नहीं कहना चाहते कि यह सीरीज आज तक आई ध्रुव की सैकड़ो कहानियों से बेहतर साबित हो रही है..वैसे अभी कहानी आधी ही पूरी हुयी है...इसलिए यह कहना जल्दबाजी ही होगी...लेकिन यह जरूर है...कि किसी ने भी ध्रुव की ऐसी कहानी पहले नहीं पढ़ी है!...मुख्यतः हम सभी भारतीय... एक ऐसे हीरो कि कल्पना में डूबे रहते हैं...जो बुराई पर एकतरफा जीत दर्ज करके खुद को बाकी लोगों से अलग साबित कर देता है! मगर तब क्या हो..जब यह "अलग इंसान" खुद बाकी साधारण लोगों की कतार में खड़ा नज़र आने लगे? यहाँ यही हो रहा है...एक जद्दोजेहद चल रही है...खुद को खुद ही साबित करने की!

“कोड नेम कॉमेट” पढने के बाद हर सुधी पाठक बेतकल्लुफ होकर निश्चिन्त हो सकता था ...ऐसा माहौल बनाया लेखक ने ,पर वो सब एक दूर की सोच पर आधारित चीज़ें थी...हमें कहना चाहिए एक खूबसूरत साज़िश का हिस्सा थी! यह सीरीज़ पाठको की परीक्षा लेती हुई प्रतीत होती जा रही है! राज कॉमिक्स के इतने सालो के इतिहास में कोई कहानी इतना ज्यादा सोचने पर मजबूर नहीं करती..जितना अब तक के करीब 150 पन्नो में हो चुका है!

“कोड नेम कॉमेट” पढ चुके पाठको के लिए यह कहानी वहां से शुरू होती है, जब अक्षिता नामक कैडेट के घायल होने के बाद ध्रुव अस्पताल से निकला है! कहानी यहाँ से गोता मारती है, एक बार फिर भूतकाल में हुए एक छोटे से किस्से में जो फिर आगे के 74 पन्नो में नज़र नहीं आएगा! यहाँ एक बार फिर कहानी एम्स्टरडैम में नज़र आती है..जहाँ रिचा-कॉमेट का आमना-सामना प्रकरण ख़त्म होता है!
यह हिस्से इस भाग में मुख्य नहीं हैं...मुख्य बात है-नारका जेल का ब्रेक होना...जिसपर कहानी का टाइटल दिया गया है! जेल में सेंध लगने का पूरा प्रकरण,पूरी दुनिया के टीवी कवरेज के साथ विस्तारपूर्वक लेखक ने दिखाया है...वो मुख्य आकर्षण है! 1000 से ऊपर खूंखार कैदियों के साए में एक लावारिस हालत में लग रहे शहर की कहानी झुरझुरी दौड़ाने के लिए काफी है! पेज-22 पर एक पोस्टर दिखता है-“दिलवाला दुल्हनिया वापस दे जाएगा”! हमें इसको देखकर हँसते हुए अंदाज़ा हो गया कि ध्रुव के बिना राजनगर की हालत क्या है! यहाँ कुछ भी सीधा नहीं चल रहा है..सबकुछ उल्टा-पुल्टा है!

इसके बाद है हिंसा..हिंसा..हिंसा! आम भाषा में एक्शन, वो भी नॉन स्टॉप..उज्जड सडको पर घूमते कैदियों को रोकने के लिए नताशा..फिर चंडिका फिर..CF के 3 टॉप कैडेट्स...थोड़ी थोड़ी देर पर आकर हाथ साफ करना चालु कर देते हैं..जो अंत तक कहानी के अल्प विराम लेने तक चलता रहता है!

