Pages

Sunday, 9 November 2014

Tears Of The Sun (2003)

Tears Of The Sun (2003)
Genre- War Action
Cast- Bruce Willis,Monica Bellucci
Link - http://moviesmaza.in/movie.php?id=2498
Plot-  यह कहानी है..A.K. Waters और उसकी टीम की जांबाजी की..जिसमे कई सैनिको ने इंसानियत के लिए अपनी जानें भी कुर्बान कर दी! (y)
नाइजीरिया(अफ्रीका) में तख्तापलट हो चुका है! वहां के अन्दुरुनी हालात इतने ख़राब हैं..कि Guerrilla Forces धर्मान्धता के नशे में चूर होकर ईसाईयों और दूसरी लोकल कम्युनिटीज़ का कत्लेआम कर रही हैं!
इस सबके बीच U.S. Navy SEAL में लेफ्टिनेंट A.K. Waters (Bruce Willis) को अपनी टीम के साथ आदेश मिलता है..कि वो नाइजीरिया में तैनात Dr. Lena Fiore Kendricks (Monica Bellucci), जो एक अमरीकी नागरिक है और कुछ एक पादरी और नन  को सुरक्षित ठिकाने तक पहुचने का!
Dr. Lena जाने से इसलिए इनकार कर देती है..कि वो अकेली जाए और उसके सभी नाइज़िरिआइ आदिवासी मरने के लिए वहां अकेले छोड़ दिए जाएँ!
A.K. Waters पहले सभी आदिवासियों को लेकर चलने के लिए राज़ी होता है..लेकिन एन वक़्त पर हेलीकाप्टर आने पर सबको ले जाने के वादे से मुकर जाता है! और जबरदस्ती Dr. Lena को लेकर उड़ जाता है! रास्ते में अचानक से उसको नीचे हो रहे खून खराबे को देखकर आत्मग्लानि होती है! अपने आला अधिकारियों के आदेश को ना मानकर वो वापस जाता है और अपनी टीम के साथ मिलकर यह तय करता है कि सभी आदिवासियों Cameroon बॉर्डर तक सुरक्षित ले जाया जाएगा!
आगे कहानी में गृहयुद्ध के घातक परिणामो को दिखाया गया है..जहाँ एक कबीले में हैवानियत के मर्मान्तक दृश्य विचलित कर देते हैं! :'(
-------------------------------
Bruce Willis की जितनी फिल्में देखी हैं...उसकी छवि एक ऐसे एक्टर की बन गई है..जिसको असंभव को संभव करके दिखाने में मज़ा आता है! जब भी वो यह कहता है कि वो यह काम 100 % करके दिखायेगा...दर्शको में रोमांच उठ जाता है..कि अब कोई ताकत उसको रोक नहीं सकती! पूरी फिल्म में वही छाया हुआ है!..Monica Bellucci सिर्फ जगह भरने लायक रही! जंगल के बीच की लड़ाई ज्यादा इफेक्टिव नहीं ban पाई है..क्यूंकि उसमे धुंआ और पेड़ इतने ज्यादा थे..कि असल हाथापाई हो ही नहीं पाई! यह एक कमजोर पहलु माना जा सकता है कि फिल्म अपने इमोशनल एंगल्स पर ज्यादा केन्द्रित रहती है! फिर भी यह देखने लायक है!

Thursday, 6 November 2014

Aftab Shivdasani : A View



आफताब शिवदासानी के बारे में जब लिखने का मन हुआ..तो दिमाग में समय काफी पीछे चला गया! 1999 में रामगोपाल वर्मा एक बड़ा नाम हुआ करता था! रामू की फिल्म Mast में एक लड़का बॉलीवुड में कदम रखता है! फिल्म कामयाब थी..और "हुई हुई मैं मस्त" गाने में अपने से ज्यादा उम्र की उर्मिला के साथ नाचता आफताब कूल लगा!
आफताब नज़रो में चढ़ा अपनी दूसरी फिल्म Kasoor से...जो भट्ट कैंप की थी! उस वक़्त लिसा रे के साथ आफताब के हॉट सींस को फिल्म में काफी प्रचारित किया जाता था! वैसे फिल्म अपने कथानक पर अच्छी थी! आफताब ने बहुत अच्छा  काम किया था! पूरी फिल्म में जिस मासूमियत के साथ उसने खूनी होने का अपना राज़ बचाए रखा! और अंत में जो नेगेटिव परफॉरमेंस दी! शानदार थी!
2002 में एक ऐसी फिल्म है जिसको याद रखा जा सकता है Kya Yehi Pyaar Hai जिसमे अमीषा पटेल के साथ आफताब की लव स्टोरी थी...बड़े भाई जैकी श्राफ.. जहाँ आफताब को करियर के लिए ध्यान देने की बात करते थे..उसमे आफताब ने सिर्फ प्यार में पड़े युवा का रोल निभाया था! फिल्म अच्छी थी! और positive सन्देश देती है!
इसके बाद आफताब काफी कम फिल्मो में नज़र आया! जिसमे से Love Ke Liye Kuchh Bhi Karega,Awara Paagal Deewana,Darna Mana Hai, Hungama और Masti ऐसी गिनी चुनी फिल्में हैं..जिनमे उसका काम बढ़िया लगता है! यह 2005 का समय था! और आफताब ज्यादातर multistarer करने लगा था!
आफताब के साथ एक और परेशानी रही..कि उसने रामगोपाल वर्मा के साथ थोड़ी ज्यादा निर्भरता दिखाई! जिसकी वज़ह से फैक्ट्री के बंद होने का असर उसके करियर पर भी पड़ा!  
2006 में आई Mr Ya Miss एक बड़ा हादसा साबित हुई...रितेश और आफ़ताब दोनों के लिए! अंतरा माली तो इस फिल्म के बाद बॉलीवुड से गायब ही हो गई!
आफताब के लिए यहाँ से वक़्त खराब चल पड़ा...फिल्में या तो मिल नहीं रही थी.या जो मिली..उसमे रोल किसी काम का नहीं था...जैसे Shaadi Se Pehle!
ऐसी नाटकबाजी वाली कई घटिया फिल्में करने के बाद आफताब की एक फिल्म हमें बहुत पसंद आई थी...2008 में De Taali
फिल्म कॉमेडी थी...और रितेश देशमुख के साथ आफताब की जोड़ी अच्छी लगती है! लेकिन अफ़सोस ...रिमी सेन और आयशा टाकिया के होने के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लुढ़क गई! 2009 में Kambakkht Ishq करके आफताब ने बहुत बड़ी गलती करी..क्यूंकि अक्षय कुमार के साथ यह फिल्म आफताब के साथ अक्षय के लिए भी घातक रही! :v   
2012 में आई विक्रम भट्ट की 1920 - Evil Returns एक ख़ास दर्शक वर्ग के लिए थी! आफताब का यह सीरियस रोल average रहा! फिल्म की हीरोइन आफताब से ज्यादा काबिल निकली!   
2013 में आई     Grand Masti आफताब को घर बैठे मिल गई..फिल्म में उसकी परफॉरमेंस पर टिप्पणी करना उचित नहीं है!..क्यूंकि यह फिल्म एक्टिंग के लिए थी ही नहीं!  फिल्म देखकर हमें आफताब से निराशा नहीं हुई!
आफताब शिवदासानी में काबिलियत काफी थी...लेकिन उसकी फिल्मो को चुनने की गलतियाँ उसपर भारी पड़ी!
उसने अच्छी फिल्मो से ज्यादा बुरी फिल्में करी है! जिनका कोई नाम भी याद नहीं करना  चाहेगा! ऐसा ज्यादातर हीरोज के साथ होता रहा है! आफताब अब तक बॉलीवुड में टिका है,यह किस्मत की ही बात है!
2012 में उसने Nin Dusanj नाम की लड़की से शादी करी है! ज़िन्दगी में आया यह बदलाव उसकी किस्मत चमका दे, इसके लिए दुआ करी जा सकती है!

Wednesday, 1 October 2014

DRAGON KING

Review : ‪#‎ड्रैगन_किंग‬
Genre : Action-Adventure,Sci-Fi
लेखक/आर्टवर्क : अनुपम सिन्हा
इंकिंग: विनोद कुमार
रंग: बसंत पंडा
शब्दांकन: नीरू,मंदार गंगेले
मुख्य पात्र : नागराज,सौडांगी,महात्मा कालदूत और सुआरा!

Ratings :
Story : 4/5
Art : 4.5/5

‪#‎विश्वरक्षक‬­_नागराज ...ड्रैगन किंग कॉमिक्स से यही नया नाम आपके चहेते महानगर में रहने वाले नागराज को मिला है!
"विश्वरक्षक" यह नाम किसी सुपर हीरो को मिलने का एक ही मतलब निकलता है कि वो किसी एक नगर या देश का ना होकर पूरी पृथ्वी का नायक है..अपितु नागराज का काम करने की सीमा ब्रह्माण्ड से भी परे मिल जायेगी! लेकिन फिलहाल "ड्रैगन किंग" में वो विश्व रक्षा का अपना धर्म ही निभाता नज़र आता है!