यह वो हाई टेक मेट्रो सिटी राजनगर कहीं से भी नज़र नहीं आती, जहाँ सुपर कॉप इंस्पेक्टर स्टील रहा करता था/है...ध्रुव के मरने के बाद जिस शहर की हर गली सुरक्षा के मामले में 4 गुना चाक-चौबंद होनी चाहिए थी..वहां प्रशासनिक अमला पूरी तरह विफल हो गया! वैसे हमें जेल के टूटने के बाद बाहर कहानी के अंत तक कहीं भी पुलिस और दूसरी सरकारी/गैर सरकारी सुरक्षा एजेंसियों के नाम की कोई चिड़िया कहीं दिखी ही नहीं! कहानी के शुरू में पेज-4 पर एक पुलिस हेलीकाप्टर साधारण परिस्थिति में तो उड़ता दिख रहा था...मगर काम के समय नहीं! प्रशासन की भूमिका संदिग्ध नज़र आती है..शायद राजनगर में भी कांग्रेस की सरकार बन गई है!...ध्रुव से ज्यादा तो यहाँ एक अच्छी सरकार की जरूरत पहले है!

हाँ तो हम शुरू में बात कर रहे थे स्तब्द्धता की,जो इस कहानी से बन रही है..या लेखक द्वारा पाठको के मनोरंजन के लिए बनाई जा रही है,यह कहना ज्यादा सटीक है! “कोड नेम कॉमेट” जहाँ कुछ और दिखा रही थी..वहीँ ब्रेकआउट कुछ और ही दिखाती है! पढने वाले सिर्फ अपने बाल नोंच सकते हैं कि क्या सही है और क्या गलत! बालों से याद आया कॉमेट के बाल बहुत छोटे हैं..मगर एक आदमी कहानी में ऐसा भी है जिसके बाल-दाढ़ी सब 1 फीट के घनघोर घने-घने हैं और ध्रुव का जनाज़ा उठ चुका है! अभी तक सारी दुनिया को 2 ध्रुव दिख रहे थे..यहाँ अभी तक हमें 3 नज़र आने लगे हैं...आगे शायद 4 या 5 दिखने लगें....हमें पता है यह लाइन्स ऐसी लगती है कि हमने चढ़ा रखी है..मगर इसके ज़िम्मेदार सिर्फ लेखक है.....तो प्यारे पाठकगण चद्दर तानिये ,सो जाइए ,यह बहुत गहरा किस्सा है,आखिरी भाग के आखिरी पन्ने से पहले किसी को कुछ पता चलने वाला हो, ऐसा लगता नहीं है!

रोल्स की बात करी जाए तो ध्रुव के बारे में ना पूछिए...जब पता ही नहीं चल रहा की लेखक की कलम से निकली स्याही कहाँ तक गई है! कॉमेट-मिशा के साथ बाकी हमारी फेवरेट रिचा/ब्लैककैट के हिस्से में बहुत छोटी भूमिका आई है...दिल डूबा-डूबा सा हो गया! “नताशा प्रेमी” खुशियाँ मानते हुए अनार और फुलझड़ियाँ छुड़ा सकते हैं..कि उनकी कमांडर ने पूरी कॉमिक्स में भारी-भरकम उपस्थिति दर्ज कराई है! सुंदर चंडिका ढिशुम-ढिशुम और राजनगर के बदले हुए हुलिए का हाल-चाल पता करती रही! CF से पीटर-करीम-रेनू दिखे हैं.... “कोड नेम कॉमेट” के मास्टर M ने अपनी छुपी काली सूरत यहाँ भी जारी रखी है...इन सभी जाने अनजाने चेहरों के अलावा सिर्फ एक नए रोल एंट्री की हुई है! उम्म नहीं 2..नहीं शायद 1..पता नहीं...बहुत उलझी कहानी है..आप पढ़कर जान लीजिये!

इस भाग में कहानी को दुगुना कसा गया है...कोई सूत्र पढने वालो को ना मिले..इसकी पूरी कोशिश लेखक ने करी है...सस्पेंस के सारे सिरे अभी भी बना रखे गए हैं...इसलिए पढने वाले के हाथ खाली ही रह जाते हैं! पर थोड़ी मेहनत करके पाठको को दिल की ठंडक मिले इसके लिए कुछ ना कुछ जरूर हाथ लगेगा...हमें भरोसा है!

हेमंत कुमार जी की पेंसिल और विनोद कुमार/ईश्वर आर्ट्स की इंकिंग से सजा काम इस भाग में है! हेमंत जी के काम के बारे में ज्यादा कुछ नया उल्लेख करने लायक अब बचा नहीं है! वो राज कॉमिक्स के अग्रणी आर्टिस्ट्स में से एक हैं! सुपर कमांडो ध्रुव की कई कॉमिक्स पहले भी बना चुके हैं...और निसंदेह ब्रेकआउट में भी उनका काम उम्दा रहा है! कहने वाले कहेंगे जरूर, कि ध्रुव का चेहरा,उसके बाल,उसकी खाल,उसका शरीर,उसकी मुस्कान, उसका गुस्सा, मतलब जहाँ नज़र पड़ी, वही खराब बता देते हैं...वज़ह पूछने पर वही घिसी पिटी बात कि “अनुपम जी का ध्रुव चाहिए”!
इस लाइन के आगे लोगों की नज़र में किसी दूसरे आर्टिस्ट द्वारा करी गई जी तोड़ मेहनत का कोई मूल्य नहीं होता है...एक बार ठन्डे दिमाग से सोचकर देखिये..खैर यह चीज़ लोग धीरे-धीरे ही समझेंगे जरूर एक दिन!

"ब्रेकआउट" में जेल ब्रेक के सीन बहुत शानदार हैं! रिचा/ब्लैक कैट दोनों ही सुंदर बनी हैं! महिला ऊप्स "सॉरी" सुंदरियाँ(एक गुंडे को महिला शब्द का उपयोग बहुत भारी पड़ा था) प्रधान आर्टवर्क वो भी एक्शन के जबरदस्त तडके के साथ देखकर दिल खुश हो जाता है! चंडिका के एक्शन सीन अच्छे हैं...प्रीव्यू में सभी ने रोबो-ध्रुव वाले सीन देखे थे..जो बहुत जबरदस्त बने थे ...उनके आगे भी एक्शन के बहुत अच्छे सीन हैं! कवर पर रोबो के विशालकाय शरीर को देखकर पाठक भ्रमित ना हो..वो कहानी का हिस्सा हैं..एक्शन के अलावा ज्यादातर आर्टवर्क आपसी बातचीत का है...जिसमे फोकस चेहरों पर दिया गया है! इन्कर्स ने यहाँ साफ़ सुथरा काम किया है...कोई गैर जरूरी अँधेरा या मार्क्स नहीं हैं!

रंग सज्जा में शादाब सिद्दीकी जी के अलावा नए colorist अभिषेक सिंह का पहला कॉमिक्स है! इफेक्ट्स ठीक ठाक हैं...इस दिशा में कोई विशेष उल्लेखनीय पेज हमें नहीं मिला...व्यक्तिगत रूप से हमें हार्ड कलरिंग पसंद आती है...जैसी इस सेट की एक दूसरी कॉमिक्स “रात का भक्षक” में हुयी है...इसमें हमें कलर इफेक्ट्स हल्के महसूस हुए! खैर, अभिषेक जी को राज कॉमिक्स से जुड़ने की बधाई!

शब्दांकन भी मंदार गंगेले जी का है!

इस भाग को लेकर आखिरी चीज़ कि...लेखक ने अब तक के 2 भागों में बहुत ज्यादा मेहनत करी है! जब यह दिखता है,तो बहुत ख़ुशी भी होती है,साथ-साथ उम्मीदें और दोगुनी बढ़ जाती हैं! कहानी इस वक़्त अपने चरम के पहले पायदान पर आकर खुली हुई है! अगले 2 भाग “शायद” ध्रुव की सबसे बेहतरीन कहानी पाठकों को दे सकते हैं! सकारात्मक रहते हुए अगले भाग का इंतज़ार है!

RAAT KA BHAKSHAK






कथावस्तु-4.5/5
कला क्षेत्र –4.5/5


डोगा अपने शुरूआती समय में रात के रक्षक के नाम से ज्यादा जाना जाता था! बाद में "मुंबई का बाप" उसके नाम से ऐसा जुड़ा, कि पाठक रात में किसी अँधेरे कोने से निकलने वाली आकृति की जगह धूम-धडाम करने वाले हीरो के आदी बन गए!

कवर पर डोगा के साथ डंडा पकडे हुए एक अधनंगा इंसान नज़र आ रहा है...इसी इंसान के ऊपर लिखी गयी है..यह कहानी....रात का भक्षक!