"ड्रैगन किंग" इस कॉमिक का यह नाम क्यूँ पड़ा इसके बारे में लेखक ही ज्यादा बेहतर बता सकते हैं..लेकिन "डायनासोर किंग" अगर होता तो कथावस्तु के ज्यादा करीब हो सकता था! जैसे कि कुछ पाठको ने यह सवाल उठाया भी है! ड्रैगन और डायनासोर में एक ही बड़ा अंतर माना जाता है कि ड्रैगन किवदंतियों पर आधारित काल्पनिक जीव होते हैं..जो शायद ही कभी सचमुच जीवित थे..लेकिन डायनासोर का अस्तित्व करोडो वर्ष पुराना था! यानी यह सच में एक प्रजाति थी! खैर हम भी सोच लेते हैं नाम में क्या रखा है..ड्रैगन किंग रख दिया गया तो अब यही रहेगा!
जैसा कि आजकल आ रही ज्यादातर कहानियों के साथ होता है..यह कहानी भी एक बार में शायद ही किसी को पूरी तरह से समझ आएगी...इसलिए 2-3 बार पढना जरूरी था!

‪#‎नागराज‬ के कंधो पर पूरी तरह से कहानी का भार था..वो भी अपनी पुरानी शैली में ही इसमें नज़र आया...फिर भी अपनी नयी और पुरानी दोनों शक्तियों का इस्तेमाल करके भी उसको अंत में काफी जूझना पड़ा! अगर वो दिमाग का इस्तेमाल ना करता तो सिर्फ शक्तियों के बल पर जीतना मुश्किल था! वैसे यह लग रहा है कि उसकी नयी वाली शक्तियों में कमी होने जा रही है..लेखक का यह कदम स्वागतयोग्य है!

ड्रैगन_किंग : सालों बाद किसी नए करैक्टर के बारे में बहुत दुःख हुआ! यहाँ हम लेखक से थोड़े निराश हुए कि उन्होंने इस करैक्टर को मौत दे दी! नागराज कि पूरी सीरीज में ऐसे अनगिनत गधे भरे पड़े हैं..जिन्हें देखने की कोई इच्छा नहीं होती है..लेकिन वो आज भी जीवित हैं...वहीँ जिस प्राणी ने नागराज को यह युद्ध जीतने में मदद करी और शक्ति और सामर्थ्य में महात्मा कालदूत तक को टक्कर देने का दमखम रखता था..वो मार दिया गया! हम सिर्फ यही कह सकते हैं कि ड्रैगन किंग को वापस किसी कहानी में जीवित किया जाए!

‪#‎सुआरा‬ : वैसे वो यह देव नहीं थे..पर नागराज बार बार यही संबोधन कर रहा था..नागराज की नज़र से देखा जाए तो संरक्षक के तौर पर हर व्यक्ति उसके लिए देवता ही है! सुआरा और उसके बीच जो रक्त सम्बन्ध बताया गया है..वो एक नयी चीज़ जुडी है...अब तक नागराज को मानव और सरीसर्प के बीच की कड़ी माना जाता था..मगर अब उसमे Biorobots के DNA भी हैं..यानी उसकी powers में और इजाफा हुआ है!

‪#‎महात्मा_कालदूत‬ : हमने जगह-जगह इस कॉमिक्स के प्रमोशन में सुना था कि इस बार कालदूत नए रूप में आयेंगे और अपने माथे पर लगे धब्बो को धो डालेंगे..मगर जैसे कि उम्मीद थी..बदलाव कुछ नहीं आया...पहले भी पिटते थे..इसमें भी पिट गए!
पहली बात तो यह अब कहानियों में मूक दर्शक से अधिक कुछ लगते नहीं..जितनी इज्ज़त कॉमिक्स के अन्दर इनको दी जाती है..पाठको की दुनिया में यह उतने ही ज्यादा कुख्यात हैं...वैसे इस कहानी में योध्धा कालदूत के रूप में इन्होने काफी अच्छे से खुद के सामर्थ्य का प्रदर्शन किया है..लेकिन ढलती उम्र और बुढ़ापे ने अब इनके हर fighting report card पर Looser का ही ठप्पा हर बार लगाने का निर्णय कर लिया लगता है! अब तो बस यही कहा जा सकता है कि यह बार-बार लड़ाई में उतरकर बेईज्ज़ती झेलने से बेहतर एकांत में अपनी गुफा में बैठे रहे और नागराज को अपनी प्रलय वाली वो अधूरी कहानी सुना दें..जिसका इंतज़ार पाठको को भी बरसो से है!लेखक ने पेज 72 पर इन्ही एक विस्फोट से उड़ा दिया..लेकिन आखिर में पेज 94 पर यह वापस आ गए! जबकि सौरारी कह रहे थे..कि अपने टुकड़े जोड़ने में इन्हें कई घंटे लग जायेंगे! संवाद कुछ और कहते हैं और कहानी में कुछ और दिखाया जाता है! यह अच्छी बात है कि जोशीले संवाद सुनकर पाठको को भी जोश आ जाता है..लेकिन इस जोश को कहानी में भी दर्शाया जाना चाहिए!

‪#‎सौडांगी‬ को जहाँ कहानी में थोडा बेहतर रोल मिला है..वहीँ ‪#‎विसर्पी‬,‪#‎पंचनागो‬ ने निराश किया है! असल में यह उन लोगों में से ही हैं..जो अपने गुरु महात्मा कालदूत के नक्शेकदम पर चलते हैं...अकड़ आसमानी और कसर ज़मीनी!

***Warning : (Mega Spoilers ahead)
आगे वही लोग समीक्षा पढ़ें जिन्होंने कॉमिक्स का लुत्फ़ उठा लिया है! वरना यह हिस्सा SKIP करने "मनोरंजनात्मक पक्ष" से आगे बढें !.
.
.
.
कहानी शुरू होती है..महानगर में स्थित पुरानी पर्वत कंदराओ में पुरातत्ववेत्ताओं द्वारा एक जीव "सुआरा" के जाग जाने से! जैसा कि 90% ऐसे हालत में जागा हुआ प्राणी करता है..महानगर को तोडना शुरू...वही नागराज की heroic entry भी हो जाती है! "सुआरा" को यह तो याद था कि सौरारी कभी पृथ्वी पर नहीं आ सकते..लेकिन वो नागराज को बार-बार "संधक" बोलकर महानगर को तोड़ता रहा! अब आप लोग कहेंगे संधक क्या था! "संधक" वो biorobots थे जिन्हें सौरारियों ने बनाया था! जैसे अंत में आया कापालिक!
सुआरा को नागराज से उलझने कि इतनी जल्दी थी कि उसने इस बात पर ध्यान ही नहीं दिया कि "नागराज संधक नहीं बल्कि मानव है!" (उसकी सूंघने/महसूस करने की शक्ति फिर किस काम की थी)
कहानी के अंत में बताया गया है कि करोडो साल पहले चाँद के टकराने से पूर्व ड्रैगन सिटी के बारे में सुआरा पहले से जानता था...इसलिए उसको जागने के बाद मिश्र के पिरामिडो में जाना चाहिए था..ना कि वहीँ पर तोड़ फोड़ शुरू करनी चाहिए थी!
एक और अनसुलझा प्रश्न मिलता है कि पेज 80 पर लेखक के द्वारा यह बताया गया है कि जब सौरारी छोटे चाँद को पृथ्वी से टकरा रहे थे..तब सुआरा पृथ्वी के चारो तरह अदृश्य कवच का कण्ट्रोल सेंटर स्थापित कर रहा था..वहीँ "ड्रैगन किंग"चाँद को उड़ाने में मशगूल थे! अब यहाँ पर यह तो बताया ही नहीं गया कि पृथ्वी पर अदृश्य कवच का कण्ट्रोल सेंटर और उसका कोड नाम की 2 चीज़ें बनाई गई हैं..यह बात उस बेहद गह्मागेह्मी के माहौल में सौरारियों को कहाँ से और किससे पता चली थी? जबकि वो खुद छोटे चाँद से बड़े चाँद पर भागने में लगे थे! क्यूंकि या तो यह बात सिर्फ ड्रैगन किंग जानता था या सुआरा और दोनों ही सौरारियों के दुश्मन थे! इतने लम्बे वक़्त में सौरारी जिस चीज़ को खोजने में लगे थे..उसका पता उनको चला कैसे था?
वैसे यह कहानी और भी हास्यास्पद लगती है कि जो सौरारी 65 करोड़ वर्षो तक किसी चमत्कार के होने की आस में हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे...वो भी तब जब उनके द्वारा बनाये गए अनगिनत biorobots पृथ्वी पर मौजूद थे..मान लिया जाए कि अगर किसी तरह से उन्होंने यह अंदाज़ा लगा लिया था कि अद्रश्य कवच का कोई कण्ट्रोल सेंटर पृथ्वी पर मौजूद है तो करोडो साल का इंतज़ार करने से ज्यादा बेहतर रास्ता उस सेंटर की खोज करवाना था! क्यूंकि तब तो कोई आधुनिक मानव नाम की चीज़ भी पृथ्वी पर मौजूद नहीं थी..जो उनको रोक सकती.... ऐसा उन्होंने क्यूँ नहीं किया इसपर प्रकाश डाला जाना चाहिए था!