कहानी के लेखक है तरुण कुमार वाही और अनुराग कुमार सिंह !

वर्तमान में एक प्रेमी-युगल पर हुए जानलेवा हमले के 2 पन्नो के बाद ही कहानी चली जाती है...2 साल पहले शुरू हुए घटनाचक्र में..जहाँ से सब शुरू हुआ था! कहानी के केंद्र पर लायन ओकल्ट है..यानी हल्दी चाचा (कराटे किंग)!

यहाँ पर एक बात रेखांकित करने योग्य है कि यह कहानी डोगा की नहीं है...कहानी है सूरज की!
डोगा वहीँ आता है जहाँ कहानी को हिंसात्मक मोड़ चाहिए! बाकी पूरी कहानी में लेखको ने तथ्यों और घटनाओं पर ज्यादा बल दिया है! हम इस चीज़ का स्वागत करते हैं! यही वो चीज़ है जो इस कहानी को 15 साल पहले वाला रूप दे रही थी! क्यूंकि कहानी का हर पात्र अपनी जगह महत्व रखता है! यहाँ डोगा के होने का विशेष आभामंडल नहीं बनाया गया..ना उसके नाम पर कहानी खींची गई ,जैसा पिछली कुछ कहानियां कर रही थी!

परन्तु डोगा पर कहानी के निर्भर ना होने का मतलब यह नहीं है की कहानी में अपराधी और अपराध का अभाव है..इसमें भी एक पूरा अपराधी गिरोह है...खून होते हैं..हिंसा है!
कहानी में हल्दी चाचा हैं..यानी उनके शिष्य भी हैं..शिष्य हैं..तो शिक्षा है...शिक्षा है तो प्रतियोगिता है.. प्रतियोगिता है तो टकराव हैं..और टकराव हैं तो डोगा है!

इस परिपाटी पर बहुत सी कहानियां लिखी गई हैं..मगर रात का भक्षक बहुत अलग है..यहाँ एक सामाजिक असमानता के नीचे सिसकियाँ लेती 2 इंसानी जिंदगियो को प्रकाश में लाया गया है! कैसे यह समाज भेदभाव से उपजी परिस्थितियां पैदा करता है! एक “विशेष” माँ की जिजीविषा है..जो अपने बच्चे को मजबूत बनाने का स्वप्न देखती है...एक समाज से दुत्कारा हुआ युवक है! यह कहानी उस तराजू पर रखी हुई है..जिसकी एक तरफ इंसान अपने लिए जिंदा है...वहीँ दूसरी तरफ परायो के लिए! और किसका पलड़ा भारी है..यही सीख इस कहानी में मिलती है! सीख- यह वो चीज़ है जो आजकल की कहानियों में मनोरंजन के नीचे कहीं छुप सी जाती है..पर डोगा की यह कहानी सुखद बदलाव की तरह लगती है!

चीता को डोगालिसिस विंग में देखकर अच्छा लगता है...लेकिन हल्दी को छोड़कर बाकी चाचाओ के हिस्से कुछ नहीं आया!

नज़र डाली जाए कहानी की रफ़्तार पर-जिसकी शुरुआत होती है..एक ट्रेन में हुए हमले से..जो फिर स्थिर गति से भूतकाल में गोता लगा देती है...पाठक आनंदित होकर इसको पढ़ते जाते हैं..पेज -50 पर कहानी फिर से वर्तमान में वापसी करती है! यहाँ पर एकबारगी लगता जरूर है, कि कहानी का अंत पाठक को पता है..मगर यहाँ पर लेखक कहानी को एक रोचक सुखद अंत देकर पटाक्षेप कर देते हैं!

यहाँ पर हमें पता चलता है कि लेखको ने Calculated Risk लिया है! कहानी के अंत की 2 अलग-अलग राहें बनी थी..एक जानी पहचानी और एक नई! लेखकों ने इस बार नई राह चुनी है! हमें आशा है..सभी को पसंद आएगी! कहानी का बेसिक प्लाट सिंपल है..लेकिन Execution उम्दा रहा!

कॉमिक्स के आर्टिस्ट हैं नित्यांशु शर्मा! जिनके बने आर्टवर्क कुछ डोगा-डायरीज में सभी ने देखे हैं..उन्हें पहली बार एक पूरी कॉमिक्स मिली है...पेंसिल और इंकिंग दोनों उनके हाथ की है!
नए आर्टिस्ट यानी पहले बड़े काम की धुकधुकी..हजारों पाठको की उम्मीदें और सरसरी नज़रें! पहली चीज़ पाठको को यह कॉमिक्स यह मन बनाकर देखनी चाहिए..कि नए काम को पुराने से तुलना ना करें! क्यूंकि नया देखने की इच्छा मन में पहले से नहीं होगी तो हमेशा नकारात्मक सोच ही बनी रहेगी.जिसका कोई अंत नहीं है!..आजकल महीनो पहले से पाठको को पता चल जाता है, कि कौन सी कॉमिक्स किस आर्टिस्ट के द्वारा बनवाई जा रही है...ऐसे में दिमाग को पहले से बदलाव देखने के लिए ट्यून अप करके रखा जाना चाहिए!

हम किसी भी आर्टिस्ट के ओवरआल काम को देखते हैं! आधी अच्छी-आधी बुरी का हमारे लिए भी कोई मतलब नहीं होता! यहाँ हम बार-बार देखते हैं..कि आर्टिस्ट ने किस तरह कहानी को पहले समझा और फिर पेंसिल उठाई है...उनका अपना एक अलग तरीका है चित्रों को बनाने का! इस कॉमिक्स में उन्होंने भारतीय और जापानी मंगा का एक फ्यूज़न दिया है...इसको आप लोग आसानी से जांच सकते हैं..सभी characters के बालों पर नज़र डालकर जो स्पाइन शेप यानी नुकीले हैं! इसके अलावा आप जब भी फ्रंट यानी सामने से देखते हैं..तो सभी नार्मल लगते हैं...लेकिन साइड व्यू पर बदलाव आ जाता है! हमें उनका यह नया आर्ट स्टाइल अच्छा लगा!
दूसरी चीज़ हमने देखी...आर्टिस्ट ने बैकग्राउंड पर बहुत मेहनत करी है..जो उनकी काबिलियत सिद्ध करती है!

इस कॉमिक्स में एक गैंग है, जिसकी costume बहुत उम्दा बनी है! फिर गौर किया, कहानी के साथ बदलती सभी पात्रों की भाव-भंगिमाओ पर! यहाँ भी आर्टिस्ट कहानी के साथ न्याय करने में सफल रहे!
लेकिन कवर आर्ट हेमंत कुमार जी ने बनाया है..वैसे हमें लगता है कि अन्दर के उम्दा काम को देखते हुए कवर भी नित्यांशु जी को सौंपा जाना चाहिए था!

बात इंकिंग की!
किसी भी कॉमिक्स का आर्ट उसकी इंकिंग की क्वालिटी पर टिका होता है! यहाँ नित्यांशु की ने काबिलेतारीफ काम दिया है!यह देखकर आश्चर्य होता है कि अपनी पहली बड़ी कॉमिक्स पर उन्होंने इतनी प्रवीणता दिखाई है!
ओवरआल आर्टवर्क में हमें कोई कमी नहीं दिखी और काम को बेहतर बनाते जाना एक जीवन पर्यंत चलने वाली प्रक्रिया है!

रंग सज्जा शादाब सिद्दीकी जी की है! जिनके काम के बारे में सभी जानते ही हैं! हार्ड कलरिंग हुई है! हम इस कॉमिक्स को ग्रीन इफेक्ट्स के लिए याद करेंगे..क्यूंकि हरे रंग का प्रचुरता से इस्तेमाल हुआ है!

शब्दांकन नीरू जी का है!

रात का भक्षक परिवर्तनकारी कॉमिक्स है..डोगा की पिछली कई कॉमिक्स से ज्यादा बेहतर! एक सिंगल शॉट कॉमिक्स में जो होना चाहिए वो सब है! उम्मीद है पाठको का मनोरंजन करेगी!

HUM SAB PAGAL HAIN






कथा वास्तु-4/5
कला क्षेत्र –4/5

 
विशालगढ़ की धरती साधारण परिस्थितियों में भी असाधारण हरकतों के लिए पहले से जानी जाती है! ऐसे में अगर कहानी का नाम ही “हम सब पागल है” दिया गया है, तो सच में अन्दर बहुत भयंकर पागलपन छाया होने की उम्मीद बनती है!