कुछ मित्रो को कहानी में कुछ कमियां लगी..लेकिन हमारे हिसाब से वो कमियां नहीं हैं..उन्हें थोडा सा समझने की जरूरत है!
1- सौडांगी को जो कहानी में उड़ता हुआ दिखाया गया है..उसके पीछे उसका तंत्र-मंत्र का ज्ञाता होना ज़िम्मेदार है..पहले नागराज के साथ उसको उड़ने की जरूरत नहीं महसूस हुई इसलिए उसने कभी उड़ने की शक्ति का प्रयोग नहीं किया..क्यूंकि उड़ने में उसकी तंत्र शक्ति जल्दी क्षरण भी होती है!
2- पेज 12 पर जो "मौत" नाम का सौरारी था वो कोई जीवित व्यक्ति ना होकर सिर्फ एक परछाई थी! यह कुछ वैसी ही चीज़ थी जैसे आपने राजनगर की तबाही कॉमिक्स में IMAGE नाम से देखी हुई है! इसलिए सौरारी कभी भी अपने असली शरीर के साथ पृथ्वी पर नहीं आ सकते थे!
3-पेज-14 पर नागराज अपने शरीर से इच्छाधारी रूप को बाहर नहीं निकालता है..बल्कि वो पहले फ्रेम में सिर्फ कन्वर्ट हो रहा है...और 3 सेकंड के बाद वापस सामान्य हो जाता है! अगर उसकी शक्तियां बढ़ी हैं तो यह भी माना जा सकता है कि पहले के 3 पल अब बढ़कर 5-10 सेकंड भी हो सकते हैं..इसलिए आर्टवर्क से धोखा ना खाइए!
4- एक सवाल और पूछा गया था...कि जब ड्रैगन किंग नागराज को सारी कहानी flashback मे सुनाता है तब वो ये बताता है की जब सौरारियों को ये पता लग जाता है कि ड्रैगन किंग ये समझ गया है ये सौरारी ही हैं जो उसकी प्रजाति को खत्म कर रहे हैं तब सौरारी सभी बायो-रोबोट्स को निष्क्रिय कर देते हैं लेकिन तब सुआरा निष्क्रिय क्यों नहीं होता???
जवाब- ड्रैगन किंग को जब सौरारियों के biorobots कि जानकारी मिलती है तो आनन्-फानन में सौरारी पूरी पृथ्वी पर मौजूद हर biorobot को सुषुप्तावस्था में भेज देते हैं...लेकिन क्यूंकि सुआरा उन सभी का नायक था...और सौरारी इस बात से अनजान थे कि सुआरा पाला बदल चुका है..उन्होंने उसको जानबूझकर निष्क्रीय नहीं किया यह सोचकर कि वो उनकी योजना के क्रियान्वयन में काम आएगा! (पेज-80 को पढ़ें)
.
.
.
‪#‎मनोरंजनात्मक_पक्ष‬ :
कहानी में जो 2-3 तार्किक कमियां मौजूद हैं...अगर उनपर ध्यान ना दिया जाए...यानी कि जैसा कई पाठको का कहना होता है कि कॉमिक्स हमेशा ही बिना दिमाग के पढ़ी जानी चाहिए तो कहानी बहुत जबरदस्त ही है!
ड्रैगन किंग की कहानी बहुत तेज़ गति में चलती है...इसमें सिर्फ एक जगह पर थोड़ी ढीलापन मिलता है वो है मिश्र के पिरामिडो वाला सीक्वेंस! लेकिन ड्रैगन किंग के नज़र आते ही वापस कहानी रफ़्तार पकड़ लेती है!
इसमें "राजनगर की तबाही" कॉमिक्स की तरह ही कई चीज़ें बनाई गई हैं...Image का आना...पृथ्वी के बाहर चाँद के पास परग्रहियों का जमावड़ा जो धरती पर कब्ज़ा करना चाहते हैं! फिर भी यह उस कॉमिक्स का आधा मनोरंजन मात्र ही दे पाती है!
अगर आपको कहानी से ज्यादा मतलब ना होकर सिर्फ एक्शन देखना पसंद है तो कॉमिक्स के रूप में यह बेहतरीन है...नॉन स्टॉप लड़ाई हर पन्ने में मौजूद है! अंत में नागद्वीप पर हुआ हमला और बेहतर बनाया जा सकता था! फिर एक एक से कहानी का अंत हो जाना और सौरारियों को पांसा पलटने का मौका ना मिलना खलता है! ड्रैगन किंग का अंत भी अनुपम जी की हर पूर्ववर्ती आई कॉमिक्स की तरह ही sudden end जैसा है!

‪#‎आर्टवर्क‬:

हालियाँ विश्वरक्षक नागराज की Negatives के बाद यह दूसरी कॉमिक्स आई है..जिसमे विनोद कुमार जी की इंकिंग है...और यह सभी को पता है कि जिस कॉमिक्स के आर्टवर्क क्रेडिट्स में "अनुपम-विनोद" जुड़ जाए..उसका मुकाबला नहीं हो सकता है! इसलिए आप आँख बंद करके इसके आर्टवर्क को पूरे अंक दे सकते हैं और इसके हर पन्ने का लुत्फ़ उठाइए! रही बात एनाटोमी की बारीकी जांचने की....तो उसके लिए कॉमिक्स नहीं पढनी चाहिए बल्कि किसी आर्ट इंस्टिट्यूट में दाखिला लेना जरूरी है और अपनी कला जांचने की ग्रंथि को संतुष्ट करना चाहिए! एक आम पाठक सिर्फ साफ़ सुथरा आर्टवर्क देखना चाहता है..जिसमे उसको आनंद आये...और हमारा दावा है..ऐसा आनंद इस कॉमिक्स में मिलेगा..बाकी जिन्हें यह आनंद नहीं मिल पाया है..उन्हें आगे भी कभी नहीं मिलेगा ..क्यूंकि आनंद भी व्यक्ति देखकर खुद को उसमे समाता है! और नकारात्मक दिमाग भी कभी सकारात्मक चीज़ें ग्रहण नहीं कर सकता! यह बात सच में महान हास्यास्पद लगती है जब कोई व्यक्ति अनुपम-विनोद जी की भारतीय कॉमिक्स के महानतम आर्टिस्ट्स की कला का अपमान करता है!

हालांकि रंग संयोजन में जरूर ज्यादा बेहतर काम होना चाहिए था...जिस तरह के इफेक्ट्स की उम्मीद थी वैसा नहीं मिला है...Negatives की तुलना में यहाँ बेहद साधारण स्तर के इफेक्ट्स हुए हैं! फिर भी हमें लगता है कि इस वाजिब मूल्य पर जो काम मिला है..वो संतोषजनक है! लेकिन यहाँ भी सुधार की पूरी गुंजाइश मौजूद हैं!

‪#‎शब्दांकन‬: सबसे पहले तो हमें कवर पर इस्तेमाल हुए टाइटल के FONT को देखकर प्रसन्नता हुई! ऐसे ही अलग आइडियाज आगे भी जारी रखें!
कॉमिक्स के अन्दर फुसफुसाकर बोलने के लिए Dotted Bubbles का इस्तेमाल पहली बार इसी सेट में हुआ है! ड्रैगन किंग के लिए भी अलग तरह के Bubbles इस्तेमाल हुए हैं! यह कला भी अब हर नयी कॉमिक्स के साथ नए आईडिया लेकर चल रही है! जो स्वागतयोग्य कदम है!
और अंत में

‪#‎Reviewer_Note‬:

अनुपम जी ने एक से बढ़कर एक एक्शन कॉमिक्स बनाई हैं..लेकिन अगर तुलना करें तो ड्रैगन किंग उस ऊँचाई को नहीं छू पाई है..जिसकी आशा थी...लेखक इससे ज्यादा बेहतर और मुश्किल कथावस्तु दे चुके हैं..जैसे "नागराज के बाद" और "हेड्रान सीरीज!" हाँ पढने वालो के लिए इनके अन्दर भी हज़ार कमियां हैं..लेकिन कमियों से ज्यादा अच्छाईयों से यह सभी कॉमिक्स भरी थी!
अनुपम जी को इनसे आगे की हाई लेवल साइंस फिक्शन स्टोरीज लिखनी चाहिए! यहाँ पर भी कई पाठको में मतभेद हो सकता है कि मुश्किल कहानियां क्यूँ लिखी जानी चाहिए?...हमारा तर्क यह है कि एक तरफ नरक नाशक नागराज और आतंक हर्ता नागराज में हम सभी को इस वक़्त बहुत आसान और लगभग पुराने कथानको वाली विषयवस्तु की कहानियां मिल रही हैं....जिन्हें लोग कभी यह नहीं कहते दिखते कि यह तो पुराने जैसा ही है.....पिछले साल भी एक बड़ी चर्चित सीरीज जो सिर्फ अपनी endorcement policy की वज़ह से हिट हुई...नहीं तो कथानक में कमियों की खान थी..उसपर भी कोई चर्चा नहीं करना चाहता..... वहीँ अनुपम जी ही फिलहाल एकमात्र ऐसे लेखक हैं...जो कठिन से कठिन साइंस फिक्शन कहानियों को नई उंचाई दे सकते हैं....पाठक उनसे भी अगर 20 साल पुराने ढर्रे की ही मांग करते रहेंगे तो शायद ही कभी कहानियों में बदलाव आएगा! इसलिए आप पाठक-गण भी थोडा प्रैक्टिकल बनिए..हाई लेवल sci-fi पढने के लिए खुद को तैयार करिए ना की लेखक को ऐसे कथावस्तु लिखने से रोकिये! अभी तक कॉमिक्स को GENRE WISE पढने और लिखने की कोशिश नहीं करी गयी हैं...हमने इसलिए ही अब से समीक्षा को genre के according देने का फैसला किया है..ताकि आप सभी लेखक द्वारा लिखी कहानियां पढने के बाद उनको फिल्मों की तरह व्यवस्थित करके उनकी महत्व को पहचाने और उन्हें ज्यादा करीब से पढना और समझना शुरू करें!
ड्रैगन किंग sci-fi genre में एक संतोषजनक कॉमिक्स है! हम इसको अनुपम जी द्वारा लिखी गई पुरानी कहानियों से एक कदम आगे की रचना तो नहीं कह सकते...लेकिन यह एक नवीन कदम जरूर है!
हमारा काम एक ईमानदार समीक्षा लिखना होता है...वो हमने कर दिया है! पाठको की अपनी पसंद और नापसंद को मापना आसान काम नहीं है...हम सिर्फ कहानी कैसी बनी है ... यह बता सकते हैं...अब वो अलग-अलग लोगों के स्वाद पर खरी उतरी या नहीं यह नहीं कहा जा सकता है!उसी तरह से ड्रैगन किंग से भी निराश लोग यहाँ मौजूद हैं...लेकिन इसके लिए भी कुछ हद तक वही लोग खुद ज़िम्मेदार हैं! अव्वल तो किसी साईट से डाउनलोड करके 1 बार पढ़ी कहानी की अधकचरी जानकारी अपने दिमाग में भरकर यहाँ वहां फैला देना आसान काम लगता जरूर है...पर उससे किसी को हासिल कुछ नहीं होता है! क्यूंकि कहना वही चाहिए जो आप सामने रखकर हजारो लोगों के बीच प्रूफ कर सकें! और अगर आप ऐसा नहीं कर सकते तो गलती लेखक की नहीं है!
बाकी कॉमिक्स सुपरहिट घोषित हो ही चुकी है! जिसकी हमें भी प्रसन्नता है! लेकिन आगे और बेहतर कहानियों की आशा आप सभी की तरह हम भी रखते हैं!


SARV SANGRAM




Review : ‪#‎सर्व_संग्राम‬ (2014)
Genre : Action-Adventure,Sci-Fi,Mytho
लेखक : नितिन मिश्रा
आर्टवर्क : सुशांत पंडा
इंकिंग: विनोद कुमार
रंग: प्रदीप सहरावत,अभिषेक सिंह
शब्दांकन: मंदार गंगेले
मुख्य पात्र : परमाणु,प्रचंडा,तिलिस्मदेव और शक्ति,अडिग एवं युगम!

Ratings :
Story : 3.5/5
Art : 3.5/5

सर्वनायक श्रृंखला का प्रस्तुत तृतीय खंड अपने पहले आये खंडो की तुलना में सर्वथा अधिक रोचक भी दिखाई दे रहा है और गहरा भी! सर्वदमन के अंत तक आप जान चुके थे..कि युगम द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में परमाणु और प्रचंडा बराबरी पर थे! इस भाग में उनके इस द्वन्द का फैसला तो होता ही है तथापि कहानी में अभूतपूर्व घटनाचक्र भी दृष्टिगोचर हुए हैं! आइये जानते हैं कि इस किताब में क्या गूड बातें छिपी हुयी हैं!

‪#‎प्रस्तावना‬:अनश्वरेश्वर
यह शुरुआती 9 पन्नों में है...जो बिलकुल ही अलग कालखंडो में दर्शाई कुछ जटिल घटनाओं की सिर्फ सूचना मात्र तक सीमित हिस्से हैं!
द्वापरयुग में घूमता इतिहास ,वर्तमान में गगन,विनाशदूत और ग्रहणों,और 5099 का बूढा ध्रुविष्य अपनी बेटी के साथ चंडकाल से लड़ते नजर आते हैं! कोई डिटेल लेखक नहीं देते इसलिए ये पन्ने कोई ख़ास टिप्पणी योग्य नहीं है!

‪#‎प्रथम_अध्याय‬ : आत्मशत्रु (काल रण)
कहानी पढने का सबसे मुख्य कारण है यह जानना कि परमाणु और प्रचंडा के बीच आखिर जीत किसकी होती है! यहाँ पर देखना दिलचस्प था कि आखिर लेखक किस तरह से इन दोनों को बराबर रख पाते हैं! और इस बारे में हम लेखक को पूरे अंक देते हैं कि वो सभी को संतुष्ट करने में सफल रहे हैं! परमाणु और प्रचंडा अपने आखिरी पड़ाव में जिस तरह से जूझे और सिर्फ 19-20 के अंतर से इस द्वन्द का विजेता सामने आया! यह सिर्फ लड़ाई ना होकर जिस तरह से पुराने घटनाक्रमों के साथ जुडी परिस्थितियां सामने रखते हुए सब कुछ दिखाया जा रहा है, इसको देखते हुए इस पूरे भाग का लेखन प्रशंषा के योग्य है! लेकिन प्रचंडा के अतीत का हिस्सा अभी भी पूरी तरह से खुला नहीं है! हमें इंतज़ार रहेगा कि लेखक उसको पूरी तरह से सामने लायें!

‪#‎तिलिस्मदेव‬ : शक्ति बड़ी अनजानी है...सपना है, सच है, कहानी है...देखो ये पगली...बिल्कुल ना बदली..यह तो वही दीवानी(महक ) है!
‪#‎शक्ति‬- अक्कड़ बक्कड़ बम्बे बो..80-90 पूरे सौ
सौ जन्मों का प्रण जो लूँ...तिलिस्मदेव हो उड़न छु

तिलिस्मदेव और शक्ति के मध्य हुआ द्वन्द अपितु काफी छोटा था..लेकिन सम्पूर्ण कहा जा सकता है! हमें एक आशंका पहले थी कि जिन पाठको को पूर्व काल के नायको के बारे में जानकारी नहीं है..कहीं उनको कहानी समझने में दिक्कत आ सकती है..लेकिन लेखक ने जिस तरह से पुरानी घटनाओं को दोबारा से स्मरण करते हुए यह प्रतियोगिता दिखाई है..वो अद्भुत सोच का परिणाम है! कौन सोच सकता था कि लेखक चंदा के जीवन के स्याह हिस्से को युगों पुराने तिलिस्मदेव के अतीत से जोड़ देंगे! लेकिन यह करके लेखक ने अपनी उच्च कल्पनाशीलता का परिचय दिया है! हमने यह भाग बहुत पसंद किया है! तिलिस्मदेव और शक्ति के बीच की लड़ाई पर हमारी टिप्पणी यही है कि ये पाठको को कुछ हद तक एक तरफ़ा लग सकती है! जहाँ एक पक्ष ने अपना पूरा पराक्रम दिखाया ही नहीं..और मुकाबला बेमेल सा नज़र आने लगा! पर जिस "पेनल्टी" की बात युगम इसके अंत में करता है..वो शायद आगे प्रतियोगिता का भाग्य बदल दे!
अब अगला द्वन्द है शुक्राल और तिरंगा के बीच !

‪#‎शुक्राल‬: मैं खिलाडी तू अनाड़ी
‪#‎तिरंगा‬ : तू कबाड़ी मैं जुगाड़ी

एक बड़ा पाठक वर्ग मानकर चल रहा है कि यह एक बेमेल मुकाबला होने वाला है जिसमे तिरंगा के जीतने के चांस सिर्फ 10 % हैं! हम भी इस सोच से अलग नहीं हैं! और वैसे भी जिस तरह से शुरू के इन 2 द्वंदों का परिणाम आया है..यह भविष्यवाणी बहुत आसान है कि अगला विजेता कौन होने वाला है! परन्तु लेखक इसको किस तरह से पूरी तरह औचित्यपूर्वक दर्शाते हैं..आगे यह देखना दिलचस्प रहेगा!