कहानी के लेखक है तरुण कुमार वाही और अनुराग कुमार सिंह !

कहानी शुरू हुई, किसी के आगमन की प्रतीक्षा में कांपते विशालगढ़ से! यह और कोई नहीं..कवर आर्ट में नज़र आते एक बाबाजी हैं,जिनके सिर पर हमेशा रहता है एक टोकरा! इस टोकरे के साथ, यह चलते फिरते आतंकवादी नज़र आते हैं... इनकी अपनी ही अजीब हरकतें हैं! बांकेलाल हमेशा की तरह यहाँ भी अपनी खुरापात करता है..जिसके फलस्वरूप पूरा विशालगढ हो जाता है पागल! इसके बाद शुरू होती है इतने सारे पागलो की उधम बाज़ी और धमा चौकड़ी की हंसाती-गुदगुदाती कथा,जो हमेशा की तरह बांकेलाल की फूटी किस्मत पर विक्रम की पुच्ची के साथ पटाक्षेप होती है!

बांकेलाल की कहानियों का मज़ा तभी आता है जब दिमाग शांत और हँसना चाहता हो! क्यूंकि 90 % से ज्यादा कथावस्तुओ का अंदाज़ा पहले से होता है,इसलिए यहाँ भी कहानी बांकेलाल के षड्यंत्रकारी जीवन का एक और दिन पार लगाती है!

विशालगढ के एकमात्र लुच्चे,ठरकी छेडू हमारे सेनापति श्री मरखप सिंह जी हमेशा की तरह क्षमा के साथ अपनी खींसे निपोरती टुच्ची हरकतों से गुदगुदा रहे है! हास्य संवादों में कई बार सचमुच बहुत तगड़ी हंसी निकलती है...उदाहरण के लिए जब देवराज इंद्र कहते हैं “कि हमें नीचे से पृथ्वीवासी डंडा कर रहे हैं और पवन देव कहते हैं कि ब्रह्माण्ड में एक मात्र मानव ही है जो किसी को भी डंडा कर सकता है..पंगा ना लो हीहीही!
फ़िल्मी गानों का विशालगढ़ी छौंक लाजवाब था...पुरानी कहानियां याद आ गई! जब भी ऐसे गानों पर पात्र ठुमके लगाते हैं..दृश्य देखते ही बनता है!

एक और अच्छी बात कि 46 पेज की इस कॉमिक्स में डायलॉग्स लगभग 60 पेजों के बराबर दिए गए हैं..इसलिए यह माना जा सकता है कि राज कॉमिक्स में एक बड़ी कहानी को कम जगह में भी सफलता से पाठको को परोसा है!

सुशांत पंडा जी एक बाद फिर बादल की तरह छा गए..हीहीही..अब बार बार उनकी तारीफ में क्या लिखें...जैसे पहले अच्छे थे वैसे इसमें भी अच्छे ही है...चलिए आज कुछ ख़ास पैनल जोड़ते हैं जो हमें पसंद आये-
पेज-2/पैनल-1 , पेज-13/पैनल-5, पेज-15/पैनल-5 , पेज-32/पैनल-4,5 .....पर पात्रों के चेहरों के भाव देखकर ही आनंद आ जाता है!

रंग सज़ा- बसंत पंडा जी की है!

इसलिए सावधान- पागलपंती से भरा पूरा राज्य,मंत्रियों के नाटक,मरखप की छिछोरी हरकतें,क्षमा के तीखे नैन-बाण,स्वर्णलता और स्वर्गलोक का अद्वितीय नाच..बांकेलाल का जलवा,विक्रम के दिमाग का बनता हलवा....जिन पाठको की पसंद हो...वो बांकेलाल की इस कॉमिक्स को पढ़कर ख़ुशी से पागल हो सकते हैं!