तो अब तक आपने जान लिया है कि कहानी के मुख्य बिंदु क्या थे...इनके अलावा कुछ अन्य छोटे हिस्से भी चल रहे हैं...जिसमे एक में नया किरदार "नरकपुत्र रक्ष" जुड़ने वाला है! इसको लेकर सबसे ज्यादा उत्सुकता है..क्यूंकि यह एक ऐसा किरदार लग रहा है..जो आत्मघाती भी हो सकता है!

भीमकाय अडिग के बाद यह दूसरा किरदार इस श्रृंखला की खोज कहा जा सकता है! फिलहाल इसकी सिर्फ एक झलक देखने को मिलती है!
असुरलोक में शम्भुक और शुक्राचार्य कुछ नया गुल खिलाने में चक्कर में हैं..लेकिन महामानव के हिस्से को अभी भी अबूझ पहेली बनाकर रखा गया है!

‪#‎सुपर_कमांडो_ध्रुव‬ : कहानी में ध्रुव अभी तक सारी बागडोर खुद संभाले हुए है...और उसकी सूझबूझ से ही पश्चात काल आगे है...वो अपने सह प्रति द्वंदी शुक्राल और संचालक युगम के हर पैंतरे को विफल करता जा रहा है! लेकिन यह देखना और दिलचस्प होगा कि शुक्राल के सामने तिरंगा को उतारने का उसका निर्णय इस बार किस करवट बैठता है...जिससे ध्रुव अपने आपको किसी भी आक्षेप से बचा सके!

‪#‎समयकाल_की_अनभिज्ञता‬ : सर्वनायक में एक चीज़ जिस पर पाठक अभी ध्यान नहीं दे रहे हैं वो है समयकालो की जानकारी की कमी!
यह प्रश्न अभी उत्तर नहीं खोज पाया है कि आखिर तीनो युगों में चल रहा यह सबकुछ एक साथ ही क्यूँ घटित हो रहा है?

युगम जो कर रहा है वो एक अलग मसला हो सकता है..लेकिन
1- इतिहास का अचानक से एकाएक भूतकाल में पहुँच जाना!
2- महामानव जिस समय काल में है उसका उल्लेख ना होना!
3- हरुओं के बारे वो जानकारी जो कभी वर्तमान के किसी नायक को नहीं रही..उसके बारे में गगन और विनाशदूत को पहले से पता होना!
4- हरूओ की सृष्टि देव और असुर से अलग है! वो उन नियमो को नहीं मानती..जो यह दोनों मानती हैं! कोहराम में आया हरु भी सिर्फ एक उर्जा का रूप था..जिसने मानव का शरीर धारण किया था! वो चाहता तो किसी दूसरे पदार्थ से अपना शरीर बना लेता! खैर महामानव के सामने जो हरु दर्शाए गए हैं..वो भी मानव रूप में हैं! या तो यह एक गलती है...या फिर वो मानव कौन थे जिनके शरीर पर हरूओ का कब्ज़ा है..यह लेखक को बताना चाहिए!
5- पेज 66 पर जो महाखलनायको का जमावड़ा लगा हुआ है..उसका समय काल भी नहीं लिखा गया है! त्रिफना सीरीज के बाद हो रही यह घटना वर्तमान में हुई घटना से पहले कब की है यह बताने के साथ साथ यह भी बताया जाना जरूरी था..कि शाकूरा,सपेरा,मिस किलर,वामन,चुम्बा,ध्वनिराज आदि असंख्य विलेन जो या तो कहीं कैद थे..या अपने ग्रहों पर चले गए थे! एक साथ कैसे कहानी में टपका दिए जा रहे हैं!आखिर हम इन सभी घटनाओं को किस तरह से आपस में जोड़े कि वो पहले आई कहानियों से मेल खा सकें?
6 - अंत में महारावण कहता है कि वो वर्तमान पर कब्ज़ा करने आया है! लेकिन यह निर्णय और जानकारी उसको कैसे हो सकती है कि वर्तमान आखिर है क्या? क्यूंकि महारावण के लिए वर्तमान वो है जिसमे उसने जन्म लिया था..यानी की द्वापर युग! अगर वो कालदूत के समय में अब लड़ने आया है तो यह उसके लिए भविष्य है ना की वर्तमान!
7- एक और अच्छा सवाल है..कि यह मान लिया कि महक का प्रेम युगों युगों से चला आ रहा है और कभी सफलता नहीं पा सका...यह भी सही है कि तिलिस्मदेव अमर हैं...तो अगर लेखक का कथन यह है कि चंदा ही महक का पुनर्जनम् है..तो इसका मतलब यही हुआ कि तिलिस्मदेव भी वर्तमान में जरूर कहीं ना कहीं जीवित होंगे! लेखक ने वर्तमान में मौजूद तिलिस्मदेव को क्यूँ उजागर नहीं किया है!

युगांधर से लेकर अब तक की कहानी में सिर्फ सवाल ही सवाल हैं...और उत्तर देने में कोई प्रोग्रेस नहीं हुई है! इसको हम आलोचना तो नहीं कहेंगे..लेकिन सर्वनायक प्रतियोगिता के अतिरिक्त दूसरी तरफ की सभी कहानियों में जो कुछ भी दिखाया जा रहा है या जाता रहेगा...वो उलझाऊ होने के साथ-साथ मूल कहानी से जुड़ा प्रतीत होने के बाद भी जुड़ा नहीं लग रहा है!
हम एक छोटा सा सवाल और करते हैं..कि सर्वनायक प्रतियोगिता में युगम ने सिर्फ कुछ ख़ास नायको को क्यूँ चुना और बाकी को क्यूँ नहीं चुना?
आईपीएल की तर्ज़ पर खेलकूद प्रतियोगिता जो चल रही है वो हमें भी पता है कहानी का मुख्य केंद्र नहीं है...जिस दिन यह प्रतियोगिता ख़त्म हो जायेगी..उसी दिन दूसरी घटनाओं में जो अबूझ पहेलियाँ हैं..वो सतह पर आकर नए प्रश्न खड़े कर देंगी!
खैर सवाल तो हर भाग में 10 नए बन रहे हैं! अगर लेखक कहानी में साथ ही साथ छोटी छोटी बातों में कुछ के उत्तर भी देते जाएं..तो कहानी ज्यादा मजबूत लगने लगेगी!

एक और तार्किक प्रश्न ने जन्म लिया हमारे दिमाग ने...कि अब तो यह कहानी युगांधर से अब तक 4th पार्ट में आ चुकी है...लेकिन क्या किसी ने ध्यान दिया कि हमारे सभी जोशीले सुपर हीरोज़ ने अब तक इतनी लड़ाइयाँ और कसरत कर ली है...लेकिन युगम ने किसी को पानी तक नहीं पूछा...मतलब कम से कम खाने को ही कुछ दे देता...बेचारे भूखे पेट ही लगातार लडे जा रहे हैं.....इस विषय को ख़त्म करने के लिए एक "सर्व लंगर " का भी आयोजन लेखक को करना चाहिए!

‪#‎आर्टवर्क‬ -

सर्व संग्राम में पिछले भागो कि तुलना में मन को मोह लेने वाला आर्टवर्क है...सुशांत जी और विनोद कुमार जी ने साथ में एक बेहतरीन काम देकर वापस श्रृंखला को जीवंत कर दिया है!
अपितु फिर भी यहाँ उतार चड़ाव मौजूद हैं...35वे पन्ने के बाद आर्ट में गिरावट देखने को मिलती है..फिर 50 वे पन्ने से 65 तक वापस पटरी पर आती है...लेकिन 66वे से वापस डूब जाती है....73वे से अंत तक आर्ट वैसा नहीं रहता जैसा शुरुआत में था!
खैर बीच-बीच में दूसरे आर्टिस्ट्स द्वारा बनाये गए पन्ने बहुत आकर्षक बने हैं! रंग संयोजन भी ठीक ठाक है!
सिर्फ सुशांत जी थोडा और समय लगाकर पूरी किताब में एक जैसा ही चित्रांकन बनाये रखें !

अंत में कॉमिक्स का मनोरंजनात्मक पक्ष :

‪#‎हास्य_पक्ष‬:
वैसे यह कहानी हास्य बोध के लिए नहीं है..लेकिन लेखक ने अपनी तरफ से बीच बीच में कई जगह हास्य का पुट दिया है..युगम जब पेज 44 पर अपने फिल्मों के प्रति प्रेम का प्रदर्शन करता है..तो उसपर परमाणु का कटाक्ष ठहाके लगाने को मजबूर कर देता है!
ऐसे ही युगम द्वारा शुक्राल के ऊपर अवधि को लेकर किये कटाक्ष पर शुक्राल का झेंप जाना और आर्टिस्ट द्वारा दोनों के भावो का सुंदर चित्रण मजेदार है!
ऐसे कई दूसरे पल भी कहानी की सुन्दरता बढाते हैं!

#सर्व_संग्राम में आपको सबसे अधिक मज़ा आर्टवर्क देखने में ही आएगा! इसका तात्पर्य यह नहीं है कि इससे बेहतर नहीं मिल सकेगा...बल्कि यह है कि पहले से आपको बेहतर काम मिला है..इस बात कि ख़ुशी आप महसूस कर सकेंगे!

कहानी के बारे में हमारा यही कहना है कि यह महा श्रृंखला जरूर है..लेकिन अपने मूल से अभी भी अलग है..कोई भी कहानी एक तरफ से शुरू होती है..और एक दूसरी तरफ जाकर खत्म हो जाती है! यह कहानी अब तक ना तो शुरू हुई है और ना जल्दी ख़त्म होने वाली है!
इसमें हो यह रहा है..कि अलग अलग समय में हो रही घटनाओ को एक साथ जोड़कर दिखाया गया है! कहानी वर्तमान में चलती है..और बाकी दोनों काल उसके साथ जुड़ते हैं! यहाँ किसी तरह का कोई नियम मौजूद नहीं है! जैसे चाहे कहानी को चलाया जा रहा है!
पाठको को ख़ुशी यह है कि उन्हें सालो बाद अपने-अपने प्रिय पात्र दोबारा से देखने को मिल रहे हैं! अगर वो एक बार उन पात्रो की आखिरी कहानी और अब दोबारा दिखाई जा रही कहानी के बीच लिंक जोड़ना शुरू करें तो उनके लिए भी हितकर होगा और श्रृंखला के लिए भी!
कहा जाता है कि कहानी को पढने में दिमाग नहीं लगाना चाहिए! बिलकुल सही बात है...कोई भी कॉमिक्स मनोरंजन के लिए पढ़ी जाती है! लेकिन सर्वनायक जैसी कोई भी विस्तृत कहानी को लिखना भी हंसी खेल नहीं है..लेखक ने बहुत मेहनत से इस कहानी को सोचा और लिखा है..उनके प्रयास को पूरा आदर दिया जाना चाहिए! अगर वो आप पाठको के लिए इतना दिमाग लगाकर गूड से गूड तथ्यों पर बारीकी से काम कर सकते हैं..तो उन्ही तथ्यों को आप लोग भी अपने अपने स्तर पर जांचकर संतुष्ट जरूर हों..क्यूंकि यही वक़्त है जब आप चीज़ें बता सकते है,उनपर ध्यान दिला सकते हैं...जो कहानी का अंत आते आते सुलझाई जा सकती हैं. बाकी के प्रश्न-उत्तर तो आगे भी चलते रहेंगे! फिलहाल इस कहानी का लुत्फ़ उठाइये!


Friday, 27 June 2014

SARVDAMAN

कॉमिक रिव्यूः सर्वदमन
मुख्य पात्र: परमाणु,प्रचंडा,
युगम,अडिग
राइटर-आर्टिस्ट- नितिन मिश्रा/धीरज वर्मा
लम्बाई : 94 पन्ने

कहानी:4/5
आर्टवर्क-3/5

जैसा कि हमने सर्वयुगम की समीक्षा में कहा था..कि कहानी शुरूआती हिचकोले खाती हुई अपने अंतिम अध्याय पर जाकर स्थिर हुयी है...तो कहानी वही से आगे बढती है...जिसका पहला पन्ना है-

प्रस्तावना-मुर्दों का मसीहा-
इस अध्याय में दिखते है....प्रेत अंकल वाले इरी के "डिस्ट्रीक्ट की गुफा में हुल्लड़" मचाते सधम...जिसको रोकने में लगे एंथोनी पर पड़ती है, "काउंट" ड्रेकुला की लात!(जो की ताज़ा ताज़ा आया है सभी सिग्नल तोड़-ताड़ के...नर्क वाली गर्लफ्रेंड छोड़ छाड़ के) 2 पन्ने शुरू में 2 पन्ने अंत में.. अध्याय खत्म

प्रथम अध्याय-प्रथम पराजय-

कहानी सर्वयुगम में जहाँ भोकाल-नागराज के द्वंद पर रुकी थी..वहीँ से आगे बढती है...क्यूंकि
"भोकाल का कवच गुलाबी...नागराज की चड्डी गुलाबी!
मैं भी गुलाबी....तू भी गुलाबी...ग्रह भी गुलाबी..गुलाबी यह कहर!!
ऊपर से एक-दूसरे को कूटने और दिल से मोहब्बत के नगमे गुनगुना रहे और एक दूसरे को पटका-पटकी में हराने की जद्दोजहद में एक नायक को विजय मिल ही गयी!
यह भाग पूर्वकाल और पश्चात काल के वीरों के बीच के आपसी मतभेदों को खुलकर सामने लाता है!सभी एक दूसरे से असहमत दिखते हैं!(मैं परेशान..परेशान...परेशान...रंजिशे हैं जवां)
इसी भाग में परमाणु और प्रचंडा के बीच 5 चरण लम्बी प्रतियोगिता भी शुरू होती है!

द्वितीय अध्याय-मृत्यु से परे(भाग-1)
20 पन्नो का यह अध्याय अडिग पर केन्द्रित है....जिसमे वो पिछले भाग का अपना काम यानी..पाषाण राक्षसों से लड़ रहा है...जिसके बाद विस्तृत ब्रह्माण्ड रक्षक उससे द्वंद करते हैं!
कुछ नए सुपर विलेन भी इस भाग से कहानी में जुड़ते हैं!(जो की जीने लगे हैं पहले से ज्यादा)

द्वितीय अध्याय-मृत्यु से परे(भाग-2)
3 पन्नो का यह अध्याय महामानव के लिए है...जो बहुत रहस्यमयी वातावरण में नज़र आया है!
तृतीय अध्याय-पंच तत्व परमाणु-
30 पन्नो के इस अध्याय में परमाणु और प्रचंडा के बीच 3 प्रतियोगिता होती हैं...और विजेता के बारे में जानने के लिए यह भी कम पड़ गया है...अब इन दोनों में "धतिंग नाच" करने का मौका किसको मिलेगा इसके लिए आपको अगले अंक का इंतज़ार करना पड़ेगा!

परिशिष्ट अध्याय-
1 पन्ने के इस अध्याय में पता चलता है..कि भोकाल के मित्रो और भेड़िया के दुश्मनों के बीच लड़ाई शुरू होने वाली है! (क्यूंकि बरबादियाँ...मीठी लगे आज़ादियाँ)

इस पूरी कॉमिक्स में मुख्य बात परमाणु और प्रचंडा के बीच लड़ाई को दिखाना है...लेखक द्वारा दोनों को यथासंभव बराबर का मौका दिया गया...दोनों की कमियां और खूबियाँ सामने रखी गई! कई जगह युगम के असली मकसद की झलक दिखती महसूस होती है...कि यह सभी प्रतियोगिताएं सिर्फ अपना युग बचाने के लिए नहीं अपितु इनका मकसद कुछ और भी है! ध्रुव,नागराज और बाकी नायको के हिस्से में थोडा बहुत ही काम आया है...जो काफी था!

इसके बावजूद यह अभी से नज़र आने लगा है कि पूरी सर्वनायक प्रतियोगिता पहले से फिक्स है...जैसा कि शुक्राल और ध्रुव को अंदेशा है!(लोचा ऐ उल्फत हो गया)..पर यह फ़िक्सर है कौन यह अभी धुंधला है(खुदा खैर है)...जहाँ इस कहानी को पूर्णतया ईमानदार और सिरियस तरह से दिखाया जाना चाहिए...वहां पेज-28 जैसे दृश्य मिलते है...जो कि हास्य हिंडोला स्टाइल में कहानी का मज़ा किरकिरा करते हैं! यह विश्वास के काबिल बात नहीं है कि परमाणु और शक्ति जो की लगभग 15 से ऊपर 2 इन 1 और मल्टीस्टारर में नज़र आ चुके हैं....वो एक दूसरे को अपनी शक्तियों से प्रहार करके अवगत करना चाहते हैं!(खामखाँ) Sugar Daddy बना नागराज अपना एकल निर्णय सुना देता है...और टीम का सबसे कमजोर हीरो तिरंगा सबसे पहले सहमत हो जाता है! (जबरदस्त कॉमेडी)
कहने का तात्पर्य यह है कि सभी हीरोज़ के आपसी व्यवहार में पहले आई कहानियों को देखते हुए सरलीकृत दिखाए...ना की बनावटीपन!