Sunday, 19 May 2013

VEERGATI





कहानी-5/5
आर्टवर्क-4.5/5


आर्डर ऑफ़ बेबल,न्यू वर्ल्ड आर्डर और वर्ल्ड वार पूरी करने के बाद “आतंकहर्ता नागराज” की जर्मनी यात्रा का अंतिम पड़ाव “वीरगति” आपके समक्ष प्रस्तुत है!
“वर्ल्ड वार” की कहानी तक आप सभी जान चुके है, कि विश्व युद्ध अपने चरमोत्कर्ष पर पहुँच चुका है और अब आतंकवाद को अपनी भीषण प्रतिक्रिया दिखाने के लिए नागराज सिर पर कफ़न बांधकर निकल चुका है! इस विकराल परिस्थितियों में उसके साथ कुछ जोशीले साथी भी कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहे हैं!

हमारा मत है कि अब तक किसी भी राज कॉमिक्स सुपर हीरो की कॉमिक्स में ऐसे मौके विरले ही देखने को मिले हैं,जबकि वो अपने दुश्मनों के साथ-साथ अपने संगी-साथियों के अलावा खुद अपने आप से भी इस बात से अनभिज्ञ है..कि वो जो कुछ भी करने वाला है...उसकी अंतिम परिणीती क्या रहेगी? इसका तात्पर्य यह है कि एक महान व्यक्तित्व जब निजी संबंधो और रिश्तो से बहुत ऊपर उठ जाता है...तभी विश्व रक्षक और विश्व प्रिय बन पाता है!

विश्व युद्ध कि जो विभीषिका पूरे संसार पर कहर बनकर टूट चुकी है...उसको अकेले थामने का ज़िम्मा लिए “आतंक हर्ता” निकलता है-यू एस ए,सऊदी अरब दुबई,रूस,फ्रांस,इटली,मिस्र होते हुए बेबीलोन की धरती पर! इस लम्बे सफ़र में बिना थके और बिना रुके चलता और लड़ता हुआ नागराज कितना भीषण शारीरिक और मानसिक दबाव एवं पीड़ा झेल रहा है..यह आसानी से दिख जाता है!
इस खूनी सफ़र के अंत पर नागराज का सामना है उन्ही से जो उसके अपने प्रिय हैं...यानी इच्छाधारी नाग जाति!
बुरी तरह से टूट चुके और व्यथित नागराज को इस विपरीत परिस्थिति में जब लेखक उसकी माँ ललिता देवी के आँचल की छाँव देते हैं (पेज-52-56) तो यह चार भावपूर्ण पृष्ठ पूरी कॉमिक्स पर भारी साबित हो जाते हैं!

खलनायको की पराजय के प्रसंग आप विशेषांक में पढ़ लीजियेगा!

लेखक ने जिस तरह से कहानी के संवाद लिखे हैं...कहानी के अलग-अलग प्रथक हिस्सों को आपस में एडजस्ट किया है...और पाठको को दुःख के सागर में डुबो दिया है वो अभूतपूर्व है!
(पेज-72-73) विशेष रूप से रेखांकित किये जा सकते हैं...जहाँ मरता हुआ नागराज सौडांगी की गोद में अपनी अंतिम उखड़ती साँसों से विसर्पी को अपने प्रेम के अधूरे शब्द ही दे  पाता है ! नितिन मिश्रा जी ने हर प्रशंसक को भाव विभोर कर दिया !
खैर यह विशेषांक एक्शन और इमोशनल Mixup है! ऊपर आपको पता चल चुका है कि यह कहानी रुलाने में कामयाब रही है..लेकिन हम पाठको को इस बात कि भी 100 % तसल्ली दे रहे हैं..कि यह कहानी जर्मनी में पनपे आतंक के पेड़ को उखाड़ने के अपने मूल कथानक पर भी पूरी तरह खरी उतरी है! वर्ल्ड वार के पूरे होने तक जो कई सवाल अनसुलझे थे..वे सभी “वीरगति” में अच्छी तरह से सुलझ चुके हैं..अब क्यूंकि कहानी पूरी हो चुकी है..तो पाठक टैली करके कहानी में जो समझ नहीं आया..उसको जान सकते हैं...जो इस तरह हैं...