कहानी कुछ प्रश्न छोड़ जाती है...जो शायद आगे पता चले इसलिए फिलहाल उनपर बात करना बेकार है! बात दोबारा कहानी के पात्रो पर लाई जाए!
परमाणु को आयरन मैन की तरह voice Activated Perforater-16 सूट मिलना..और body एक्सपेंशन पॉवर का दोबारा प्रयोग सिद्ध करता है..कि नितिन जी ने पहले पावर्स दे दी हैं..वो भी परमाणु की उन् कहानियों में जो कभी पब्लिश नहीं हुयी और बताया पाठको को बाद में है...यह उनकी लेखन शैली की एक नकारात्मक बात है! अगर देखा जाए तो आयरन मैन की तर्ज़ पर परमाणु को शक्तियां बांटी जा रही हैं...लेकिन यह भुलाया जा रहा है कि "परमाणु" विज्ञान की शक्तियों पर आधारित हीरो है..और विज्ञान की एक सीमा रेखा तय होती है..जिसको पार करा जाए तो वो पराविज्ञान कहलाता है...और कमोबेश परमाणु उसी रास्ते पर चलता नज़र आ रहा है!
आप कैसे इस बात पर भरोसा दिला सकते हैं...कि परमाणु एक छोटी सी पुडिया में पहले Perforater-16 जैसा ऐसा सूट रखे हुए आया है...जो expand करने पर पूरे शरीर को इतनी मोटी परतों में घेर लेता है..जो धरती के कठोर घर्षण के साथ-साथ उस गुरुत्व बल का वेग भी झेल जाएगा जो सतह से नीचे जाने पर लगता है!
इसके बाद दोबारा परमाणु ऐसी ही एक और पुडिया में से Anti-Lava Suit भी निकालता है...जो दोबारा expand करने पर लावे की गर्मी झेल जाता है...वो भी तब जबकि परमाणु ने अपने सिर,पेट और जांघो को नहीं ढका है!
कुल मिलाकर कहा जा सकता है...कि प्रचंडा के सामने परमाणु तिनके के समान ही था...मगर बेईमानी भरी शक्तियों का दोहन करके वो मुकाबले में खड़ा नज़र आता है!(क्यूंकि मम्मी को नहीं है पता)

महामानव को 2 पन्ने इस भाग में देना कहानी में कोई प्रभाव नहीं छोड़ता..(वो यही कह पाया कि इस 2 पन्नो की सुनसान रात में हम...हवन भी कैसे करेंगे)
उसको आगे के भाग में बड़े स्तर पर लाया जाना चाहिए था!

कहानी में एक्शन काफी है..इसलिए इवेंट्स कम हैं! जिस वज़ह से शायद लेखक में कई किरदारों को बीच बीच में फिट किया है! लेकिन इसकी वज़ह से कहानी की रफ़्तार पर बहुत असर पड़ता है...आप पढ़ते हुए हर चीज़ का पूरा मज़ा नहीं ले पाते...क्यूंकि जैसे ही एक जगह पर मज़ा आने लगता है..वहां पर दूसरे इवेंट को शुरू कर दिया जाता है.
उदाहरण के लिए-
1-परमाणु-प्रचंडा की प्रथम लड़ाई जो 38वे पन्ने पर ख़त्म होती है...उसका निष्कर्ष आपको 63वे पन्ने पर मिलता है..बीच में बड़ा लम्बा गैप है!
2-अडिग और किरीगी की लड़ाई भी एक USP बन सकती थी..जो अधूरी रह गई!

वैसे कहानी के Dialogues बहुत शानदार लिखे गये हैं...युगम ने माहौल को हल्का फुल्का बनाये रखा...वहीँ परमाणु ने भी उसके साथ अच्छे शब्द बांटें!...कहानी अब रफ़्तार पकड़ चुकी है...लेकिन अच्छा होता कि प्रचंडा-परमाणु संग्राम का पटाछेप इसी भाग में कर दिया जाता!
4 प्रतियोगिताएं जो अब तक हुई हैं...वो काफी असरकारक थी..बेहतरीन जगहों का चुनाव लेखक ने किया...शानदार तरह से दोनों ने अपनी जोर आजमाइश करी!
 
आर्टवर्क-

सर्वयुगम की तुलना में सर्वदमन का आर्ट थोडा सुधरा जरूर है...लेकिन इसमें धीरज जी का कोई विशेष प्रयास नहीं है...उनका काम पहले की तरह ही है!.. इसको विश्व स्तरीय आर्ट नहीं कहा जा सकता जिसकी उम्मीद हर कोई कर रहा था! सिर्फ किरदारों और बैकग्राउंड की आउटलाइनिंग करी गयी है..बाकी काम और मेहनत करी है...colorist भक्त रंजन जी ने...जिन्होंने यथा संभव पेंसिलिंग को संभाला है...खैर इतना तय हो गया कि बिना इंकिंग का आर्ट धीरज जी को सूट नहीं करता है! उम्मीद है आगे सुशांत जी शायद इस सीरीज को नयी ऊर्जा देंगे !
अगर इस कॉमिक्स का कोई चित्रकार है तो वो भक्त रंजन हैं! नीरू जी का शब्दांकन है!
सर्वदमन में आपको दमनकारी आर्ट तो नहीं मिलेगा..और ना ही कहानी में कोई असाधारण चीज़ मौजूद है...सिवाय परमाणु और प्रचंडा की लड़ाई और कुछ भूले-बिसरे किरदारों की मुहं दिखाई के अलावा! इस बीच के हिस्से को कहानी के साथ चलने दीजिये!
अगले अंक के इंतज़ार में इतिश्री!

Thursday, 26 June 2014

NARAK NIYATI


कॉमिक रिव्यूः नरक नियति
मुख्य पात्र: नरक नाशक नागराज,नागमणि,न
गीना,कालदूत,नियति
राइटर-आर्टिस्ट- नितिन मिश्रा/हेमंत कुमार
लम्बाई : 75 पन्ने 
कहानी:3/5
आर्टवर्क-4.5/5

नरक नियति के कथानक की शुरुआत “बाल नागराज” के कारनामो के चर्चे चहुँ ओर फैलने से होती है..जहाँ वो एक तरफ अपने पिता को ईमानदारों का मुखिया समझता है..वहीँ दूसरी ओर उनके धंधे को नुक्सान भी पहुंचता रहता है! इस सबके बीच वो "नियति" नाम की लड़की की तरफ आकर्षित भी है..जो इस अपनी ही थाली में छेद करने वाले बेटे के पापा नागमणि को पसंद नहीं! इधर नागरत्न को पाने के लिए उसका सामना हो चुका है तक्षिका के साथ!
पूर्व में आई तक्षक कॉमिक्स से एक कड़ी आगे बढाते हुए वर्तमान में नागराज और कालदूत का एक युद्ध छिड चुका है..कारण अभी भी गुप्त है!
खैर यह कहानी की बात थी..मुख्य मुद्दा है...कि नरक नाशक की उत्पत्ति की यह श्रंखला किस रास्ते पर है.
पिछले भाग में आपने जाना था कि कैसे नागराज का बचपन बीता और उसने नागमणि को अपना पिता माना! लेकिन जब वो किशोरावस्था में आ चुका है..तब आपको पता चलता है कि वो बुलडॉग से लड़ता है..इस भाग में शंकर शहंशाह से उसका सामना होने वाला है..जो रेबीज वाले कुत्तों से काटे गए बुलडॉग तक को वापस ठीक करने की ताकत रखता है!
“स्नोकी” का नाम भी आपने सुना होगा..यह सभी आतंक हर्ता नागराज से जुड़े किरदार और विषय हैं! तो बात यह है....कि कुल मिलाकर नए पैकेट में पुरानी चीज़ जैसा मामला बन रहा है...आपकी मांग थी..कि पुराने किरदार वापस आने चाहिए..लेकिन राज कॉमिक्स ने आपकी यह मांग एक parallel हीरो के Origin में इस्तेमाल कर ली है...आपने यह सोचा था..कि नरक नाशक का Origin मुख्य नागराज से अलग होगा..तो आप गलत थे! जिस रास्ते पर नरक नाशक को डाल दिया गया है वो महानगर नागराज और आत्तंक हर्ता नागराज का एक Hybrid Model बन गया है!
अगर आपको याद होगा तो कुछ वक़्त पहले आई जर्मनी सीरीज की कॉमिक्स “वर्ल्ड वार” में भी आपने नागमणि द्वीप देखा है! वहां की कहानी अधूरी छोड़ दी गई थी...वहीँ नरक नाशक पढ़ते हुए आपको वापस वही नागमणि द्वीप मिलता है..लेकिन बिलकुल अलग!
कुल मिलाकर कुछ नया मिलने की सोचना गलत चीज़ हो रही है! नरक नाशक नागराज की जब शुरुआत हुई थी..तो लगा था कि यह एक डार्क वर्ल्ड से उभरा हुआ हीरो है....इसके किरदार का एक स्याह पक्ष सामने आएगा..जो बाकी दोनों नागराज से अलग होगा! लेकिन अभी तक ऐसा कुछ नज़र नहीं आया है...लेखक अपने बनाये नए खलनायक दिखाने के जगह पर Parallel Earth से विलेन ले रहे हैं!
अगर उनसे एक प्रश्न किया जाए कि अगर नागमणि को मिलने से पहले यह नागराज कहाँ था..तो उनका उत्तर निसंदेह महाराज मणिराज और रानी ललिता होगा..और उस स्थिती में खजाना-द्वितीय के लिए तैयार रहना चाहिए!
यहाँ होता यह है...कि आप एक्शन को एन्जॉय नहीं कर पाते...क्यूंकि अगर नागराज और कालदूत की दोबारा हुई लड़ाई में नागराज यह कह रहा है..कि "आपकी दुम पर प्रहार करने से आपकी रीढ़ को सुन्न करके मैं आपको हरा चुका हूँ"...तो आपको ध्यान आ जाना चाहिए कि यही ट्रिक तो "त्रिफना" में इस्तेमाल करी जा चुकी है! अगर वो यह कहता है कि "नगीना के गले की मणि को छीन लेने से जीत होगी"..तो आपको याद आ जाएगा कि यही तो “खजाना” कॉमिक्स में किया गया था! आखिर के पन्नो में बीन सुनते ही नाचने वाला सीन खजाना खोजते "महानगर नागराज" से ही मिलता जुलता बना है!
और अगर कल को नागमणि नागराज को मारने के लिए किसी नागदंत नुमा चीज़ को पेश कर दे..तो अचरज कैसा....शायद ही कोई कहे की उसको कुछ याद नहीं आ रहा..यह सब तो पढ़ा-पढाया है!