1-      नागराज को जर्मनी बुलाने के लिए “शिकाता गा नई” के अंत में जो विडियो फुटेज दिखाया गया था..वो न्यू वर्ल्ड आर्डर ने क्यूँ दिखाया?
उत्तर- वीरगति- (पेज-39)
2-      1945 में नागांधर की मौत का नागराज के आर्डर का मसीहा होने से क्या ताल्लुक है?
उत्तर- वीरगति- (पेज-26) और (पेज-59)
3-      न्यू वर्ल्ड आर्डर के अंतिम पेज पर नागराज और लेइत्फ़ेन्दे के बीच क्या बातें हुई?
उत्तर- वीरगति- (पेज-30-40)
4-      पेड्रो की भूमिका का खुलासा किया जाए?
उत्तर- वीरगति- (पेज-33)
5-      लोला के पीछे न्यू वर्ल्ड आर्डर क्यूँ पड़ा है?..लोला आर्डर ऑफ़ बेबल ग्रुप से किस प्रकार जुडी है?..उसके हाथ के बर्थ मार्क की क्या कहानी है? और अब वो कहाँ गायब है?
उत्तर- वीरगति- (पेज-68-70)
6-      1945 में सूथसेयेर के पास 2 बच्चे थे...जिनमे एक लार्ड मोर्बिअस बना...हंटर के पास वाला बच्चा कहाँ गया?
उत्तर- वीरगति- (पेज-69)
7-      परम पिता ने जिस निमरोद को बिजली से भस्म कर दिया..वो किस प्रकार आज भी जीवित है?
उत्तर- वीरगति- (पेज-34-35)
8-      OOB में पेज-56 पर बेहोश नागराज को लोला के घर कौन ले गया था?
उत्तर- वीरगति- (पेज-33)
9-      OOB में सबसे पहले हंटर को नागराज को मारने का आदेश किसने दिया था?
उत्तर- वीरगति- (पेज-34)
10-    OOB में पेज-34 पर नागराज को मिले मोबाइल में क्या था?
उत्तर- वीरगति- (पेज-33)
वीरगति ने हमें पूरे अंक देने पर मजबूर किया है..क्यूंकि यह उम्मीद से कहीं ज्यादा बेहतरीन साबित हुई! जितने प्रश्न प्रस्तावित  थे..उससे कहीं ज्यादा उत्तर लेखक से दिए हैं!  


हेमंत कुमार जी अब पूरी तरह से नागराज पर महारत ले चुके हैं..जिसका सुबूत वीरगति में भी मिलता है...एक अच्छे पेंसिलर की यही खूबी होती है..कि वो हर परिस्थिति को बराबर तरह से संभाल सकता हो...हेमंत जी ने जहाँ विश्व युद्ध के शानदार दृश्यों को बनाया है...वही नागराज के अंतिम सफ़र के सभी side characters के साथ emotional चेहरों के हाव भाव पर भी 100% उम्दा काम किया है...ललिता देवी वाले चित्र तो यादगार हैं...इस सीरीज कि सफलता में हेमंत जी का बराबर का योगदान है!
इंकिंग के स्तर से आश्वस्त रहा जा सकता है कि ईश्वर जी बहुत मेहनती आर्टिस्ट हैं...उनका काम प्रशंसनीय है!
राज कॉमिक्स का धन्यवाद कि एक बात फिर से कलर इफेक्ट्स की वापसी कॉमिक्स में हुई है...वीरगति में बहुत परा शक्तियों और युद्ध के दृश्य हैं...उनको प्रभावशाली बनाने में शादाब जी की मेहनत का भी हाथ रहा है!
मंदार गंगेले जी ने शब्दांकन में हर मुख्य पात्र के अनुसार अलग बदलाव किये हैं...जहाँ डायलॉग्स की इंटेंसिटी के हिसाब से Bubbles में भी changes हैं...निमरोद के लिए काले bubbles का उपयोग करना एक अच्छा step था!

सीरीज और समीक्षा दोनों पूरी हुई! यह कॉमिक्स एक बार फिर साबित करती है..कि अंत भला तो सब भला !
आर्डर ऑफ़ बेबल सीरीज पिछले कुछ सालों में आई सबसे बेहतरीन सीरीज साबित हुई! नितिन मिश्रा जी बधाई के पात्र हैं!
इस पूरी सीरीज को खरीदकर जरूर पढ़ें!