पेज-58 पर अपने जीवन में प्रथम बार नरक नाशक के सामने एक देवता प्रकट होते हैं...और उस 15 साल के बच्चे को कोई आश्चर्य नहीं होता...गोया वो रोज ही देवताओं के दर्शन करता रहा हो! अपराध रोकना एक अलग क्षेत्र होता है..और चमत्कार होते देखना एक अलग बात! महानगर नागराज जब पहली बार देव कालजयी से मिला था तो वो भी आश्चर्यचकित रह गया था..पर यहाँ तो वो भी नहीं हुआ!

अब मसला यह कि हमें क्यूँ नहीं लगता कि कहानी का ओरिजिन नयापन नहीं लिए हुए है! यह बात सबको पता है कि parallel Earths का कांसेप्ट RC में अनुपम जी ने शुरू किया था! उन्होंने फुंकार बनाई! उसके बाद हेड्रोन सीरीज में जब कई parallel Earths पर मौजूद कई नागराज दिखाए गए थे..तो उसमे से एक नागराज के ओरिजिन के बारे में भी बताया गया था! जो कि हमारे नागराज से थोडा मिलता जुलता होने के बाद भी काफी अलग था! इस हिसाब से नरक नाशक नागराज भी ऐसी ही किसी दूसरी Earth का हीरो है...अगर उसका ओरिजिन अलग नहीं होगा..तो मजबूरी में उसके सहायक पात्र भी वैसे के वैसे दिखाने पड़ेंगे जैसे वो Original series में हैं...जैसे की महात्मा कालदूत! यानी 3 सीरीज और 3 नागद्वीप! लेखक के पास भी मौका है कि वो अपने original Ideas कहानी को देंगे! वरना अभी तक तो यह सिर्फ नागराज की WTS एवं अनुपम जी के लिखे हुए पुराने खजाने का ही रूपांतरण नज़र आ रहा है!

हमें व्यक्तिगत तौर पर नरक नियति से निराशा हुई है! हमें लगा था कि यह एक नयी कहानी से निकला नया अनुभव साबित होगी..पर ऐसा नहीं दिखता!
कहानी ऐसा नहीं है कि बेतरतीब हो....नियति और नागराज के बीच के सभी सीन उम्दा लिखे गए हैं....लेकिन वहां भी नयेपन की कोई गुंजाइश नहीं थी! सिर्फ एक बात की उत्सुकता यह कहानी बनाती है..वो है नागमणि के साथ मौजूद गुप्त व्यक्ति कौन है?
आर्टवर्क-
 पिछले भाग की तरह ही प्रशंसनीय है! हेमंत जी अब नागराज सीरीज में घुलमिल से गए हैं!

आप इस कहानी का आनंद पूर्व के स्वर्णिम कॉमिक युग को दोबारा याद करते हुए ले सकते हैं! लेकिन नए हीरो की नयी कहानी के तौर पर निराशा मिलती है!

Wednesday, 25 June 2014

ALAADIN

कॉमिक रिव्यूः अलादीन
पात्र: सुपर कमांडो ध्रुव,श्वेता,रा
जन मेहरा,मुख्य खलनायक
राइटर-आर्टिस्ट- अनुपम सिन्हा
लम्बाई : 44 पन्ने

कहानी:2/5
आर्टवर्क-4.5/5
वक़्त वक़्त की बात है...."अलादीन" नाम तो पुराने समय का है...मगर कहानी स्मार्टफोन इस्तेमाल करते आज के युग के खलनायक के बारे में है! यह खलनायक वीडियो गेम्स का धुरंधर खिलाड़ी है! ऐसे खिलाडी के सामने हमारा ध्रुव बच्चा ही होना चाहिए..क्यूंकि ध्रुव को गेम्स में हाथ आजमाते शायद ही किसी ने देखा हो! मगर ध्रुव के पास एक काबिल बहन है...श्वेता! इतना बड़ा ट्रम्प कार्ड हाथ में होने की वज़ह से उसने हमेशा बहुत सी लड़ाइयाँ आसानी से जीती हैं...और अलादीन भी इससे कुछ अलग नहीं है!
अब कहानी क्या है...इसमें दिमाग लगाने लायक कुछ मिलता नहीं....पहली बात तो आपको गेम्स का शौक होना जरूरी है..तभी इतने टेक्निकल नामो को हज़म कर सकेंगे...वरना आपका हाल भी कॉमिक्स में दिखाए गए पुलिस इंस्पेक्टर से अलग नहीं होगा!
असल में कहानी में जो रहस्य बनाने की कोशिश होती है...वो बहुत बचकाना है....कहानी की शुरुआत में ही आप सोच लेंगे कि असली खलनायक कौन है? अब आगे क्या पढना चाहते हैं? कहानी इसमें कहीं मिलेगी ही नहीं!
है तो सिर्फ ऐसा एक्शन जिसपर वही विश्वास करेगा जो कोरा अंधविश्वासी हो!
ध्रुव की ज़िन्दगी में इस कहानी का कोई महत्व नहीं दिखता है....यह उसके 2 दिनी भाग दौड़ वाले एक रद्दी केस से ज्यादा कुछ नहीं है! जिसको याद रखना भी मुश्किल है...यकीन ना हो तो खुद से पूछिए कि आप कितने दफा बार बार इसको पढना चाहते हैं.... पहली बात तो यह समझ से बाहर की बात है...कि क्यूँ ध्रुव को दोबारा से "मुझे सब पहले से पता है" टाइप बनाने की कोशिश इसमें हुई है....आप अपनी हंसी रोक नहीं सकेंगे जब पेज-36 पर खलनायक आराम की मुद्रा में जश्न मनाता दिखता है...और अगले ही पन्ने में ध्रुव बड़े आराम से पैदल चलकर आते ही उसके चेहरे का मास्क उतार देता है! अगर 100 से ऊपर केस सोल्व करने के बाद भी अब इतनी ही आसानी से सब कराया जाना है...तो इसमें रोमांचक कुछ भी नहीं है! इसके अलावा गौर करियेगा...आप महसूस कर सकते हैं..कि यहाँ पर कहानी को जबरदस्त एडिटिंग से गुजारा गया है...और एकदम से क्लाइमेक्स डाल दिया गया!...आप एक ऐसी कहानी से उम्मीद क्या करेंगे जो मनोरंजन के पक्ष में विफल साबित होती है!
कहानी के अंत पर दोबारा गौर करिएगा.....ध्रुव अपने स्टार ट्रांसमीटर में लोडेड एंटी-वायरस को मेन कण्ट्रोल सेण्टर के ऊपर मौजूद एक सुराख से अन्दर डाल देता है....एक धमाका और विलेन हार गया!
इस दुनिया में ऐसी कौन सी तकनीक ईजाद कर ली गयी है...जो एक प्रोग्रामिंग सॉफ्टवेयर को हार्डवेयर में सिर्फ फेंक देने से इतना सटीक रेस्पोंस दे रही है? की पूरा हार्डवेयर नेटवर्क बर्बाद हो गया!
अगर यहाँ कंप्यूटर वायरस का इस्तेमाल करना है..तो उसका इस्तेमाल विषाणु की तरह क्यूँ करा गया? जो तुरंत बीमारी को दूर कर देता है!
अनुपम जी की कहानियां मनोरंजन देने के मामले में लगातार मुहं की खाती जा रही हैं....कहानियों एक मात्र उद्देश्य सिर्फ एक्शन परोसना रह गया है जबकि ध्रुव अपने कथानक के बल पर पॉपुलर बना है!

आर्टवर्क-
यह अकेली ऐसी चीज़ है...जिसको आँख मूंदकर पसंद किया जा सकता है! उम्दा

"अलादीन" ध्रुव के जुनूनी पाठक को कुछ ऐसा नहीं देती जिसपर आनंदित हुआ जा सके!...यह बात अलग है कि पाठक अनुपम जी का ध्रुव चाहते हैं... उनकी मुराद पूरी करती है ....पढ़ लीजिये..और नैनो का इंतज़ार करिए!